Monday, September 7, 2020

अँधेरे में - निर्मल वर्मा (Andhere Mein by Nirmal Verma )


बीच की तीन पगडंडियों को पार कर बानो आती थी। आते ही पूछती थी, “कुछ पता चला?” मेरा मन झूठ बोलने के लिए मचल उठता। सोचता, कह दूँ-“हाँ, पता चल गया..हम दिल्ली जा रहे हैं।“ लेकिन बानो झूठ ताड़ जाएगी, इसलिए आँखें मूँदे रहता।

बानो मेरे माथे पर हाथ रखती। जब उसका हाथ ठंडा लगता, मैं जान जाता कि अभी बुखार है, जब गरम लगता तो मन उल्लसित हो उठता। आँखें खोलकर पूछता-“कैसा लगता है बानो? और बानो निराश भरे स्वर में कहती, “अभी तो कम है, लेकिन शाम तक जरूर चढ़ जाएगा।” बानो समझती थी कि जब तक बुखार रहेगा, हम उसके संग शिमले में ही रहेंगे- बुखार उतरने लगता, तो उसे निराशा होती। जब कभी बानो की आहट मिल जाती, मैं जान बूझकर पास रखे ठंडे पानी से अपना माथा रगड़ लेता। जब वह आती तो उसका हाथ अपने माथे पर रखकर पूछता, “देखो तो बानो, कितना ठंडा है।“ बानो गुमसुम-सी खिड़की के बाहर देखती रहती।

खिड़की के बाहर नीले जंगल हैं, ऊँची-ऊँची पहाड़ियाँ है, पेड़ों के घने झुरमुट हैं। जब हवा का झोंका परदे को डुलाता हुआ भीतर आता है, दूर दिगंत की एक स्वप्निल-सी खूशबू कमरे में बिखर जाती है।

“इन पहाड़ों के पीछे दिल्ली है, है न बानो?”  मैं पूछता।

बानो ने चुपचाप सिर हिला दिया- उसे दिल्ली की बातों में कोई दिलचस्पी नहीं थी। कभी-कभी मुझे उस पर काफी तरस आता- उस बेचारी ने अब तक दिल्ली नहीं देखी थी। उसके अब्बा का दफ्तर बारहों महीने शिमले रहता  था।

“मैं आज गयी थी-अपने घर,” बानो ने कहा। जिस ‘अपने घर’ का नाम सुनकर मैं सबकुछ भूल जाता था, आज उसके प्रति मेरे मन में कोई उत्सुकता नहीं जगी।

“मेरे अलूचे तुम ले लेना… बानो,” मैं आँखें मूँदे लेटा रहा।

“तुम्हारे गले-सड़े अलूचे कौन खाएगा, जब दिल्ली जाओगे, अपनी पोटली में बाँधकर ले जाना।“ बानो खीजकर बाहर बरामदे में भाग गयी।

मुझे गुस्सा लगा। लेकिन बीमारी में गुस्सा भी टूटा-फूटा आता है, कोई भी भाव अंत तक नहीं पहुँच पाता, बीच रास्ते में ही सूख जाता है। जब रोने को जी करता है, तो रोना नहीं आता, आँखें ही बिफरी-सी रह जाती हैं। जब खुशी होती है, तो दिल तेजी से नहीं धड़कता, केवल होंठ काँपकर रह जाते हैं।

इन दिनों मेरे कमरे में आने से पहले बानो की तलाशी ली जाती थी कि कहीं वह खट्टे अलूचे और कच्ची खूबानियाँ लुक-छिपकर भीतर न ले आए। उसके दुपट्टे के सिरे में नमक-मिर्च की पुड़िया बंधी रहती-बीमारी से पहले अलूचों को उनमें भिगोकर हम चटनी बनाया करते थे।

बानो ने जिसे अभी ‘अपने घर’ कहा था, वह पड़ोस में एक भुतहा मकान था, जो बारहों महीने खाली-उजाड़ पड़ा रहता रहता था। कहते थे, वहाँ एक मेम ने अपने हाथों से अपने को जान से मार लिया था। उस मकान का एक कमरा गुसलखाने में खुलता था- वहीं मैं और बानो अपनी कच्ची-पक्की खूबानियों और अलूचों का खजाना छिपाकर रखते थे। यह एक गुप्त व्यापार था, जिसकी खबर अभी तक किसी तीसरे व्यक्ति के कान में नहीं पड़ी थी।

बानो बाहर बरामदे में देर तक झूला झूलती रही। जब वह झोटा लेकर झूला ऊपर लाती है, उसकी सलवार गुब्बारे-सी फूल जाती है। झूले को ऊपर-नीचे घूमता देखते हुए मेरी आँखें झपकने लगीं। कब आँख लग गयी, याद नहीं आता। सपना आया था। दुपहर को सोते हुए जो सपना आता है, वह मुझे हमेशा याद रहता है। दफ्तर से बाबू के टिफिन लेने के लिए चपरासी आया है। उसने हँसते हुए बताया है कि हम दिल्ली जा रहे हैं। भुतहा मकान के कमरे की खिड़की से बानो मेरे अलूचों को बाहर फेंक रही है, और दूर पहाड़ियों में कालका-शिमला की रेल में वही मेम बैठी है, जिसने आत्महत्या की थी। बानो जो अलूचे बाहर फेंटी है, रेल के डिब्बे से वही मेम खिड़की से हाथ बाहर निकालकर उन्हें पकड़ती जा रही है।

जब मेरी आँख खुली तो बानो कब की जा चुकी थी।

शाम को माँ चाय लेकर आयी, तो मैंने पूछा-“चपरासी आया था?” माँ ने हैरान होकर कहा, “हाँ, आया था, क्यों?” “कुछ कहता था?” मैंने पूछा। माँ ने कहा, “नहीं-क्यों, क्या बात है?” मैं कुछ नहीं बोला और तकिये के सहारे अधलेटा-सा चाय पीने लगा।

माँ ने थर्मामीटर लगाकर देखा, फिर झटक दिया। पहले मैं अपना बुखार पूछ लिया करता था, किन्तु जब देखा कि माँ झूठ बताती हैं, तो पूछना छोड़कर केवल उनके चेहरे को पढ़ने की कोशिश किया करता था। कभी-कभी माँ मेरे गंभीर चेहरे को देखकर कहतीं-“जल्दी ठीक हो जाओ, फिर दिल्ली चलेंगे।“ वह इस निश्छल, हल्के ढंग से कहतीं, मानो ठीक होना मेरे वश की बात है, जैसे मैं जान बूझकर जिद किए हुए बीमार पड़ा हूँ और वह मुझे ठीक होने के लिए फुसला-मना रही हैं। इससे मुझे गुस्सा आता और मैं करवट बदलकर खिड़की की ओर मुँह मोड लेता। किन्तु उन्हें काफी देर तक पता नहीं चला कि मैं गुस्सा किये हूँ। मैं अपने पाँव ऐंठ लेता, दोनों हाथों की मुट्ठियाँ बंद कर लेता और दांतों को भींचता हुआ जोर-जोर से साँस लेने लगता। माँ जो खिड़की से बाहर देख रही होतीं, एकदम घबरा उठतीं। मेरे चेहरे को देखतीं, फिर एक ठंडी साँस लेकर सिरहाने बैठ जातीं। न जाने मैं कैसे जान लेता कि वह मेरे अभिनय को भांप गयी हैं। किन्तु ऊपर से वह कुछ नहीं बतलातीं… धीरे से आलमारी से कैडबरी चाकलेट निकालकर मेरे तकिये के नीचे रख देतीं। “बाबू को मत बताना,” उन्होंने मेरे बालों को उँगलियों से सहलाते हुए कहा। दूसरे क्षण वह मुझे भूल गयीं। उनकी उँगलियों के अनिश्चित, अर्ध-सोये स्पर्श से मुझे पता चल जाता है कि वह स्वयं मुझसे कोसों दूर खो गयी हैं। चाकलेट जो मुझे दी है, वह मुझे रिझाने को नहीं, बल्कि मुझसे छुटकारा पाने के लिए, जिससे वह बिना किसी विघ्न-बाधा के अपने में सिमटी रह सकें। ऐसे क्षणों में मैं चुपचाप उनकी ओर देखता रहता। वह नहीं जानतीं कि मैं उनकी ओर देख रहा हूँ। उनके चेहरे के बल ढीले पड़ जाते, सब उतार-चढ़ाव मिट जाते और एक शून्य-सी समतलता बिछ जाती। मुझे लगता जैसे उनकी आँखों में सूखी तपिश की  गरमाई-सी फ़ाइल गयी है, किन्तु दूसरे ही क्षण भ्रम होता कि उनमें धुंधला-सा गीलापन है, जो चमक रहा है। मुझे अक्सर यह खुशफहमी होती कि वह मेरी बीमारी के संबंध में सोच रही हैं-हालांकि भीतर-ही-भीतर मुझे मालूम था कि ऐसे क्षणों में उनके ख्यालों से मेरा दूर का भी वास्ता नहीं है।

तब मैंने धीरे-से उनके हाथ पर अपना हाथ रख दिया। वह एकदम हड़बड़ाकर चौंक गयीं। मुझे लगा जैसे मैं उन्हें जबर्दस्ती कहीं बहुत दूर से खींच लाया हूँ। वह मुझे कुछ देर तक घूरती रहीं। फिर अचानक मेरे होंठों को चूम लिया। मैंने कमीज की बांह से अपने होंठों को पोंछा, वह मुस्कराने लगीं।

“बच्ची, एक बात पूछूँ?

“क्या?”

“अगर मैं कहीं चली जाऊँ, तो क्या तुम मुझे समझोगे?”

माँ अपलक एकटक मुझे देख रही हैं।

 “क्या मैं भी तुम्हारे संग चलूँगा?”

“न”-उन्होंने सिर हिलाया।

 “बाबू के संग जाओगी?”

“न”

“फिर?” मैं विस्मित-सा उनकी ओर देखता रहा।

वह हँसने लगीं और मेरे संग पलंग पर लेट गयीं।

मैंने अपने गाल उनके गालों से सटा लिए। माँ बहुत खूबसूरत हैं। घर में सब उनसे डरते हैं; मुझे कभी-कभी काफी आश्चर्य होता है कि उनमें कौन-सी ऐसी बात है जो सबको इतना आतंकित किए रहती है। वैसे डर मुझे भी लगता है-उनकी आँखों से, जब वह मेरे पास बैठकर मुझे देखती हैं।

मैं बहुत दिन पहले बाबू के संग उनके एक मित्र के घर गया था। वापिस आते हुए हमें पहाड़ी नाले के संग-संग ऊपर चढ़ना पड़ा था। ऊपर आकर हम पेड़ों के घने अँधेरे झुरमुट के बीच कुछ देर के लिए सुस्ताने खड़े हो गए थे। मैं उस जगह की वीरान चुप्पी से डर गया था।

आज जब कभी मैं माँ की आँखों को देखता हूँ, तो न जाने क्यों मुझे उस रात जंगल के झुरमुट का घना-घना-सा अँधेरा याद आ जाता है।

संगमरमर-सी चिकनी सफेद उनकी बाँहें हैं, जिन्हें मैं शरमाते-शरमाते छूता हूँ। वह अपने बालों को बहुत कसकर बाँधती हैं, इसलिए उनका माथा इतना चौड़ा दिखायी देता है। बालों के बीचोंबीच सीधी मांग है-जिसे देखकर मैं उदास हो जाता हूँ। उनके कान बहुत छोटे-छोटे हैं, गुड़िया के कानों-से-जिन्हें वे अपने बालों के भीतर छिपाये रखती हैं। जब कभी वे मुझसे सटकर लेटती हैं, मैं उनके कानों को बालों के भीतर से निकाल लेता हूँ। मुझे बानो की बात याद आती है, और मेरे सारे शरीर में एक हल्की-सी झुरझुरी फैलने लगती है। “जिनके कान छोटे होते हैं,” बानो ने एक दिन कहा था, “वे लोग बहुत जल्दी मार जाते हैं।“ मैंने यह बात माँ को नहीं बतायी है, सोचता हूँ, जब वह मरने लगेंगी तो कह दूंगा कि वह अपने छोटे-छोटे कानों की वजह से ही मर रही हैं।

कभी-कभी मुझे लगता है कि उन्हें मेरी बीमारी की विशेष चिंता नहीं है। मुझे लगता है कि वह यह भी भूल जातीं हैं कि मैं बीमार हूँ। एक दिन जब मैंने केक खाने की इच्छा प्रकट की, तो उन्होंने बुआ अथवा बाबा की तरह मेरी नाजायज मांग का कोई विरोध नहीं किया। चुपचाप आलमारी से केक का एक टुकड़ा तश्तरी पर रखकर मेरे सामने धर दिया और खुद आँखें मूंदकर कुर्सी पर लेटी रहीं। मुझे कुछ बुरा लगा और केक खाने की मेरी इच्छा उसी क्षण मर गई। मुझे भी था कि कुछ भी कहा लेने से मेरी बीमारी लंबी हो जाएगी, और तब दिल्ली जाने का दिन और भी पीछे टल जाएगा।

मुझे मालूम है-माँ दिल्ली नहीं जाना चाहतीं। इसका कारण मुझे आज भी समझ में नहीं आता, किन्तु एक बार उन्होंने यह बात बीरेन चाचा से कही थी।

कभी-कभी चोरी-चुपके से मैं माँ के कमरे में जाता हूँ। पिछले कुछ महीनों से माँ और बाबू अलग-अलग, अपने-अपने कमरों में सोते हैं। पहले मुझे यह बात कुछ अजीब-सी लगी थी-किन्तु कुछ चीजें हैं, जिन्हें मैं किसी से नहीं पूछता, मन का एक कोना है, जिसमें सबकी आँखों से छिपाकर उन्हें दबा देता हूँ।

माँ का कमरा छज्जे के अंतिम सिरे पर है। मुझे अपने कमरे से उनके कमरे की दो खिड़कियां दिखाई देती हैं-खिड़कियों के बीच दीवार का छोटा-सा टुकड़ा है, जिस पर, पत्तों की जालीदार छाया हर शाम सिमट आती है। कभी-कभी खिड़की का नीला पर्दा उड़कर दीवार से चिपक जाता है, तब पत्तों की जाली दीवार से उठकर परदे पर मँडराने लगती है। खुली खिड़की से माँ का सिर दिखायी देता है। जब वह सिर जरा ऊपर उठाती हैं, तो धूप में उनका जूड़ा सुनहरा-सा होकर चमक उठता है। मैं समझ जाता हूँ, माँ खिड़की के पास कुर्सी पर बैठी पढ़ रही हैं।

मैं कई बार माँ के कमरे में गया हूँ-सोफ़े पर, उनके पलंग पर तकिये के पास, पलंग के नीचे किताबें बिखरी रहती हैं। माँ को शायद बहुत कम नींद आती है-रात को अनेक बार मैंने उनके कमरे में बत्ती का प्रकाश देखा है। सोचता हूँ, वह इन्हीं किताबों को पढ़ती रहती होंगी।

एक बार मैंने कोई किताब खोली थी, उस पर छोटे-छोटे, टेढ़े-नीले अक्षरों में बीरेन चाचा का नाम लिखा था-मैं मंत्रमुग्ध-सा उन अक्षरों में खो गया था। बाद में वह नाम मैंने माँ के कमरे में रखी अनेक किताबों पर देखा था।

मुझे बीरेन चाचा की छोटी-सी कॉटेज याद आती है, जहाँ एक दिन मैं माँ के संग गया था। एक बड़े कमरे में छत तक किताबें चुनी रखी थीं। हर शेल्फ के नीचे छोटी-छोटी सीढ़ियाँ खड़ी थीं, जिन पर चढ़कर किताबों को उतारना पड़ता था। दूसरे कमरे में टेढ़ी-मेढ़ी बेडौल शक्लों के अजीब चित्र टंगे थे, जिन्हें देखकर मैं स्तंभित-स खड़ा रह गया था। बाबू बताते हैं कि लड़ाई से पहले बीरेन चाचा ने इन चित्रों को यूरोप में खरीदा था। मुझे बीरेन चाचा पर कभी अचंभा होता, कभी दया आती- वह बारहों महीने सर्दी, गर्मी में इस निर्जन, अकेले मकान में कैसे रह पाते होंगे।

बाबू के मित्रों में शायद बीरेन चाचा का स्थान सबसे अलग है। बाबू केवल उनके संग मेरे कमरे में चाय पीते हैं-उनके अन्य मित्र बाहर बैठक में बैठते हैं। जब वह आते हैं, उस शाम मुझे जल्दी सोने के लिए मजबूर नहीं किया जाता- देर तक मेरे कमरे में ही बातचीत होती है। मेरे लिए ये रातें बहुत सुखद होती हैं।

एक शाम बीरेन चाचा जब हमारे घर आए, तो उनकी वेशभूषा देखकर उन्हें एकदम नहीं पहचान सका। घुटनों तक लंबे बूट, कंधे पर खाकी थैला, दूसरे पर कैमरा और सिर पर सोला हैट—इस पोशाक में उनकी छोटी-सी दाढ़ी बड़ी बेमेल और कृत्रिम लग रही है। पैंट की दोनों जेबों में किताबें ठूंस रखी थीं।

वह मेरे पलंग के पास आए और मुझसे हाथ मिलाया। वह मुझसे ऐसे पेश आते हैं, जैसे मैं बीमार हूँ ही नहीं, और न कभी मेरी तबीयत ही पूछते हैं।

माँ पास की कुर्सी पर बैठी बुन रही थीं—एक बार उन्होंने बीरेन चाचा को देखा और फिर सिर झुका लिया।

उन्होंने बताया कि वह एक रात के लिए कुफ़री जा रहे हैं, रेस्ट हाउस में ही ठहरेंगे और अगले दिन शाम तक वापिस लौट आएंगे।

“कहते हैं, रेस्ट हाउस का चौकीदार बड़ा काबिल आदमी है। वह पिछले तीस साल से कुफ़री में रह रहा है-उसे शायद कुफ़री के बारे में बहुत-सी बातें मालूम होंगी,” बीरेन चाचा ने कहा।

माँ के चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान सिमट आयी, मानो उनकी आँखों में बीरेन चाचा की बात रत्ती भर मूल्य नहीं रखती।

“इस तरह के इंटरव्यू तुम कितने बरसों से ले रहे हो।“ माँ ने आँखें झुकाए बुनते हुए कहा।

“ओह, तुम्हें विश्वास नहीं होता-लेकिन तुम्हें मेरे नोट्स देखने चाहिए।“ बीरेन चाचा की नीली आँखें चमक उठीं। वह जब कभी अपनी किताब ‘शिमला का इतिहास’ का जिक्र छेड़ते हैं, माँ ऐसे ही हँसती हैं।

“कभी-कभी इस किताब के सिलसिले में खोज करते हुए अजीब चीजें मिल जाती हैं।“

“कैसी चीजें, बीरेन चाचा,” मैं बीरेन चाचा की किताब के बारे में काफी उत्सुकता दिखलाता हूँ। मुझे मालूम है, इससे उन्हें काफी प्रसन्नता होती है।

 “एक बहुत पुरानी फोटो मिली थी-किसी अंग्रेज ने ली होगी।“

“क्या था फोटो में?” इस बार माँ की आँखें सलाइयों से ऊपर उठ जाती हैं।

“रेसकोर्स की भीड़ दिखाई गई है….  बहुत-से लोग भीड़ में खो गए हैं, लेकिन एक अंग्रेज लड़की का चेहरा बिल्कुल साफ दिखता है-वह पवेलियन के पास छाता लिए खड़ी है-जबकि और सब लोगों की आँखें भागते हुए घोड़ों पर जमी हैं… वह गहरी उत्सुक आँखों से पीछे की ओर देख रही है—उसका इस तरह पीछे मुड़कर देखना मुझे काफी अजीब-सा लगा।“

बीरेन चाचा अचानक चुप हो गए-माँ के हाथों में सलाइयाँ चलती-चलती ठहर गयीं।

“फोटो के नीचे लिखा था—“एननडेल, शिमला, 1903… पचास साल गुजर गए और वह वैसे ही छाता लिए पीछे मुड़कर देख रही है..।“

बीरेन चाचा धीरे-से हँसने लगे, मानो उन्हें अपनी बात काफी बेतुकी-सी जान पड़ी हो। माँ गुमसुम-सी उनकी ओर देख रही हैं और मुझे आश्चर्य होता है कि बीरेन चाचा कभी-कभी इस प्रकार की अर्थहीन-सी बातें क्यों करते हैं।

“कभी-कभी मैं सोचता हूँ कि लोगों की अपेक्षा शहरों की कहानी लिखना बहुत कठिन है—मेरे पास शिमला के बारे में इतने पुराने फोटो नोट्स, किताबें, टूरिस्टों के यात्रा-लेख जमा हैं, किन्तु मुझे लगता है कि मैं किताब शायद कभी नहीं लिख पाऊँगा।“

 “क्यों?” माँ ने पूछा।

“शहर… हर शहर—अपने में हमेशा इतना चुप जो रहता है।“ बीरेन चाचा उठ खड़े हुए—धीरे से उन्होंने मेरा माथा छुआ।

“रास्ते में डॉक्टर मिले थे-कहते थे, दो-चार दिनों में तुम घूमने-फिरने लगोगे।“ उन्होंने तनिक झुककर मुझसे कहा।

“जरा बैठ जाओ-देखूँ, तुम्हारा फोटो कैसा आता है!“ उन्होंने अपने कंधे से कैमरा उतार लिया। मेरा फोटो लेने के बाद वह अपनी छड़ी उठाकर जाने लगे।

 “कब वापिस लौटोगे?” माँ ने पहली बार सीधे उनकी ओर देखा।

“शायद कल शाम तक-कुछ देर के लिए आऊँगा,” बीरेन चाचा जब माँ की ओर देखते हैं, तो उनकी आँखें चौंधिया-सी जाती हैं-और वह अपना मुँह दूसरी ओर मोड़ लेते हैं।

 “बीरेन चाचा…” मैं बुरी तरह शरमा रहा हूँ।

 “क्या बच्ची?” उन्होंने आश्चर्य से मेरी ओर देखा।

 “एक फोटो मैं खींचूँगा।“

बीरेन चाचा ने मुस्कराकर कैमरा मेरे हाथों में थमा दिया।

मैं माँ की ओर देखता हूँ।

 “नहीं बच्ची, मेरी नहीं…” माँ एकदम झुँझला-सी उठती हैं।

 “सिर्फ तुम नहीं… बीरेन चाचा भी रहेंगे।“ मैंने कहा। बीरेन चाचा का चेहरा क्षण-भर के लिए म्लान-सा हो उठा-वह माँ की ओर देखते हैं। माँ ने इस बार विरोध नहीं किया, वह कुर्सी से उठ खड़ी हुईं, “बच्ची, तुम बहुत जिद्दी हो,” उन्होंने कहा।

“बीरेन चाचा, तुम जंगले के पास खड़े हो जाओ, वहाँ धूप आ रही है, और माँ, तुम उधर दायीं तरफ।“ मैं पलंग से उतरकर दीवार के सहारे खड़ा हो गया हूँ। मेरा सिर चकरा रहा है, लेकिन फोटो ठीक आता है। आज भी वह फोटो मेरे पास है..।

कमरे में शाम का धुंधलका कब चुपके-से घिर आया, पता नहीं चला। बीरेन चाचा बहुत पहले जा चुके थे। माँ मेरे पलंग के पास कुर्सी पर बैठी हैं-जब से बीरेन चाचा गए हैं, तब से वह वैसे ही चुपचाप बिना हिले-डुले उस कुर्सी पर अधलेटी-सी पड़ी हैं। मैं बत्ती नहीं जलाता, मुझे कमरे में अँधेरे का धीरे-धीरे आना अच्छा लगता है।

मेरी आँखों के सामने बहुत दिन पहले की एक शाम घूम जाती है-तब मैं बीमार नहीं पड़ा था। माँ उस शाम मुझे बीरेन चाचा के घर ले गयीं थीं।

हमें देखकर बीरेन चाचा हैरान-से हो गए थे। फाटक खोलकर वह माँ के सामने ठिठक गए।

“पोनों, तुम… “ एक क्षण के लिए वह खोए-से खड़े रहे। पहली बार उन्होंने मेरे सामने माँ को उनके नाम से पुकारा था। उनके मुँह से माँ का नाम सुनकर मुझे बहुत अजीब-सा लगा था। माँ हँसने लगीं और न जाने क्यों मुझे माँ की वह हँसी अच्छी नहीं लगी-एक घुटा-घुटा-सा डर मेरे मन में समा गया।

“यूँ ही सैर को निकले थे, सोचा तुमसे मिलते चलें,” माँ ने कहा। पहली बार मैंने माँ को झूठ बोलते देखा था।

बीरेन चाचा की नीली आँखों में हल्का-सा विस्मय घिर आया। उन्होंने मेरी उँगली पकड़ी और चुपचाप कॉटेज के भीतर चले आए।

वहीं मैंने पहली बार उनकी लाइब्रेरी देखी थी। उन्होंने मुझे अपनी अलबमों में शिमले की पहाड़ियों, घाटियों और झरनों के फोटो दिखलाये, जो उन्होंने अपनी किताब के लिए जमा किए थे। मेज पर ढेर-सी किताबों के पास हल्के रंग की शेड से ढँका टेबिल-लैम्प जल रहा था। उन्होंने जब दो चाकलेटें मुझे दीं, तो मैं कुछ हैरान-सा हो गया। उन्होंने हँसते हुए कहा-“मेरे पास बहुत-सी रखी हैं, बर्फ के दिनों में बाहर जाना नहीं होता, इसलिए जमा कर रखता हूँ।“ मैं क्षण-भर उन्हें देखता रह जाता हूँ। बीरेन चाचा बाबू से कितने लग हैं—उनमें वह तनाव, बोझिल गंभीरता अथवा भारीपन नहीं है, जो मैं बाबू में देखता हूँ। हर चीज पर उनका स्पर्श एक स्निग्ध कोमलता लिए रहता है। उनकी छोटी-सी दाढ़ी के ऊपर जो आँखें हैं, उन्हें देखकर मुझे हमेशा लगता है, जैसे वह धीमे-धीमे कुछ कह रहीं हों, मानो जिस वस्तु पर वे टिक जायेंगी, वह अपने आप सँवर-निखर जायेगी।

 “तुमने कभी बहुत पास से किसी पहाड़ी की चोटी पर बर्फ देखी है?” उन्होंने मुझसे पूछा। मैंने सिर हिल दिया।

“वहाँ से बर्फ का रंग बिल्कुल नीला दिखता है। मैंने एक कलर्ड फोटो लिया है…” वह उस फोटो को लाने के लिए दूसरे कमरे में चले गए। मैं मेज पर रखी अलबमों को उलटने-पलटने लगा। हर फोटो में शिमले का कोई-न-कोई दृश्य था: ग्लैन, जाखू ,चैटविक फॉल। मैंने इन सब स्थानों को आसानी से पहचान लिया। कुछ देर बाद जब बीरेन चाचा नहीं आये, तो मैं ऊब गया। पास किताबों के शेल्फ पर एक छोटा-सा अलबम कोने में रखा था, मैंने उसे खोला और खोलते ही एक क्षण के लिए मुझे लगा-यह चेहरा मैंने कहीं देखा है, किन्तु दूसरे ही क्षण मेरी आँखें स्तब्ध-सी स्थिर हो गयीं। फोटो माँ का था।

क्या माँ कभी ऐसी थीं? मेरे भीतर कहीं एक गहरा-सा साँस उखड़ आया। वही चौड़ा-सा माथा, किन्तु उस पर छोटी-सी बिंदी लगी थी, जो माँ अब नहीं लगातीं, दोनों चोटियाँ कंधे के नीचे लटक रही थीं, पूरे स्लीव का स्वेटर पहन रखा था और बालों के भीतर वही छोटे-छोटे कान छिपे थे। सहसा मुझे आभास हुआ कि इस चेहरे में कुछ ऐसा है, जिसका मुझसे कोई संबंध नहीं, बाबू से कोई संबंध नहीं।

फोटो माँ का था, लेकिन उसमें माँ कहाँ थीं?

अचानक मुझे बीरेन चाचा के पैरों की आहट सुनाई दी। न जाने मेरे भीतर क्या चोर छिपा था कि मैंने डरकर झटपट वह अलबम किताबों में छिपा दी।

जब हम वापिस लॉन में आए तो हल्का, फीका-फीका-सा अँधेरा छाने लगा था। माँ शॉल में दुबकी हुई पत्थर की बेंच पर बैठी थीं।

“इतनी देर कहाँ लगा दी?” उन्होंने मुझे खींचकर अपने से सटा लिया। बीरेन चाचा माँ के पैरों के निकट घास पर बैठ गए। मेरी आँखें माँ के चेहरे पर टिकी रहीं, मानो मैं कुछ खोज रहा हूँ, माँ की आँखें, मुँह, माथा हर चीज अलग-अलग देखो तो वैसी ही थीं, किन्तु आपस में मिलकर जो भाव बनता था, वह उस चेहरे से बिल्कुल अलग था, जो मैंने अभी कुछ देर पहले बीरेन चाचा की अलबम में देखा था।

जो अंतर है-उसे समझा नहीं सकता, उस पर उँगली नहीं रख पाता… वह कैसा भाव था जो किसी लंबी दूरी को हमारे पास ले आता है, लेकिन अपने को दूर ही रहने देता है।

“बच्ची क्या बात है-?” माँ मेरे बालों को धीरे-धीरे अपनी उँगलियों में उलझाने लगीं।

मैंने सिटपिटाकर मुँह फेर लिया।

माँ ने आगे कुछ नहीं पूछा। हम तीनों इसी तरह अपने-अपने में सिमटे चुप बैठे रहे। जब से हम आए थे, बीरेन चाचा ने माँ से कोई बात नहीं की थी। मुझे शुरू-शुरू में कुछ आश्चर्य-सा हुआ था, किन्तु मैंने उस पर अधिक ध्यान नहीं दिया।

लॉन पर नीला-नीला-सा अँधेरा घिर आया। दूर पहाड़ियों के बीच छोटे-छोटे जुगनुओं-सी बत्तियाँ बिखरी थीं-और अँधेरे में पहाड़ियों के छिप जाने से लगता था कि आकाश बहुत नीचे सरक आया है, कभी-कभी तो पता भी नहीं चलता कि तारों और बत्तियों में कौन-सी बत्तियाँ और कौन-से तारे हैं।

बीमारी के दिनों में मुझे अक्सर वह शाम याद आ जाती है-हालाँकि उस शाम कोई भी ऐसी बात नहीं हुई थी, जिसे याद रखा जाता। जब हम वापिस लौटने लगे, तो बीरेन चाचा कुछ दूर हमारे संग आए थे। फिर माँ के कहने पर कि हम खुद चले जाएँगे, वापिस मुड़ गए थे। मैं और माँ कुछ देर ऊपर की सड़क पर चुपचाप चढ़ते रहे। मैं तेज कदमों से माँ के आगे-आगे चल रहा था। कुछ दूर चलने के बाद सहसा मेरे पाँव ठिठक गये। मुझे लगा, माँ मेरे पीछे नहीं आ रही हैं। मैं वापिस मुड़कर पीछे की ओर चलने लगा। अँधेरे में मेरा दिल जोर-जोर से धड़क रहा था।

कुछ दूर नीचे उतरकर अचानक मेरे पाँव रुक गए-मैं अँधेरे में आँखें फाड़ता हुआ हतबुद्धि-सा खड़ा रहा। माँ सड़क के मोड़ पर खड़ी थीं, किनारे पर लगी तार पर झुकी हुई-उनकी साड़ी का आँचल हवा से उड़कर कंधे पर आ गिरा था-अपने में बिल्कुल खोयी-सी वह अपलक नीचे देख रही थीं…

उतराई के नीचे थी—बीरेन चाचा की कॉटेज, जो शाम के धुंधलके में बिल्कुल सूनी और निर्जन दिखाई दे रही थी। लाइब्रेरी की खिड़की से आती हुई मद्धिम-सी प्रकाश-रेखा में लॉन की घास झिलमिला रही थी।

कुछ देर तक शाम के झुटपुटे में हम बिल्कुल खामोश खड़े रहे, फिर माँ अचानक आगे मुड़कर चलने लगीं-उनकी चाल इतनी धीमी थी कि एक क्षण मुझे लगा, मानो वह सोते हुए चल रही हों।

वह मेरे पास आ गयीं-आँखें ऊपर उठाकर एक लंबे क्षण तक अपनी आकुल, विवश निगाहों से मुझे निहारती रहीं, फिर झपटकर उन्होंने मुझे अपने पास घसीट लिया और बार-बार अपने ठंडे, सूखे होंठों से मुझे चूमने लगीं।

कुछ दिनों बाद एक सुबह मुझे अपने मुँह का स्वाद कुछ अच्छा-सा लगा। अंगों में एक हल्की-सी स्फूर्ति का आभास हुआ। पहले मैं धूप से बचने के लिए खिड़की बंद किए रहता था, अँधेरे कमरे में आँखें मूंदकर लेटना भला लगता था। अब मैंने खिड़की खोलकर परदों को उठा दिया। बाहर की गर्म, ऊनी धूप मेरे पलंग को चारों ओर से घेर लेती है। मैं बिस्तर से उतरकर मेज के सहारे खड़ा हो जाता हूँ। सिर पहले की तरह नहीं चकराता, मैं पायदान की ओर कुछ कदम बढ़ाता हूँ और मुझे लगता है, मानो मैंने ज़िंदगी में पहली बार अपने आप चलना सीखा हो।

मैं चुपके से बाहर बरामदे में आ जाता हूँ। कुछ दूर पर बुआ गीली धोती काठ के जंगले पर सुखा रही हैं-मैं उनकी आँख बचाकर बाबू के कमरे के पीछेवाले छज्जे पर चला जाता हूँ। कमरे के दरवाजे और खिड़कियाँ बंद हैं, भीतर के लाल परदे नीचे गिरे हुए हैं। जब माँ मौसी के घर चली जाती हैं, तो बाबू उस कमरे को बंद कर देते हैं। अपनी सारी चीजें ऊपर छत पर ‘स्टडी’ में ले जाते हैं और रात को वहीं सोते हैं।

छज्जा निपट सूना है। नीचे ‘आउट हाउस’ के क्वॉर्टरों की छतों के चौड़े नीले टिन के पटरों पर बड़ियाँ चमक रही हैं, जो पहाड़ी खानसामा की औरत हीरा ने सुखाने रख छोड़ी है। सामने मदरसे के छोटे-से मैदान में लड़के बस्ता घुमाते हुए चार-चार की पाँत में खड़े नकियाते अलसाये स्वर में प्रार्थना कर रहे हैं-“लब पे आयी है दुआ बनके तमन्ना तेरी।“

उनकी तीखी-रूखी आवाज को सुनकर जब मैं ऊब जाता हूँ, तो मेरी आँखें खड्ड के ऊपर मेम के उस रहस्यमय बंगले पर टिक जाती है, जहाँ हम कच्चे अलूचे छिपाकर रखते थे। उससे जरा दूर पेड़ों और झाड़ियों से घिरी हुई एक पगडंडी साँप की तरह बलखाती हुई बानो के मकान के ऊबड़-खाबड़ अहाते में जाकर गुम हो गयी है। मैं अपने कमरे से बाबू की पुरानी छड़ी ले आता हूँ, जिसके सिरे पर मैंने माँ की लाल साड़ी का चिथड़ा बाँध रखा है। मैं जंगले से बाहर गर्दन निकालकर छड़ी को हवा में दायें-बायें घुमाता हूँ-लाल रेशम की झंडी हवा में फरफराती है। बानो ने मेरी लाल झंडी को देख लिया है-उसने हाथ उठाकर कुछ कहा है, जिसे मैं कुछ भी सुन-समझ नहीं पाता। यह मेरा और बानो का पुराना और प्रिय खेल है। हमारे और उसके मकान के बीच ढलान पर कई कोठियाँ और दुकानें हैं, किन्तु ऊँचाई पर होने के कारण हम एक-दूसरे को छज्जे से देख पाते हैं-हालाँकि हम चाहे कितना भी चिल्लाकर क्यों न बोलें, एक दूसरे की बात नहीं सुन पाते। इसलिए इशारों से बात करने के लिए मैं बाबू की छड़ी से सिगनल का उपयोग करता हूँ।

बानो अपनी अम्मी को भीतर से बरामदे में खींच लायी है-अम्मी ने हाथ उठाकर मुझे बुलाया है। अम्मी मुझे इतनी दूर से नहीं देख पातीं, फिर भी मैं शरमा जाता हूँ और छड़ी को बरामदे में फेंककर अपने कमरे में भाग आता हूँ।

कमरे की देहरी पर सहसा मेरे पाँव ठिठक गये-बाबू का स्वर सुनाई दिया। नौकर ने आकर बताया कि बाबू अपने कमरे में मुझे बुलाते हैं।

मेरे दिल में खुशी की लहर-सी दौड़ गयी। ऐसा बहुत कम होता है कि बाबू मुझे अपने कमरे में बुलाकर मुझसे बातें करें-अक्सर वह हाल-चाल पूछने मेरे कमरे में ही आ जाते हैं। मैं झटपट अपने नाखून दांतों से काट लेता हूँ, क्योंकि बाबू हमेशा सबसे पहले मेरे दोनों हाथों को देखते हैं। आँखों को गीले तौलिए से पोंछ लेता हूँ और हाथों को मुँह पर रखकर फूँक मारता हूँ, और फिर उन्हें सूँघता हूँ-यह देखने के लिए कि मुँह साफ है या नहीं। फिर शीशे में मुँह देखकर कंघी करता हूँ (माँ के न होने से पिछले कुछ दिनों से मुझे ये सब काम खुद करने पड़ते हैं) और जब कंघे से अपने बालों को झरता हुआ देखता हूँ, तो न जाने क्यों मुझे अपने ऊपर गहरी-सी दया आने लगती है, और मेरी आँखों में आँसू भर आते हैं।

ड्राइंग रूम (जिसे उन दिनों हम हॉल कहते हैं-क्योंकि वह हमारे घर का सबसे बड़ा कमरा था) के कालीन पर पैरों की आहट नहीं होती, फिर भी मैं बहुत हौले-हौले दबे पाँवों से बाबू के कमरे की ओर जाता हूँ। सुबह मैं ठीक था, किन्तु अब सिर चकराता है, मानो कनपटियों से धुएं की दो लकीरें ऊपर उठती हुई सिर के बीचोंबीच मिलने की चेष्टा कर रही हों और बीच में रुई का एक घुटा-घुटा-सा बादल इन दोनों के बीच आकर अड़ गया हो।

मैं उनके कमरे की देहरी पर खड़ा हूँ-परदों के रिंग हाथ लगाने से धीरे-धीरे बजते हैं। वह बिना मेरी ओर देखे मुझे भीतर बुलाते हैं। मैं और आगे खिसक आता हूँ। बाबू के कमरे को पहचानना कितना आसान है-सिगार के धुएं की गर्म-गर्म-सी गंध, चारों ओर फैली गहरी बोझिल-सी चुप्पी, एक अजीब धुंधली-सी रोशनी, जो दिन और रात दोनों समय एक-सी रहती है। और एक खट्टी और भीनी-सी बू, जो मेरी दवा की बू से मिलती हुई भी कहीं दूर जाकर उससे अलग हो जाती है। उसके बारे में मैं कभी तय नहीं कर पाता कि वह मुझे अच्छी लगती है या बुरी-लगता है, वह बू नहीं है, महज एक हल्का-सा रंग है, जो बाबू के कमरे की हवा में तिरता रहता है।

“बाहर क्या कर रहे थे!” मैं उनकी आवाज पहचानता हूँ-उसमें गुस्सा नहीं है।

“बानो को देख रहा था—“ और मैं सकुचाकर चुप हो जाता हूँ।

“बाबू.. “

उनकी आँखें ऊपर उठ आयीं।

“आज मैं ठीक हूँ… बुखार नहीं है।“

बाबू ने मेरे दोनों हाथों को अपनी गोद में रख लिया। “अभी कुछ दिन तुम्हें बिस्तर पर लेटना होगा…” उन्होंने मेरे हाथों को एक दूसरे के ऊपर रख दिया, और उन्हें अपने खुरदरे बालों से भरे हाथों में समेट लिया।

“बाबू-हम दिल्ली कब जा रहे हैं?” जब कभी मुझे उनसे बात करने का मौका मिलता है, मैं हर बार उनसे यह प्रश्न करता हूँ।

उन्होंने सिगार को मुँह से निकालकर अंगुलियों में थाम लिया। वह कुछ देर तक चुपचाप दीवार के बेल-बूटोंवाले कागज को देखते रहे, मानो उस पर कुछ लिखा है, जिसे वह बड़े गौर से पढ़ रहे हों।

“बच्ची, तुम्हें डर तो नहीं लगता?”

“डर?” मैं विस्मित-सा होकर उनकी ओर देखने लगा। उनकी आँखें दीवार से उतरकर मुझ पर टिक गयीं।

“माँ घर में नहीं हैं… शायद इसलिए…”

“लेकिन वह तो कुछ दिनों में आ जायेंगी?” मैं चाहता था कि बाबू मेरी बात का समर्थन करें, किन्तु वह चुपचाप मेरी ओर देखते रहे।

“हाँ-वह आयेंगी,” बाबू का स्वर इतना धीमा, इतना सोया-सा था मानो वह यह बात मुझसे न कहकर अपने से कह रहे हों।

“बच्ची.?”

“क्या बाबू?”

“तुम क्या उन्हें देखना चाहोगे?”

बाबू का स्वर एकदम भारी-सा हो आया। उनका यह प्रश्न मुझे काफी  विचित्र और निरर्थक-सा लगा था-सोचा, कह दूँ, हाँ… उनके पास जाऊँगा; और दूसरे ही क्षण मुझे लगा कि बाबू मुझसे इस उत्तर की आशा नहीं कर रहे हैं, जैसे वह सच जानते हुए भी जान-बूझकर मुझसे झूठ कहलवाना चाह रहे हों।

मैंने ‘नहीं’ में सिर हिला दिया। हैरत-भरी दृष्टि से वह मुझे देखते रहे-फिर धीरे-से उन्होंने मेरे हाथों को अपनी गोद से हटा दिया।

“अच्छा, अब अपने कमरे में जाओ-अभी दो-तीन दिन तक बाहर खेलने मत जाना।“

वह कुर्सी से उठ खड़े हुए और मेरी ओर से मुँह मोड़कर खिड़की से बाहर देखने लगे।

कुछ देर तक मैं वहाँ चुपचाप खड़ा रहा। मेरे मन में अचानक बाबू के प्रति भीगी-भीगी-सी सहानुभूति उमड़ने लगी। माँ के संग मेरा संबंध अधिक सहज और सीधा था। बाबू के संग जो संकोच और तनाव रहता है, वह माँ के संग बिल्कुल नहीं है। वह कोई भी प्रतिवाद किए बिना मेरी हर फरमायश को चुपचाप मान लेती हैं-किन्तु इतना सब करने पर भी वह मुझसे हमेशा दूर रहती हैं, कभी न मिटनेवाला एक अलगाव बनाये रखती हैं। उनके सामने मुझे लगता है कि मैं एक बहुत ही छोटा, बेडौल और निरर्थक-सा प्राणी बन गया हूँ। किन्तु बाबू की बात दूसरी है। मैं उनसे डरता हूँ, कोई भी फरमायश करते समय मेरा दिल धड़कने लगता है, कभी खुलकर उनसे मैंने अपने मन की बात नहीं की-इसके बावजूद वह मुझे अपने अधिक निकट और जाने-पहचाने लगते हैं। कुछ ऐसा है, जो हम दोनों को माँ से अलग कर देता है, इसलिए माँ को चाहते हुए भी उनपर कभी सहानुभूति नहीं होती और बाबू से डरते हुए भी उन्हें देखकर कभी-कभी मेरे भीतर कुछ रूआँसा हो जाता है।

बाबू ने पीछे मुड़कर मुझे देखा और एकटक देखते रहे। मुझे लगा जैसे वह कुछ देर के लिए मेरी उपस्थिति बिल्कुल भूल गए थे और अब सहसा मुझे अपने सम्मुख देखकर समझ न पा रहे हों कि मैं कौन हूँ, उनके कमरे में कैसे खड़ा हूँ।

मैं कमरे से बाहर चला आया। कुछ देर तक बड़े कमरे की दीवार से सटकर बाबू के कमरे की देहरी पर खड़ा रहा। सोचा था, बाबू बाहर आकर मुझसे कुछ कहेंगे, किन्तु यह मेरा भ्रम था। उनके कमरे में सिर्फ सन्नाटा था-एक घना गहरा-सा सन्नाटा जो हमारे सारे घर पर घिर आया था।

और तब उस क्षण मुझे लगा कि मैं बहुत अकेला हूँ, बाबू भी अपने में बहुत अकेले हैं। माँ के बिना हर कमरा साँय-साँय-सा करता प्रतीत होता है।

मैं दीवार से सटकर आँखें मूँद लेता हूँ।

जिस दिन माँ मौसी के घर मुझसे मिले बिना चली गयीं, उससे एक दिन पहले आधी रात को मेरी आँख खुल गयी थी।

कमरे में अँधेरा था। हवा से खिड़की का परदा मेरे तकिये के ऊपर जोर-जोर से फड़फड़ा उठता था। कुछ देर तक मेरे मन में अजीब-सा भ्रम मंडराता रहा। मुझे लगा कि इस कमरे में-जहाँ मैं लेटा हूँ-हर चीज अपने पुराने स्थान को छोड़कर नए कोनों में उठ आयी है। मुझे लगा कि जो खिड़की मेरे बायीं ओर होती थी, वह अँधेरे में चुपचाप खिसककर बिल्कुल मेरे सामने आ गयी है। मेरे पलंग से दो गज की दूरी पर जहाँ पहले दीवार थी, वहाँ दरवाजा सिमट आया है। दरवाजा आधा खुला हुआ था। उसके भीतर से बाबू के कमरे की रोशनी थर्मामीटर की तरह चमकती हुई पारे की रेखा-सी फर्श पर खिंच आयी थी-इतनी महीन, इतनी म्लान मानो हाथ से छूते ही टूट जायेगी, चारों ओर पानी-सी बिखर जायेगी।

अचानक वह दरवाजा दोनों बड़े-बड़े काले पंखों-सा फड़फड़ाता हुआ खुल गया, प्रकाश की पतली-सी रेखा फर्श पर तेजी से लपकती हुई सामने की दीवार पर चढ़ गयी। दरवाजे के पीछे छोटे-से गलियारे में कोई जोर-जोर से हाँफ रहा था। पहले क्षण मुझे लगा कि दरवाजा हवा के झोंके से खुल गया है-किन्तु माँ उसे बंद करने आयी हैं। किन्तु कुछ देर तक कोई भीतर नहीं आया। दरवाजे के पीछे गलियारे में उखड़ी हुई साँसों का एक हल्का-सा बवंडर उठता था और फिर दब जाता था। कुछ सहमे हुए शब्द सुनाई देते थे-कभी दूर से-इतने दूर से कि शब्दों के बजाय आहट ही मुझ तक पहुँच पाती थी, कभी पास से, इतने पास से मानो कोई मेरे कानों में फुसफुसा रहा हो।

“नहीं, तुम भीतर नहीं जाओगी,” मैंने बाबूजी का स्वर पहचान लिया।

एक पतली-सी चीख चमकीले कांच के टुकड़ों-सी अँधेरे को छील गयी। माँ को क्या हो गया है? वह इस अजीब ढंग से चीख क्यों रही हैं?

“छोड़ो… मेरा हाथ छोड़ दो।“

“पोनो…. तुम भीतर नहीं जाओगी।“

“कौन हो तुम मुझे रोकनेवाले-छि:, शर्म नहीं आती?”

“पोनो … वह सो रहा है… इस तरह मत चिल्लाओ।“

“मैं चिल्लाऊँगी नहीं, मुझे भीतर जाने दो।“

“नहीं… इस वक्त नहीं।“

“तुम समझते हो, मैं पागल हूँ… उसे सबकुछ बता दूँगी?”

“पोनो… अपने कमरे में चलो… यहाँ मैं कुछ नहीं सुनूँगा। इस वक्त तुम होश में नहीं हो।“

किन्तु बाबू अपनी बात पूरी नहीं कह पाए-बीच में ही किसी ने झपटकर परदा हटा दिया-गलियारे की रोशनी में मेरा बिस्तर चमक उठा, पलंग और खिड़की के बीच की दीवार अँधेरे से बाहर निकल आयी।

मैंने देखा-संगमरमर-सी सफेद दो बाँहें परदे के बाहर हवा में फैली है। पीछे एक छाया है, भूखी, फटी-फटी-सी दो आँखें हैं… परदे को नोचती हुई लंबी-पतली काँपती अँगुलियाँ हैं और बिजली में चमचमाती नाक की लौंग, जो बार-बार फड़फड़ाते होंठों के ऊपर तारे-सी टिकी है… यह सबकुछ मैंने एक छोटे-से क्षण में देखा था-दूसरे क्षण मुझे लगा मानो परदा अपनी जगह वापिस खींच लिया गया है, सिर्फ एक भर्रायी-सी आवाज सुनायी दे जाती है, जो ऊपर उठने से पहले ही दबा दी जाती है, मानो किसी ने अपने हाथ से उसे भींच रखा हो।

तब जो मैंने सुना, उस पर एकाएक विश्वास नहीं हो पाया। मुझे लगा परदे के पीछे कोई धीरे-धीरे हँस रहा है। नहीं, यह माँ नहीं हो सकती। माँ को जब कभी फिट आता है, तब केवल उनके दाँत कटकटाते हैं। मैंने उन्हें इतने विचित्र ढंग से हँसते हुए कभी नहीं सुना। फिर भी मैं जानता था कि यह माँ की ही आवाज है-मैं आगे कुछ भी नहीं सुन पाता-लगता है मानो कमरे का अँधेरा कमरे से अलग होकर एक मैले चीथड़े की तरह मेरी आँखों के चारों ओर घूम रहा है। संगमरमर-सी सफेद दो बाँहें काली झील से ऊपर उठी हैं-कातर-सी होकर मुझे बुलाती हैं-बार-बार अपनी ओर खींचती हैं।

उस रात देर तक मैं बिस्तर पर बैठा-बैठा काँपता रहा। एक अजीब-सी आवाज हवा के संग खिड़की से भीतर आती थी और मेरे चेहरे को छूती-सहलाती धीरे-धीरे हँसने लगती थी।

बानो टैरेस के नीचे गिरी हुई खूबानियाँ बीन रही है।

बानो…

मैं हौले से कहता हूँ… बानो।

शिमले की एक दुपहर-जब मैं टैरेस पर लेटा हूँ-बीमारी के बाद के दिन हैं, जब हमें कोई नहीं पूछता। सब निश्चिंत से हो गए हैं, बाबू अब मेरे कमरे में हर शाम नहीं आते, बीरेन चाचा एक लंबे अर्से से दिखायी नहीं दिये। मेरे ठीक होने पर अगर दुख है तो शायद बानो को-मैं अगर बीमार बना रहता, तो दिल्ली जाने के दिन टलते रहते।

टैरेस के पीछे दो छोटी-छोटी पहाड़ियाँ खुली हुई कैंची की तरह आकाश की ओर उठी है-उनके बीच पेड़ों की लंबी शृंखला दूर तक चली गयी है। जब कभी कालका जानेवाली ट्रेन वहाँ से गुजरती है, तो धुएँ की एक लट आकाश के चेहरे पर उड़ जाती है।

बानो… हम दिल्ली जा रहे हैं।

दिल्ली ! इस एक शब्द में कितनी स्मृतियाँ छिपी हैं-शिमला-कालका की साँप-सी बलखाती टेढ़ी-मेढ़ी लाइन, लंबी-लंबी अँधेरी सुरंगे और रेल के डिब्बे की खिड़की से बाहर हवा में फिसलते तारे… शाम हो जाती और मैं ऊँघ जाता। माँ कन्धा झकझोरकर जगातीं, “बच्ची, उठो !” मैं हड़बड़ाकर बैठता। बाहर अँधेरे मैदान में दूर-दूर तक कालका की झिलमिल-झिलमिल-सी रोशनियों को देखकर लगता मानो ढेर से तारे आकाश से उतरकर जमीन पर बिखर गए हों।

बानो सीढ़ियाँ चढ़कर कब टैरेस पर आ गयी, मुझे पता नहीं लगा। उसने अपनी फ्रॉक को उठाकर झोला बना लिया है, जिसमें ठसाठस खूबानियाँ भरी हैं। नंगे पेट के चारों ओर जाँघिये के नेफे के निशान जहाँ-तहाँ छोटी-छोटी मछलियों से उभर आए हैं।

वह फ्रॉक नीची करके खूबानियाँ बिखेर देती है-कच्ची, पक्की खूबानियाँ हैं, हरी, पीली, कुछ-कुछ लाल…

“लो खाओ।“ वह एक पकी हुई पीले रंग की खूबानी मेरे आगे कर देती है।

मैंने सिर हिला दिया। बाबू ने बाहर की कोई भी चीज खाने से मना किया है।

“यह कच्ची नहीं है, इससे कुछ नहीं होगा,” किन्तु उसने मेरी स्वीकृति की प्रतीक्षा नहीं की और जो खूबानी वह मुझे दे रही थी, उसे निश्चिंत होकर खुद खाने लगी।

खाने को खूबानी खा लेता, बाबू का तो बहाना है। असली कारण दूसरा है, जो कोई नहीं जानता, बानो बेचारी तो बिल्कुल नहीं जानती। जब से बुखार उतरा है, मुझे लगता है, जैसे मैं सब लोगों से भिन्न हूँ, अलग हूँ। कमजोरी के कारण जब कभी सिर चकराता है, पाँव काँपते हैं तो अच्छा लगता है, मन में अजीब-सी खुशी होती है, अपने पर गर्व होता है, लगता है, मुझमें एक अद्भुत परिवर्तन हो गया है और मैं असाधारण हूँ। पहले-बीमारी से पहले, माँ के मौसी के घर जाने से पहले-मेरा अपना घेरा था, जिसमें बानो और माँ, बीरेन चाचा और बाबू सब कोई थी। न मालूम, बीमारी के इस लंबे अर्से में कौन-सा क्षण आया था, जब यह घेरा टूट गया था। पिछले कुछ दिनों से मैं जिस चीज को जैसे देखता हूँ, वैसे शायद कोई नहीं देखता। पहले मैं हर चीज को दूसरों की आँखों से देखता था-और निश्चिंतता थी। अब उनके पीछे एक रहस्य है, डर है, जो मेरा अपना है, और जिसे कोई नहीं जानता।

टैरेस के पास पवेलियन की छत पर खटखटाहट होती है। लगता है जैसे टपाटप बूंदें गिर रही हों। मैं जँगले के बाहर हाथ निकालकर देखता हूँ-बारिश नहीं है, केवल कुछ पहाड़ी चिड़ियाँ हैं, जो छत पर एक कोने से दूसरे कोने तक फुदक-फुदककर उड़ती हैं।

बानो खूबानी को गाल के भीतर लट्टू की तरह घुमाती है-उसका कहना है कि इस तरह मुँह का सारा थूक खूबानी के भीतर जाकर रस बन जाता है।

“दिल्ली जाना पक्का हो गया?”

“माँ आ जायें, तब !”

“कहाँ गयी हैं तुम्हारी माँ?”

“मौसी के घर।“

“तुम्हें पक्का मालूम है कि वह मौसी के घर गयी हैं?” बानो ने रहस्य-भरी आँखों से मेरी ओर देखा।

मैं विस्मय से बानो की ओर देखता हूँ-“क्या बात है बानो?”

“कुछ नहीं, ऐसे ही पूछा था,” बानो ने थूक में भीगी खूबानी को होंठों पर रगड़ते हुए कहा।

“अम्मी ने मना किया है-कहा है तुमसे कुछ न कहूँ।“

मैं चुपचाप लापरवाही से मुस्कराता हूँ। बानो पर मुझे बेहद गुस्सा है। मुझे जब बहुत गुस्सा आता है, तो मैं हमेशा मुस्कराता हूँ, ताकि कोई यह न समझे कि मेरा मन इतना कच्चा और छोटा है।

सुर्मई रंग के बादल नीचे झुके आ रहे हैं। टैरेस के पीछे पहाड़ियाँ काली, भूरी-सी हो गयी हैं। जब कभी बादलों की ओर से सूरज का मुँह बाहर निकलता है, तो पतली-दुबली छायायें पूर्व से पश्चिम की ओर भागने लगती हैं।

टैरेस पर- चारों ओर आस-पास अब सन्नाटा है। बरसों पहले एक मेम यहाँ रहती थी। उसके मार जाने के बाद अब यहाँ कोई नहीं रहता। बारहों महीने-गर्मी, सर्दी- कमरे बंद रहते हैं। बरामदा और उसके आगे लंबा गलियारा सूना पड़ा रहता है। हम गेस्ट हाउस के पिछवाड़े सीढ़ियाँ चढ़कर पवेलियन पर चोरी-चुपके चले जाते हैं और वहीं एक कोने में अपने अलूचे और खूबानियों का खजाना जमा करते हैं।

कौन-सी बात है, जो बानो मुझसे छिपा रही है, क्या सचमुच उसकी अम्मी ने मना किया है, या वह सिर्फ मुझे चिढ़ाने के लिए बहका रही है।

मैं टैरेस पर लेटे-लेटे अधमुँदी आँखों से अपने घर की छत देखता हूँ। दायीं ओर छज्जे के सिरे पर माँ के कमरे की खिड़की दिखायी देती है-माँ जब घर में नहीं होतीं, तो वह हमेशा बंद रहती है। वह अभी तक वापिस क्यों नहीं लौटीं? मौसी के घर वह इतने दिन कभी नहीं रहती थीं। क्या वह जानती हैं कि मैं अब चल-फिर लेता हूँ और बाबू ने मुझे अब यहाँ- मेम के भुतहे मकान तक आने की अनुमति दे दी है।

उस रात से मैंने उन्हें नहीं देखा जब वह चीखती हुई मेरे दरवाजे तक आयी थीं और बाबू ने उन्हें भीतर आने से रोक दिया था। मैं निश्चय नहीं कर पाता कि क्या ऐसा सचमुच हुआ था, या मैंने सिर्फ कोई सपना देखा है।

“दिल्ली पहाड़ों के ऊपर है या नीचे?” बानो ने पूछा।

“दिल्ली मैदान में है-वहाँ जाने के लिए नीचे उतरना पड़ता है,” मैंने सुनी-सुनायी बात बड़े गर्व से कह दी।

बानो ने अविश्वास भरी दृष्टि से मुझे देखा।

“नीचे तो एननडेल का मैदान है और उसके नीचे खड्ड है-दिल्ली क्या खड्ड के नीचे है?”

बानो कभी दिल्ली नहीं गयी, मुझे उस पर हमेशा तरस आता है। मैं उसकी जिज्ञासा को शांत करने का कोई प्रयत्न नहीं करता, और लापरवाही से सिर फेर लेता हूँ।

बानो ने खूबानियों की गुठलियाँ पवेलियन के पीछे गेस्ट-रूम में फेंक दीं और वहीं कुछ देर तक दरवाजे से सटकर खड़ी रही।

हवा से खूबानी के पेड़ की शाखाएं छतों पर झुकती हैं। खूबानियाँ झरती हैं-कुछ जमीन पर, कुछ पवेलियन की छत पर-खट-खट …

दुपहर और शाम के बीच सारा शिमला चुप हो जाता है, बस केवल खूबानियों की खट-खट आवाज पहाड़ी हवा में गूँजती है…

बानो ने हाथ के इशारे से मुझे अपने पास बुलाया है। गेस्ट-रूम के दरवाजे का एक शीशा टूटा हुआ था, उसी में अपना सिर डालकर वह कमरे के भीतर झाँक रही थी। उसके सिर के ऊपर जो जरा-सी खाली जगह बच गयी थी, वहीं मैंने खींचतान करके अपना सिर अड़ा दिया।

कमरा बिल्कुल खाली था। दीवार के बेल-बूटेदार कागजों का रंग फीका पड़ गया था। छत के एक कोने में मकड़ी का जाला धीरे-धीरे फैल रहा था। बासी हवा की गंध चारों ओर फैली थी। फर्श के बीचोंबीच मैली-सी रोशनी जाम गयी थी, जो कभी पीली हो जाती थी, कभी फीकी-फीकी-सी सफेद। कमरे के धुंधलके में यह सफेद धब्बा बड़ा अजीब और भयावह-सा लग रहा था।

“वह मेम यहाँ रहती होगी।“ बानो ने धीमे स्वर में कहा।

“और शायद यहीं मरी होगी।“ मैंने कहा, और मेरे सारे शरीर में एक हल्की-सी झुरझुरी फैल गयी। मुझे लगा, सामने दीवार के कटे-फटे, उखड़े पलस्तर पर एक बेडौल-सा चेहरा उभर आया है-जिसके जबड़े खुले हैं, फटी-फटी-सी आँखें हैं और जो मेरी ओर देखता हुआ हँस रहा है। मुझे लगता है कि वह चेहरा उस मेम का रहा होगा, जो बरसों पहले उस कमरे में न जाने क्यों अपने-आप मर गयी थी… और वह हँसी, उस रात जैसे दरवाजे के पीछे माँ हँस रही थीं…

टूटे हुए शीशे के भीतर झाँकता हुआ मेरा चेहरा बानो के सिर पर टिका है। मेरे मुँह के जरा नीचे बानो के अखरोटी रंग के बाल हैं, उन बालों की गंध पानी में भीगी मिट्टी की गंध से मिलती है। बालों के बीच छोटी-सी माँग है-माँ की माँग-जैसी, किन्तु माँ की माँग जरा लंबी थी और हमेशा बहुत उदास दिखती थीं।

“बानो…” मेरे होंठों पर सफेद कागज-सा थूक जाम गया।

“क्या?”

“अम्मी ने क्या तुमसे माँ के बारे में कुछ कहा था?”

“तुमसे क्या?” बानो ने ढीठ बनकर कहा।

हवा चलने से सूने, खाली मकान के दरवाजे खड़खड़ा उठते हैं। फर्श पर सिमटा हुआ सफेद धब्बा धीरे-धीरे सरक रहा है।

“बानो… जब मैं बीमार था, तो कभी-कभी बड़ा अजीब-सा लगता था..।“

“कैसा… बच्ची?”

“लगता था जैसे मैं भी माँ की तरह हूँ-जैसे उनकी कोई बात मुझमें भी है।“

“कैसी बात?”

“जिसे सब छिपाते हैं।“

बानो का सिर सिहर जाता है।

“एक सफेद छाया है बानो—जैसे बर्फ में लिपटी हो। वह अँधेरे में भी चमकती है और संगमरमर से सफेद उसके हाथ हैं, जो हमेशा हवा में खुले रहते हैं। कभी-कभी मुझे लगता है कि पीछे से चुपचाप आकर उसने मुझे अपने में ओढ़ लिया है, और मैं अपने से ही अलग हो गया हूँ-सच बानो-लगता है जैसे मैं अपने से ही अलग हो गया हूँ…”

मुझे लगा कि बानो पत्ते-सी काँप रही है, भी से उसकी आँखें फैल गयी हैं।

मैं हँसने लगता हूँ।

“डर गयी बानो… ?”

बानो चुप है, उसकी गर्म साँसें मेरे सूखे होंठों को छूती हैं।

“बानो सच-मैं तुम्हें बहका रहा था-जो मैंने कहा वह बिल्कुल झूठ है।“ बानो कुछ नहीं कहती, वह दरवाजे को छोड़कर तेजी से टैरेस की सीढ़ियाँ उतरने लगती है।

“बानो..” मैंने एक-दो बार उसे बुलाया, किन्तु उसने एक बार भी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

बूंदें आती हैं, पवेलियन की छत टप-टप करती है… और मैं समझ नहीं पाता कि मेरे गालों पर जो बूँदें हैं, वे बादलों से आयी हैं-या पहले से ही वहाँ थीं…

घर का सामान बाँधा जा चुका है। संदूकों, थैलों और बिस्तरों पर लेबल चिपकाये जा रहे हैं, जिन पर मोटी-मोटी सुर्खियों में ‘शिमला-दिल्ली’ और उसके नीचे बाबू का नाम लिखा है। घर में बड़ी चहल-पहल मची है-नौकर, जमादार, कुली और बाबू के दफ्तर के चपरासी सब इधर से उधर भागते हुए दिखायी देते हैं।

माँ ऊपरवाले कमरे में हैं। वह इस बार कुछ काम नहीं कर रहीं-उनकी तबीयत शायद ठीक नहीं है, बाबू ने मुझे उनके पास जाने से मना किया है। जब से वह मौसी के घर से आयी हैं, मैंने उन्हें नहीं देखा, वह शायद रात को आयीं थीं, जब मैं सो रहा था।

सब अपने काम में जुटे थे। मैं ही अकेला एक ऐसा था, जिसे कोई काम नहीं था। कभी छज्जे में जाता था, कभी बरामदे में, किन्तु हर जगह अपनी व्यर्थता महसूस होती थी। खाली-खाली से कमरे, नंगी दीवारें, कोनों में कूड़ों के ढेर… मेरा दम घुटने सा लगा और मैं बाबू की आँख बचाकर बाहर चला आया।

पगडंडी से उतरकर मैं खड्ड के ऊपर नाले के किनारे-किनारे चलने लगा। कभी-कभी खड्ड के भीतर कोई बड़ा, मोटा-सा गेला मिल जाता तो उसे उठाकर जेब में रख लेता। रेल की खिड़की से मैं इन गेलों को छोटे-छोटे तालाबों में फेंका करता था। जब दोनों जेबें भर चुकीं तो देखा कि मैं घर से काफी दूर निकल आया हूँ। सूरज ढलने लगा था हालाँकि दूर की पहाड़ियों पर धूप अब भी थकी-माँदी-सी रेंग रही थी। मैं बीच रास्ते में मूड गया और एक छोटी-सी पगडंडी से घर की ओर चलने लगा।

कुछ दूर चला हूँगा कि अचानक पाँव ठिठक गए। दायीं ओर नीचे की तरफ बीरेन चाचा की कॉटेज दिखायी दे रही थी। पेड़ों के झुरमुट में चारों ओर झाड़-झंखाड़ से घिरे उस घर को देखकर मुझे सहसा वह शाम याद आ गयी, जब मैं माँ के संग यहाँ आया था। माँ भूली-सी, खोयी-सी नीचे देख रही थीं, और मैं चुपचाप उनके पीछे खड़ा था। जब से माँ मौसी के घर गयी थीं, बीरेन चाचा हमारे घर नहीं आए थे। एक बार उनके बारे में बाबू से पूछा था, किन्तु बाबू का चेहरा इतना कठोर, इतना भावहीन-सा हो आया था कि आगे उनसे कुछ भी पूछने का साहस नहीं हुआ।

ढलती धूप में कॉटेज की ढलुआँ छत लाल चमक रही थी। मैं धीरे-धीरे सड़क के किनारे लगी तार के संग नीचे उतरने लगा। फाटक खुला है। मैं दबे कदमों से भीतर चला आया हूँ। हवा आती है तो लॉन की घास पर छोटी-बड़ी सलवटें पड़ जाती हैं, झाड़ियों की सरसराहट आस-पास की नीरवता को और भी अधिक घनी बना जाती हैं। लॉन के किनारे वही पत्थर का बेंच है… जहाँ उस दिन माँ बैठी थीं।

सोचता हूँ, वापिस लौट जाऊँ, लेकिन पाँव बजरी की सड़क पर बँधे से खड़े रह जाते हैं।

दरवाजा खटकाता हूँ-धीरे-धीरे। “बीरेन चाचा… बीरेन चाचा”-मुझे अपनी आवाज उस अकेली, निस्तब्ध कॉटेज में गूँजती-सी सुनाई देती है। लगता है, यह कोई अजनबी आवाज है, जो मेरी आवाज के पीछे-पीछे दौड़ रही है।

“बच्ची, भीतर आ जाओ, दरवाजा खुला है।“ बीरेन चाचा का स्वर सुनाई दिया।

मेरे पाँव देहरी के भीतर जाते ही एक क्षण के लिए रुक गए हैं, टेबल लैम्प का मद्धिम-सा प्रकाश मेज पर बिखरे कागजों, किताबों पर गिर रहा है। एक-दो मिनट तक मैं बेवकूफ-सा देहरी पर खड़ा रहा-और तब सहसा आभास हुआ कि कमरा खाली नहीं है, कोने में ईजी चेयर पर बीरेन चाचा बैठे हैं। जहाँ वह बैठे थे, वहाँ अँधेरा था, इसलिए कमरे में घुसते ही वह मुझे एकदम दिखाई नहीं पड़े थे।

उन्होंने मुझे अपने पलंग पर बैठने के लिए कहा और अपनी कुर्सी मेरे नजदीक खींच ली।

“इतनी दूर अकेले आये हो?” उन्होंने मेरे हाथ को अपने हाथ में ले लिया और मुस्कराने लगे।

मेरी आँखें अनायास अपने निकट की फूली हुई जेबों पर टिक गयीं। संकोच से मेरा मुँह लाल हो गया।

“क्या भर रखा है इनमें—गेले हैं?”

मैंने चुपचाप सिर हिला दिया।

“क्या करोगे इनका?”

“रेल के लिए रखे हैं।“ मैंने अटपटा-सा उत्तर दे दिया।

“रेल के लिए?” बीरेन चाचा की प्रश्न-भरी दृष्टि मुझ पर टिक गयी। और तब सहसा मुझे ख्याल आया कि बीरेन चाचा को कुछ भी नहीं मालूम है। मुझे भीतर-ही-भीतर बहुत खुशी हुई कि मैं पहला व्यक्ति हूँ, जिससे उन्हें यह खबर मिलेगी।

“बीरेन चाचा-आज रात हम दिल्ली जा रहे हैं।“

वह कुछ देर तक अपलक मेरी ओर देखते रहे, मानो उन्होंने मेरी बात नहीं सुनी। फिर वह कुर्सी से उठे और मेरी ओर कोई ध्यान दिए बिना खिड़की से बाहर देखने लगे।

कुछ देर तक कमरे में घुटा-घुटा-सा सन्नाटा छाया रहा। मुझे लगा मानो बीरेन चाचा को यह बात पहले से ही मालूम थी, तभी शायद उन्होंने कोई कौतूहल नहीं दिखाया।

तभी वह खिड़की से मुड़े। भूरी दाढ़ी के ऊपर उनकी नीली आँखें चमक रही थीं।

“तुमने उस दिन जो फोटो लिया था-वह धुल गया है… देखोगे?”

उन्होंने आलमारी से एक छोटा-सा लिफाफा निकालकर मेरे हाथ में रख दिया।

“तुम्हारा हाथ बहुत सधा हुआ है, फोटो बिल्कुल साफ आया है।“

मैंने फोटो निकाला और मुझे लगा मानो बहुत अर्से पहले की एक घड़ी-जिसे मैं बिल्कुल भूल चुका था-मेरी आँखों के सामने हू-ब-हू वैसी ही वापिस लौट आयी है।

छज्जे के पीछे जंगले पर माँ की साड़ी सूख रही है-उसके पीछे पहाड़ियों की धुंधली-सी रेखा है, बिजली के तार हैं, कोने में सिमटा आकाश का एक टुकड़ा है। आगे के हिस्से में बीरेन चाचा जंगले से सटे खड़े हैं। उनकी एक बाँह माँ की साड़ी से छू भर गयी है और माँ … न जाने क्यों उनकी आँखें मुँद-सी गयी हैं, दोनों होंठ मरी हुई तितली के परों के समान अधखुले रह गये हैं, मानो वे कुछ कहते-कहते अचानक रुक गये हों।

मैं न जाने कितनी देर तक फोटो को निहारता रहा।

अचानक ध्यान आया कि मुझे बहुत देर हो गयी है। स्टेशन जाने का समय पास सरक आया था। बाबू देर से मेरी प्रतीक्षा करते होंगे।

मैं झटपट पलंग से उतर आया।

“अच्छा बीरेन चाचा…“ मुझसे आगे और कुछ नहीं कहा गया।

बीरेन चाचा ने मुझे देखा-एकटक देखते रहे, फिर धीरे-से मेरे पास आये, अपने हाथों से मेरे बालों को छुआ और धीरे-से मेरे माथे को चूम लिया-बिल्कुल वैसे ही, जैसे उस रात माँ ने मुझे चूमा था।

उन्होंने दरवाजा खोला और हम बाहर बरामदे में आ गये।

“मैं तुम्हारे संग चलूँ-तुम्हें डर तो नहीं लगेगा?”

मैंने सिर हिलाकर मना कर दिया, मुझे घर का रास्ता मालूम था।

कुछ देर तक हम बरामदे में चुपचाप खड़े रहे।

“बच्ची…” बीरेन चाचा का स्वर सुनकर मैं चौंक-सा गया। मैंने उनकी ओर देखा।

“माँ ने एक किताब माँगी थी-मुझे याद नहीं रहा-“ वह झिझकते हुए चुप हो गए।

“आप मुझे दे दीजिए-मैं दे दूँगा।“

किताब देते हुए मुझे लगा मानो वह कुछ कहना चाह रहे हैं, किन्तु वह चुप रहे और मैं तेजी से फाटक की ओर चल पड़ा।

कॉटेज बहुत पीछे छूट गयी है। मैं एक संकरी-सी सुनसान सड़क पर चल रहा हूँ। सामने पहाड़ी के ऊपर पेड़ों की एक लंबी कतार चली गयी है। उसके पीछे डूबते सूरज की पीली, गुलाबी, सोनाली छायाएँ आकाश पर खिंच आयी हैं। चारों ओर एक हल्की, हरी-सी धुंध फैल गयी है। घर से कुछ दूर मैं लैम्प पोस्ट के नीचे खड़ा हो गया और किताब खोलकर देखने लगा।

मैंने देखा-पन्नों के बीच वही फोटोवाला लिफाफा रखा था।

किताब बहुत पुरानी है- आज भी उसके जर्द, भुरभुरे पन्ने याद आते हैं-फ्लाबेज लेटर्स टु जॉर्ज साँ। उन दिनों न मैं फ्लाबे को जानता था, न जॉर्ज साँ को। बरसों बाद जब मैंने उसे पढ़ा तो माँ नहीं थीं और बीरेन चाचा एक लंबे अर्से से इटली में जाकर बस गये थे।

किन्तु उस दिन मेरे लिए उस पुस्तक का कोई महत्व नहीं था। उसे हाथ में लिए मैं देर तक अँधेरे में खड़ा रहा-अपने घर के ऊपरवाले कमरे की ओर देखता रहा।

माँ के कमरे की खिड़की बंद थी, सफेद-पीली रोशनी खिड़की के शीशे पर बुझी-बुझी-सी झिलमिला रही थी।

वह शिमले में हमारी आखिरी शाम थी।

**********

निर्मल वर्माजी के कहानी संग्रह 'परिंदे' को खरीदने का लिंक :

http://www.vaniprakashan.in/details.php?prod_id=8352&title=Parinde





साग-मीट - भीष्म साहनी (Saag Meat by Bhisham Sahni)


साग-मीट बनाना क्‍या मुश्किल काम है। आज शाम खाना यहीं खाकर जाओ, मैं तुम्‍हारे सामने बनवाऊँगी, सीख भी लेना और खा भी लेना। रुकोगी न? इन्‍हें साग-मीट बहुत पसंद है। जब कभी दोस्‍तों का खाना करते हैं, तो साग-मीट जरूर बनवाते हैं। हाय, साग-मीट तो जग्‍गा बनाता था। वह होता, तो मैं उससे साग-मीट बनवाकर तुम्‍हें खिलाती। उसके हाथ में बड़ा रस था। वह उसमें घी डालता, लहसुन डालता, जाने क्‍या-क्‍या डालता। बड़े शौक से बनाता था। मेरे तो तीन-तीन डिब्‍बे घी के महीने में निकल जाते हैं। नौकरों के लिए डालडा रखा हुआ है, पर कौन जाने, मुए हमें डालडा खिलाते हों और खुद अच्‍छा घी हड़प जाते हो। आज के जमाने में किसी का इतबार नहीं किया जा सकता। मैं ताले तो नहीं लगा सकती। मुझसे ताले नहीं लगते। मैं कहती हूँ, खाते हैं तो खाएँ। कितना खा लेंगे! मुझसे अपनी जान नहीं सँभाली जाती, अब ताले कौन लगाए? यह मथरा सात रोटियाँ सवेरे और सात रोटियाँ गिनकर शाम को खाता है। बीच में इसे दो बार चाय भी चाहिए, और घर में जो मिठाई हो, वह भी इसे दो। पर मैं कहती हूँ, 'टिका हुआ तो है, आजकल किसी नौकर का भरोसा थोड़े है। किसी वक्‍त भी उठकर कह देते हैं - मैं जा रहा हूँ।'

ये भी मुझे यही कहते हैं, 'कुत्ते के मुँह में हड्डी दिए रहो तो नहीं भूँकेगा। सत्तर रुपये पर इसे रखा था, अब सौ लेता है। फिर भी इसके तेवर चढ़े रहते हैं।' पर जग्‍गा बड़ा नेक आदमी था। बड़ा नमकहलाल। वह नौकर थोड़े ही था, वह तो घर का आदमी था। वह इन्‍हें बहुत मानता था। एक बार ये कुछ कह दें, तो मजाल है, वह पूरा न करे। बड़ा वफादार था। ये भी तो नौकर को नौकर नहीं समझते। घर का आदमी समझते हैं। जब कभी सौ-पचास की उसे जरूरत होती, झट-से निकालकर दे देते। कहीं कोई लिखत नहीं, कोई हिसाब नहीं।

जग्‍गा बीवी ब्‍याह कर लाया, तो दो जोड़े और एक गर्म कोट सिलवाकर दिया। मैं इनसे कहूँ, 'जी, क्‍यों पैसे लुटाते हो। नौकर किसी के अपने नहीं होते। इसी को पाँच रुपये कहीं से ज्‍यादा मिल गए, तो यह पीठ फेर लेगा।' ये कहते, 'तू अपना काम देख, पानी निकालने से कुएँ खाली नहीं होते। यह हमें साग-मीट खिलाता रहे, मुझसे जो माँगेगा, दूँगा। इस-जैसा बावर्ची तो शहर-भर में नहीं होगा।'

मुझे वह दिन याद है, जब जग्‍गे को लेकर आए थे। बाहर से ही आवाज लगाई, 'ले समित्रा, तेरे लिए नौकर ले आया हूँ। तब भी ये मुझसे कहें, इसे चाय के साथ खाने के लिए जरूर कुछ दे दिया कर। एक मठरी ज्‍यादा दे देने से तेरा नुकसान नहीं होगा। इसे घर से मोह पड़ गया, तो वर्षों तक तेरे साथ बना रहेगा। तेरा सारा काम कर दिया करेगा।'

और जग्‍गा भी ऐसा, जैसे जंगल से हिरन पकड़ लाए हों। बड़ी-बड़ी उसकी आँखें, हिरन की तरह हैरान-सा देखता रहता। वही बात हुई। जग्‍गे को मोह हो गया। पर यह छोटी उम्र में होता है। बड़े-बड़े मुस्‍टंडे नौकर, जो सड़कों पर घूमते हैं, इन्‍हें क्‍या मोह होगा। बच्‍चे कोमल होते हैं, जैसा सिखाओ, सीख जाते हैं। जानवर सीख जाते हैं, तो ये क्‍यों न सीखेंगे? इन्‍हें बस में करने के बड़े ढंग आते हैं।

तुम्‍हें जैकी याद है ना? हाय, तुम्‍हें जैकी भूल गया है? जैकी कुत्ता, जिसे ये एक दोस्‍त के घर से उठा लाए थे। सभी को भूँकता फिरता था। पर इन्‍होंने उसे ऐसा हाथ में किया, इन्‍हीं के कदमों में चक्‍कर काटता फिरता था। उसे भी ऐसा ही मोह पड़ गया था इनके साथ। मैं तुम्‍हें क्‍या बताऊँ। दफ्तर से इनके लौटने का वक्‍त होता, तो जैकी के कान खड़े हो जाते। बाहर सारा वक्‍त दसियों मोटरें दौड़ती रहती हैं, पर जिस वक्‍त इनकी मोटर आती, तो इसे झट-से पता चल जाता और भागकर बाहर पहुँच जाता। सीधा गेट पर जा पहुँचता। वहीं पर एक दिन अपनी ही गाड़ी के नीचे कुचल गया। यह मोह बहुत बुरी चीज है।

ये काँटे कहाँ से बनवाए हैं? बड़े खूबसूरत हैं। हीरे कितने के आए? सच्‍चे हैं ना? आजकल हर चीज को आग लगी हुई है। मैंने यह नाक की लौंग बनवाई, इतना छोटा-सा हीरा इसमें लगा है, पर पूरे सात सौ खुल गए। अब तो मुझे पहनते भी डर लगता है। जब जग्‍गा था, तो मेरी जेवरों की पिटारी भी बाहर पड़ी रहती थी। कभी दो पैसे भी इधर-उधर नहीं हुए। ऐसी भुलक्‍कड़ हूँ, कभी चेन गुसलखाने में रह जाती, कभी तिपाई पर रह जाती, जग्‍गा उठाकर दे देता। पर अब तो ऐसे नौकर आए हैं, हरे राम, मैंने सारे जेवर उठाकर बैंक में रख दिए हैं।

मथरा से पहले एक नौकर था, मंसा नाम का। ऊपर से बड़ा शरीफ। लगता, उसके मुँह में जबान ही नहीं है। पर एक दिन मैं पिछवाड़े की तरफ से घर आ रही थी, तो क्‍या देखती हूँ, मंसा छत पर खड़ा है और गली में खड़े आदमी को ऊपर से एक-एक करके कपड़े फेंक रहा है। मुझे देखते ही दोनों चंपत हो गए। मंसा गली में कूद गया और वहीं से भाग गया। आजकल नौकर रखने का जमाना नहीं है। मैं तो घर के बाहर भी जाऊँ, तो डर लगा रहता है कि पीछे नौकर कहीं घर की सफाई ही न कर जाएँ। जग्‍गा था, तो मुझे कोई भी चिंता नहीं होती थी। वह हाथ का बड़ा साफ था।

तू कुछ खा भी ना। तू तो कुछ भी नहीं खाती। गर्म चाय मँगवाऊँ? इसे छोड़ दे, यह ठंडी पड़ गई होगी, यह केक का टुकड़ा ले। बाजारी है पर बहुत अच्‍छा है। केक तो बनाती है, कमला की सास, एक-से-एक बढ़िया। कभी उसमें चाकलेट डालती है, कभी कुछ, कभी कुछ। 'वेंगर' से लेने जाओ, तो जो केक मुए अठारह रुपये में बेचते हैं, कमला की सास पाँच रुपये में बना लेती है। बीच में अंडे भी, दूध-चीनी भी, किशमिश और बादाम भी, जाने क्‍या-क्‍या। मुझसे अपनी जान नहीं सँभाली जाती, मैं क्‍या करूँगी। केक जग्‍गा भी बहुत अच्‍छे बनाता था। पर उसकी किस्‍मत खोटी थी, नहीं तो आज तुम्‍हें उसी के हाथ का बना केक खिलाती। हर तीसरे-चौथे दिन केक बनाता था, पर खुद कभी नहीं खाता था। मैं उससे कहूँ, तू भी एक टुकड़ा खा ले, पर नहीं।' वह कहता, 'बीबीजी, यहाँ केक खाऊँगा, तो बाहर मुझे केक कौन देगा?

किसे मालूम था कि यों चला जाएगा। मैं तो अब भी कहती हूँ, बक देता, तो बच जाता। पर अपनी-अपनी किस्‍मत है, कोई क्‍या करे! इनके सामने उसने मुँह ही नहीं खोला। इन्‍हें बहुत मानता था। बोला इसलिए नहीं कि इनके दिल को ठेस पहुँचेगी। और क्‍या बात हो सकती थी? अब अंदर की बात इन्‍हें क्‍या मालूम? वह बताए, तो पता चले। वह तो मैं जानती थी। उसके मन में क्‍या था, उसने हवा तक नहीं लगने दी।

धीरे बोल... दोपहर के वक्‍त किसी को क्‍या मालूम, सोया आदमी तो मोए बराबर होता है, हमारे घर में तो उस वक्‍त चिड़ी नहीं फड़कती। किसी को क्‍या खबर, घर के पिछवाड़े में क्‍या हो रहा है? मुझसे अपनी जान नहीं सँभाली जाती। भगवान झूठ न बुलवाए, एक दिन दोपहर को मैं उठी। गुसलखाने की तरफ जा रही थी, जब मुझे खटका-सा हुआ। मुझे लगा, जैसे कोई जग्‍गे की कोठरी की तरफ जा रहा है। मुझे क्‍या खबर, कौन नहीं है। फिर भी मेरे अंदर से फुरनी फुरी - इस वक्‍त यहाँ कौन हो सकता है? जग्‍गे को तो इस वक्‍त ये अपने दफ्तर में बुला लेते हैं। जग्‍गा तो इस वक्‍त दफ्तर में काम करता है, इनके लिए चाय-पानी बनाता है, चपरासगीरी करता है। ये कहते थे कि घर के लिए कोई दूसरा नौकर मिल जाए, तो जग्‍गे को मैं दफ्तर में रख लूँगा। फिर इस वक्‍त यहाँ कौन हो सकता है?

मैंने खिड़की में से झाँककर देखा। हाय, यह तो बिक्‍की है, मेरा देवर। काला सूट पहने, दबे पाँव चला जा रहा था, और सीधा जग्‍गे की कोठरी में क्‍या करने गया है? फिर मैंने सोचा, किसी काम से आया होगा। पर जग्‍गे की कोठरी में उसका क्‍या काम? और यह इतना दबे पाँव क्‍यों जा रहा है? मन में आया, इसी से जाकर पूछूँ। पर मुझसे मेरी जान नहीं सँभाली जाती। मैं लौटकर फिर पलंग पर पड़ रही, पर ध्‍यान मेरा बार-बार उसी ओर जाए। भलेमानस घरों में ऐसे काम नहीं करते। जो ऐसे काम करने हैं, तो शादी क्‍यों नहीं कर लेता। किसी का घर क्‍यों खराब करता है?

तुमने जग्‍गे की घरवाली देखी थी ना? बड़ी भोली-सी लड़की थी, गोरी इतनी, हाथ लगाए मैली होती थी। यह कलमुँहा किसी बहाने दफ्तर से भाग आता था और उसकी कोठरी में जा घुसता था। उस दिन मेरी नजर पड़ गई। असील-सी गाँव की लड़की, सहमी-सहमी-सी, इस चंट के आगे क्‍या बोलती?

धीरे बोल... इनके घर में बदचलनी बहुत है। ये ही एक शरीफ हैं। इनके चाचा ने भी दो-दो रखैल रखी हुई थीं। इनकी चाची, बुढ़िया, दोपहर को अपने एक नौकर से पाँव दबवाती थी। मैंने खुद देखा है। खाना खाने के बाद अपने कमरे में घुस जाती और पीछे-पीछे मुस्‍टंडा शंकर पहुँच जाता।

अब ऐसी बातें छिपी तो नहीं रह सकतीं ना। एक दिन जग्‍गे ने ही देख लिया। इन्‍होंने थर्मस मँगवाने के लिए जग्‍गे को घर पर भेजा। मैंने उसे थर्मस दी और वह अपनी कोठरी की तरफ चला गया। अचानक मैंने खिड़की के बाहर झाँककर देखा। बिक्‍की, वही काला सूट पहने, जग्‍गे की कोठरी में से बाहर निकल रहा था। 'बिक्‍की बाबू...!' जग्‍गे ने कहा। फिर उसका मुँह जैसे बंद हो गया। फटी-फटी आँखों से उसे देखता रहा गया। उधर बिक्‍की, बिना उसकी ओर देखे, चुपचाप वहाँ से निकल गया। मेरा दिल धक-धक करने लगा। मैंने कहा, 'अब इसकी घरवाली की खैर नहीं। यह उसे धुन देगा। क्‍या मालूम, जान से ही मार डाले। इन लोगों का कुछ पता थोड़े ही लगता है। पर कोठरी के अंदर से न हूँ, न हाँ।'

मैं नहीं जानती, जग्‍गा कितनी देर तक अंदर रहा। उसने अपनी बीवी से कुछ कहा, या नहीं कहा। मैं तो जाकर लेट गई, पर मैंने मन-ही-मन कहा कि आज रात मैं इनसे बात करूँगी। या तो जग्‍गे को चलता करें, या उससे कहें कि अपनी घरवाली को गाँव छोड़ आए। यहाँ इसका रहना ठीक नहीं।

लेटे-लेटे भी मेरे कान कोठरी की ओर लगे रहे। अभी वहाँ से रोने-चिल्‍लाने, पीटने-रोने की आवाज आएगी। पर वहाँ बिल्‍कुल चुप! मैंने मन-ही-मन कहा, ऐसा शरीफ आदमी भी किस काम का, जो अपनी घरवाली को काबू में नहीं रख सकता। दो लप्‍पड़ उसके मुँह पर लगाता, वह अपने-आप सीधे रास्‍ते पर आ जाती। दस तरीके हैं, औरत को सीधे रास्‍ते पर लाने के। पर यहाँ न हूँ, न हाँ।

पलंग पर लेटे-लेटे ही मुझे ऐसी घबराहट हुई, कि मुझे बाथरूम जाने की हाजत हो आई। मुझे मुई कब्‍जी भी तो रहती है ना। रोज रात को ईसबगोल की भूसी दूध में डालकर लेती हूँ, तब जाकर सुबह पेट साफ होता है। कभी-कभी तो जान इतनी घबराती है कि क्‍या बताऊँ। एक बार पूरे पाँच दिन तक कब्‍ज रही। ये मजाक करते थे। कहते थे अब बाथरूम जाओगी, तो बाथरूम साफ करना मुश्किल हो जाएगा। हाय, अब तो हँसा भी नहीं जाता। हँसती हूँ, तो साँस फूलने लगती है। मुझे बवासीर की शिकायत भी तो रहती है ना। यहाँ एक मुसीबत थोड़े है। एक नहीं, बीस दवाइयाँ खा चुकी हूँ।

डाक्‍टर कहता है, 'चला-फिरा करो।' अब इस शरीर के साथ कौन चल-फिर सकता है? थोड़ा-सा भी चलूँ, तो साँस फूलने लगती है। डाक्‍टर कहता है, 'मिठाई मत खाया करे,' पर मुझसे हाथ रोका ही नहीं जाता। घर में दो-तीन डिब्‍बे मिठाई के हर वक्‍त मौजूद रहते हैं, पर बर्फी का टुकड़ा मुँह में डालने की देर है कि पेट में गुड़-गुड़ होने लगती है। डाक्‍टर मुआ बार-बार कहता है, 'मिठाई खाना छोड़ दो।' पर एक टुकड़ा भी मुँह में न डालूँ, तो फिर मुझे बैठे-बैइे ही ठीक कर दो। न मेरी मिठाई बंद करो, न मुझे घूमने को कहो। अगर मुझे सैर करके ही दुरुस्‍त होना है, तो मुझे तुम्‍हारी क्‍या जरूरत है? जब आते हो, पच्‍चास-पच्‍चास रुपये ले जाते हो। हम तुम्‍हें इतने पैसे भी दें, फिर भी तुम ठीक नहीं कर सको, तो फिर फीस किस बात की लेते हो? हम पांडी-मजूर थोड़े हैं कि घूमते फिरें।

मैंने डाँटकर कहा, तो डाक्‍टर अपने-आप सीधा हो गया। कहने लगा, 'कोई बात नहीं, खाना खाने के बाद दो बड़े चम्‍मच इस दवाई के पी लिया करो।' मैंने कहा, अब आया न सीधे रास्‍ते पर! अब दो चम्‍मच रोज पी लेती हूँ। डकार आनी तो बंद हो गई है, पर कोई बात इधर-उधर की हो जाए और मन घबराने लगे, तो बाथरूम की हाजत होने लगती है।

उस दिन क्‍लब में गई, तो हरचरन की बीवी औरतों पर बडद्या रोआब गाँठ रही थी। कह रही थी, 'मैं सात गोलियाँ रोज खाती हूँ।' मैंने सुना, पर चुप रही। मन में कहा, यह भी कोई ऐंठने की बात है? भगवान अहंकार न बुलवाए, पंद्रह-पंद्रह गोलियाँ भी रोज खाई हैं, पर बाहर जाकर ढिंढोरा नहीं पीटा कि दवाई की पंद्रह गोलियाँ रोज खाते हैं। डाक्‍टर घर का पक्‍का रखा हुआ है, तीन सौ रुपया बँधा-बँधाया उसे हर महीने देते हैं, घर में कोई बीमार हो गया नहीं हो, अभी भी खानेवाले मेज पर जाकर देखो, कुछ नहीं तो दस दवाइयों की शीशियाँ वहाँ पर रखी होंगी, कुछ ताकत की गालियाँ, कुछ हाजमे की, और तरह-तरह की। जग्‍गे को सब मालूम था कि कौन-सी गोली मुझे किस वक्‍त चाहिए। अपने-आप लाकर दे दिया करता था। वह गया, तो दवाइयों का सारा सिलसिला ही खराब हो गया। ...तुम कुछ लो ना, तुम तो कुछ भी नहीं खा रही हो।

उस दिन जो शाम को ये घर आए, तो आते ही कहने लगे, 'कहाँ है जग्‍गा? उससे कहो, पाँच आदमी रात को खाना खाने आएँगे, बढ़िया तरकारियाँ बनाए और साग-मीट बनाये।' जग्‍गा आया, तो गुमसुम इनके सामने आकर खड़ा हो गया। चेहरा ऐसा पीला, जैसा मुर्दे का होता है। इन्‍होंने बड़े लाड़ से पूछा, 'क्‍यों जग्‍गे क्‍या बात है, इतना चुप क्‍यों है? क्‍या गाँव से कोई बुरी खबर आई है?' पर जग्‍गा चुप, न हूँ, न हाँ। इन्‍हें कहता भी तो क्‍या? इनसे कैसे कहता कि आपका भाई मेरी घरवाली से मुँह काला कर रहा है। कोई गैरत भी तो होती है। इनके आगे तो वह आँख उठाकर भी नहीं देखता था। पर इनकी तबीयत को तो तुम जानती हो, बिगड़ जाएँ, तो सख्‍त बिगड़ते हैं, आगा-पीछा नहीं देखते। और-तो-और, मुझे भी नौकरों के सामने बेइज्‍जत कर देते हैं।

जब जग्‍गा कुछ नहीं बोला, तो इन्‍हें गुस्‍सा आ गया। जग्‍गा पत्‍थर की मूरत बना खड़ा था। जाने उसके मन में क्‍या था। बोल देता, तो अपने दिल का गुबार तो निकाल लेता। मगर वह चुप!

ये उसे डाँटने लगे, तो मैंने रोक दिया। मैंने कहा - जी, मेहमान आनेवाले हैं, अभी सारा काम पड़ा है, जा जग्‍गा, तू रसोईघर में चल। वह उसी तरह गुमसुम रसोईघर में चला गया। थोड़ी देर बाद मैं रसोईघर में गई कि खाने-वाने का देखूँ, तो यह वैसे-का-वैसा गुमसुम खड़ा था। सरोईघर के बीचोंबीच, पत्‍थर की मूरत बना हुआ। मैंने कहा, इसकी बुद्धि पथरा गई है, यह कोई काम नहीं कर पायेगा। मैं उन्‍हीं कदमों से लौट आई। मैंने इनसे कहा - जी, इसे तो कुछ हो गया है। यह बोलता नहीं, मुझे तो डर लगता है। तुम बाहर से खाना मँगवा लो, और इसे आज के दिन छुट्टी दे दो।

मैंने इनसे कहा, तो ये खुद उठकर रसोईघर की तरफ चले गए। और बजाय उसे छुट्टी देने के, उसे फटकारने लगे। मैं थर-थर काँपने लगी। क्‍या मालूम, जग्‍गे ने कोई छुरा नेफे में छिपा रखा हो। इन लोगों का क्‍या भरोसा? 'बदजात बोलता क्‍यों नहीं?' ये ऐसे चिल्‍लाए, जैसा मैंने इन्‍हें कभी चिल्‍लाते नहीं सुना। मेरा तो ऊपर का साँस ऊपर और नीचे का साँस नीचे। मैं करूँ तो क्‍या करूँ? मैं भागकर इनके पास गई। मैंने सोचा, इन्‍हें खींचकर बाहर ले आऊँगी, पर इन्‍होंने मेरा हाथ झटक दिया। 'कमीने, मैं बार-बार पूछ रहा हूँ, बता क्‍या बात है, और तू बोलता तक नहीं। तेरी जबान घिसती है, मुझे जवाब देने में? निकल जा यहाँ से, अभी चला जा, मेरी आँखों से दूर हो जा।' और जग्‍गे को कान से पकड़कर रसोईघर के बाहर ले आए। मैं इन्‍हें समझाने लगी' कुछ न कहो जी घंटे-दो घंटे में मेहमान आनेवाले हैं, और अभी तक कुछ भी नहीं बना। यह चला जाएगा, तो खाना कौन बनाएगा। जा जग्‍गा, जा, तू रसोईघर में जा। और मैं इन्‍हें जैसे-तैसे खींच लायी।

रात को जब मेहमान चले गए... हाँ जी, बनाया जग्‍गे ने, सारा खाना बनाया। बड़ा अच्‍छा खाना बनाया, पर रहा गुमसुम, मुँह से एक लफ्ज नहीं बोला, खाना खाते-खाते इनका दिल भी पसीज गया! मेहमानों के सामने ही उससे कहने लगे, 'जग्‍गे! जा तेरी दस रुपये तरक्‍की! राय साहब कहते हैं, साग-मीट बहुत अच्‍छा बना है, शाबाश! जा तेरा कसूर माफ किया।' ये देने पर आएँ, तो मुँहमाँगी मुराद पूरी करते हैं। इनका दिल तो समंदर है।

रात को मुझसे नहीं रहा गया। मैंने कहा - जी, बिक्‍की बड़ा हो गया है, अब इसकी शादी की फिक्र करो। तो कहने लगे, 'तुम्‍हें इसकी शादी की क्‍या पड़ी है, अभी इसकी उम्र ही क्‍या है, अभी तो इसके मुँह पर से दूध भी नहीं सूखा।' मैंने कहा 'जी, शादी नहीं करोगे तो खूँटा तुड़ाए साँड़ की तरह जगह-जगह मुँह मारेगा। मैंने गोल-मोल शब्‍दों में कहा। पर बिक्‍की से उन्‍हें बहुत प्‍यार है, इसे अपने बच्‍चे की तरह इन्‍होंने पाला है। उसकी बुराई ये नहीं सुन सकते। मैंने फिर से उसकी शादी की बात चलाई, तो कहने लगे, 'मार ले जितना मुँह मारता है, अभी उसकी उम्र ही क्‍या है, दो दिन हँस-खेल ले, ब्‍याह के बंधन में तो एक दिन बँध ही जाएगा।'

मैंने कहा - जी, जवान लड़का है, गलत रास्‍ते पर भी पड़ सकता है। इसका तो जितनी जल्‍दी हो, ब्‍याह कर दो। इस पर कहने लगे, 'अभी तो इसने पढ़ाई भी पूरी नहीं कि। कुछ नहीं तो तीस-चालीस हजार इसकी पढ़ाई पर खर्च कर चुका हूँ। इसकी शादी करूँ, तो कम-से-कम यह रकम तो वसूल हो। और अभी इसने बी.ए. पास भी नहीं किया।'

मर्द लोग बड़े समझदार होते हैं, इन्‍हें तो दस बातों का ध्‍यान रहता है। अब मैं और आगे क्‍या कहती। मैंने इतना-भर कहा, आप इसके कान खींचते रहा कीजिए, जवानी बड़ी मस्‍तानी होती है। इस पर ये बिगड़ उठे, 'तुम्‍हें कुछ मालूम है क्‍या? बोलती क्‍यों नहीं हो?' ये इतनी रुखाई से बोले कि मैं चुप हो गई। मैंने सोचा, फिर कभी मौका मिलेगा, तो बात करूँगी, इन्‍हें आराम से समझाऊँगी, पर मुझे क्‍या मालूम था कि दूसरे ही दिन गुल खिलनेवाला है।

दूसरे दिन सुबह, यही आठ-साढ़े आठ का वक्‍त होगा, मैं पिछले बरामदे में बैठी बाल सुखा रही थी। वहाँ धूप अच्‍छी पड़ती है। मैंने सोचा, बाल सूख जाएँ, तो उन्‍हें काला करूँ। जग्‍गे की घरवाली बड़े सँवारकर मेरे बाल बनाती थी। मैंने सोचा, बाल सूख जाएँ, तो उसे बुला लूँगी। यही आठ-साढ़े आठ का वक्‍त होगा। उसी वक्‍त फ्रंटियर मेल आती है। घर के पिछवाड़े थोड़ी दूर पर ही तो रेलवे लाइन है। अगर गाड़ियों को सिगनल नहीं मिले, तो यहीं पर रुक जाती हैं, फिर धीरे-धीरे आगे बढ़ती हैं। पर फ्रंटियर मेल यहाँ नहीं रुकती। वही एक गाड़ी है, जो यहाँ खड़ी नहीं होती।

जग्‍गे ने पहले से ही सबकुछ सोच रखा होगा। उधर से गाड़ी आई, तो जग्‍गा अपनी कोठरी में से निकला। मैंने कहा, जग्‍गे, सुरस्‍ताँ को मेरे पास भेज दे। पर मुझे लगा, जैसे उसने सुनाओ ही नहीं। वह भागकर पिछवाड़े की दीवार फाँद गया और रेलवे लाइन की ढलान चढ़ने लगा। यह सब पलक मारते हो गया। उसने मुड़कर पीछे देखा ही नहीं, मेरी भी अक्‍कल मारी गई, मुझे सूझा ही नहीं कि वह क्‍यों भागा जा रहा है। मैंने सोचा, किसी काम से जा रहा होगा। गाड़ी का तो मुझे खयाल ही नहीं आया। वरना मैं उसे रोक नहीं देती? ढलान चढ़ने के बाद मैंने नहीं देखा कि वह कहाँ गया है, किस तरह गया है!

झूठ क्‍यों बोलूँ, शाम का वक्‍त है। बस, फिर मुझे नजर नहीं आया। मुझे तो खटका तब भी नहीं हुआ, जब गाड़ी धम-धम करती आई और कुछ ही देर बाद पहिए घसीटती रुक गई। पहिए घिसटने की आवाज आती है ना, जैसे किसी ने चेन खींची हो। पर मैंने खयाल नहीं किया, यहाँ रोज गाड़ियाँ रुकती हैं। मैंने सोचा किसी ने चेन खींची होगी। थोड़ी देर में माली भागा-भागा आया। कहने लगा, कोई हादसा हो गया है, और वह भी पिछवाड़े की दीवार फाँदकर ढलान चढ़ने लगा। मुझे फिर भी शक नहीं हुआ। थोड़ी देर बाद पड़ोसवाले नौकर ने चिल्‍लाकर कहा, 'जग्‍गा मारा गया है। जग्‍गा गाड़ी के नीचे कुचल गया है।'

मेरा दिल बुरी तरह से धक-धक करने लगा। उसके साथ उन्‍स थी ना। वह तो जैसे घर का आदमी था, कोई पराया थोड़े ही था। ये तो उसके साथ बेटे-जैसा सुलूक करते थे। वह भी इन्‍हें बाप की तरह मानता था। यही चीज उसे अंदर-ही-अंदर खा गई। मैं तो अब भी कहती हूँ, अगर जग्‍गा बोल पड़ता, तो बच जाता। ये जरूर कोई-न-कोई रास्‍ता ढूँढ़ निकालते। ये सब तरकीबें जानते हैं। बड़े समझदार हैं। पर वह बोला ही नहीं।

वह दिन तो ऐसा बुरा बीता, ऐसा बुरा कि तुम्‍हें क्‍या बताऊँ! बार-बार टेलिफोन आएँ, तीन बार तो पुलिस का इन्‍स्‍पेक्‍टर आया। बार-बार इन्‍हें बुलाता, बार-बार कोठरी में झाँककर देखता। अंदर बैठी थी, वह कुलच्‍छणी! मौका देखने के बहाने इन्‍स्‍पेक्‍टर बार-बार अंदर जाए। मर्द तो भेड़िए की तरह औरत को घूरते हैं ना। और वह अंदर बेहोश पड़ी थी। उसे बार-बार गश आ रहे थे। अब मैं किस काम की! मुझसे अपनी जान नहीं सँभाली जाती। दो-एक बार मन में आया भी कि जाऊँ, सुरस्‍ताँ को देख आऊँ। पर इन्‍होंने मना कर दिया, ये कहने लगे, फौजदारी का मामला है, इससे दूर ही रहो। जब तक पुलिस अपनी कार्रवाई न कर ले, कोठरी में कदम नहीं रखना। मर्द समझदार होते हैं ना, उन्‍होंने दुनिया देखी होती है। पुलिस ने इनसे पूछा, तो इन्‍होंने कहा 'वह पिछले दिन से ही पगलाया-पगलाया-सा लग रहा था। मियाँ-बीवी की आपस में कोई बात हुई हो, तो हम नहीं जानते। नौकरों की अंदर की बातों से मालिकों का क्‍या काम?' एक बार अंदर आए, तो मैंने इनसे कहा, 'जी, तुम बिक्‍की को कहीं बाहर भेज दो।' मैं कहूँ, इन्‍हें मालूम नहीं, पर आस-पास के किसी आदमी को मालूम हुआ, तो बखेड़ा उठ खड़ा होगा। पर इन्‍होंने समझदारी की। बिक्‍की को बाहर नहीं भेजा। मर्द लोग समझदार होते हैं, बिक्‍की लापता हो जाता, तो पुलिस को शक पड़ सकता था, ना।

एक मठरी और लो! लो ना! तुमने तो कुछ खाया ही नहीं। खाओगी तो सेहत बनी रहेगी, बस मुटियाना नहीं। मेरी तरह मोटी नहीं होना, मोटी देह किस काम की। तुम आ गईं, तो घंटा, आध घंटा, मन बहल गया। कभी-कभी आ जाया करो ना। तुम दूर तो नहीं रहती हो। कहो तो मोटर भेज दिया करूँ? अकेले में तो घर भाँय-भाँय करता है। ये तो दफ्तर से आते हैं, तो सीधे ब्रिज खेलने चले जाते हैं। जब तक तीन-चार घंटे ब्रिज न खेल लें, इन्‍हें चैन नहीं मिलता। यह ताश तो मेरी सौतन आई है, इस घर में जब से ब्‍याही आई हूँ, यह मेरा पीछा नहीं छोड़ती। रोज शाम को इन्‍हें उड़ा ले जाती है। हाय, अब तो हँस भी नहीं सकती हूँ। हँसती हूँ, तो साँस फूलने लगता है। छाती में शाँ-शाँ होती है। मैं इनसे कहूँ, तुम ताश बहुत न खेला करो जी। अपनी सेहत का भी कुछ खयाल किया करो। जानती हो, क्‍या कहते हैं? कहने लगे, 'इसी ताश के तुफैल ही से तो मेरे दस काम सँवरते हैं। पुलिस का बड़ा अफसर ताश का साथी था, तभी जग्‍गेवाला मामला रफा-दफा हो गया, वरना घर में से कोई खुदकुशी करे, तो पुलिसवाले क्‍या घरवालों को परेशान नहीं करेंगे?' मैंने कहा, 'ठीक है, मर्द लोग जानें, हम क्‍या जानें।' बस, वहीं दिन हमारा बुरा गुजरा। इनको दिन के वक्‍त सोने की आदत है, थोड़ा सो न लें, तो बदन भारी-भारी महसूस करने लगता है, पर कोई सोने दे तो! उस दिन वह भी नहीं हुआ। सोने के लिए लेटें, तो कभी टेलीफोन की घंटी बजने लगे, तो कभी कोई सरकारी आदमी आ जाए। पर दूसरे दिन से चैन हो गया। फिर कोई नहीं आया।

जब मामला रफा-दफा हो गया, तो एक दिन मैंने बिक्‍की की सारी करतूत इन्‍हें बात दी। ये कहने लगे, 'मुझे तो पहले दिन से मालूम था।' मैं हक्‍की-बक्‍की इनके मुँह की ओर देखने लगी। 'जवानी में सभी बेवकूफियाँ करते हैं, इसने कर ली, तो क्‍या हुआ। मैंने कहा, 'जी, बिक्‍की को समझा तो दिया होता।' कहने लगे, 'कोई बेसवा के पास तो नहीं गया, कोई बीमारी तो नहीं ले आया, हो गई बात जो होनी थी, आगे के लिए इसे खुद कान हो जाएँगे।' मैंने कहा - 'जी, पर बात तो अच्‍छी नहीं ना, ऐसा बिक्‍की को करना तो नहीं चाहिए था ना। बिक्‍की ने ऐसा नहीं किया होता, तो जग्‍गा जान पर तो नहीं खेल जाता ना।' तो कहने लगे, 'तुम क्‍या चाहती हो, भाई को पुलिस में दे देता?' 'पर जी, उसने जुर्म तो बहुत बड़ा किया है, ना।' ये और भी बिगड़ उठे, 'उसका जुर्म देखता या उसकी जान बचाता? तुम क्‍या चाहती हो, उसे काल-कोठरी में भिजवा देता?'

फिर थोड़ी देर बाद धीमे-से बोले, मुझे समझाने लगे, 'औव्‍वल तो कौन जाने, बिक्‍की अपने-आप अंदर गया था या जग्‍गे की घरवाली उसे इशारे करती रही थी। ताली एक हाथ से तो नहीं बजती। औरत बढ़ावा देती है, तभी मर्द बहकता है। लड़की इशारा भी कर दे, तो आदमी बौरा जाता है। कोठरी के बाहर पर्दा लगा रहता है। क्‍या मालूम पर्दे की ओट में उसे इशारे करती रही हो। औरत खुद न चाहती, तो क्‍या मजाल थी कि बिक्‍की उसके कमरे में जाता। ऐसे ही कोई किसी के कमरे में घुस जाता है? इतनी ही शरीफजादी थी, तो अंदर से कमरा बंद करके क्‍यों नहीं बैठती थी? अंदर से साँकल लगाकर बैठती। तेरा मर्द बाहर काम पर गया है, तू कोठरी में अकेली है, तू अंदर से कोठरी बंद करके बैठ। दरवाजा खोलकर बैठने का तेरा क्‍या मतलब है? दिन के वक्‍त तेरे पास आ सकती थी। उसे किसी ने मना किया था?'

मैं सुनती रही, मैं भी सोचूँ, किसी के दिल की कौन जानता है, लड़की के दिल में चोर था, या बिक्‍की के दिल में, भगवान जाने।

आखिर में जी, इन्‍होंने सारा मामला सँभाल लिया, इनसे सब संतुष्‍ट हो गए। इन्‍हें भगवान ने ऐसी समझदारी दी है, इनकी कोई कसम तक नहीं खाता। सभी इनके सामने हाथ जोड़ते हैं। ये जल्‍दी घबराना नहीं जानते ना, यही इनकी सबसे बड़ी खूबी है। कोई दूसरा होता, तो घबरा जाता। जग्‍गे का भाई गाँव से आया, बहुत रोया-धोया, उसे इन्‍होंने दो सौ रुपये निकालकर दे दिए। जग्‍गे की घरवाली का बाप आया। उसे भी इन्‍होंने पैसे दिए। मैंने इनसे कहा, 'जी, मामला रफा-दफा हो गया है, अब ये हमारे क्‍या लगते हैं, तुम पैसे लुटा रहे हो।' पर नहीं, ये कहने लगे, 'जग्‍गे ने दस साल तक हमारी सेवा की है। इसे हम कैसे भूल सकते हैं।' कहने लगे, 'सौ-पच्‍चास दे दो, तो गरीब का मुँह बंद हो जाता है।' ये सबका भला सोचते हैं, किसी का बुरा नहीं सोचते। हर किसी की मदद ही करेंगे।

यह जरा घंटी तो बजाना। मुए जानते भी हैं, रात पड़ गई है, मगर मजाल है, जो अपने-आप आकर बत्ती जलाएँ। बार-बार घंटी बजानी पड़ती है। कानों में तेल डाले पड़े रहते हैं। अब आई हो, तो खाना खाकर जाना। ये जाने कब लौटेंगे। कभी दस बजे आते हैं, कभी खाना खाकर आते हैं। मैं दिन-भर अकेली बैठी कौव्‍वे उड़ाती रहती हूँ। अब खाना खाए बिना तो मैं तुम्‍हें जाने ही नहीं दूँगी। तुम आ गईं, तो घड़ी-भर दिल बहल गया। हमने अपनी बातें तो अभी तक की ही नहीं। दोनों बैठी बातें करेंगी। तुमने साग-मीट का पूछा तो बीच में मुए जग्‍गे की बात चल पड़ी। मैं तुम्‍हें खाना खाए बिना तो जाने नहीं दूँगी...

दिल्ली में एक मौत - कमलेश्वर (Dilli Mein Ek Maut by Kamleshwar)

 

मैं चुपचाप खडा सब देख रहा हूँ और अब न जाने क्यों मुझे मन में लग रहा है कि दीवानचंद की शवयात्रा में कम से कम मुझे तो शामिल हो ही जाना चाहिए था। उनके लडके से मेरी खासी जान-पहचान है और ऐसे मौके पर तो दुश्मन का साथ भी दिया जाता है। सर्दी की वजह से मेरी हिम्मत छूट रही है... पर मन में कहीं शवयात्रा में शामिल होने की बात भीतर ही भीतर कोंच रही है।

चारों तरफ कुहरा छाया हुआ है। सुबह के नौ बजे हैं, लेकिन पूरी दिल्ली धुँध में लिपटी हुई है। सडकें नम हैं। पेड भीगे हुए हैं। कुछ भी साफ दिखाई नहीं देता। जिंदगी की हलचल का पता आवाजों से लग रहा है। ये आवाजें कानों में बस गई हैं। घर के हर हिस्से से आवाजें आ रही हैं। वासवानी के नौकर ने रोज की तरह स्टोव जला दिया है, उसकी सनसनाहट दीवार के पार से आ रही है। बगल वाले कमरे में अतुल मवानी जूते पर पालिश कर रहा है... ऊपर सरदारजी मूँछों पर फिक्सो लगा रहे हैं... उनकी खिडकी के परदे के पार जलता हुआ बल्ब बडे मोती की तरह चमक रहा है। सब दरवाजे बंद हैं, सब खिडकियों पर परदे हैं, लेकिन हर हिस्से में जिंदगी की खनक है। तिमंजिले पर वासवानी ने बाथरूम का दरवाजा बंद किया है और पाइप खोल दिया है...

कुहरे में बसें दौड रही हैं। जूँ-जूँ करते भारी टायरों की आवाजें दूर से नजदीक आती हैं और फिर दूर होती जाती हैं। मोटर-रिक्शे बेतहाशा भागे चले जा रहे हैं। टैक्सी का मीटर अभी किसी ने डाउन किया है। पडोस के डॉक्टर के यहाँ फोन की घंटी बज रही है। और पिछवाडे गली से गुजरती हुई कुछ लडकियाँ सुबह की शिफ्ट पर जा रही हैं।

सख्त सर्दी है। सडकें ठिठुरी हुई हैं और कोहरे के बादलों को चीरती हुई कारें और बसें हॉर्न बजाती हुई भाग रही हैं। सडकों और पटरियों पर भीड है,पर कुहरे में लिपटा हुआ हर आदमी भटकती हुई रूह की तरह लग रहा है।

वे रूहें चुपचाप धुँध के समुद्र में बढती जा रही हैं... बसों में भीड है। लोग ठंडी सीटों पर सिकुडे हुए बैठे हैं और कुछ लोग बीच में ही ईसा की तरह सलीब पर लटके हुए हैं बाँहें पसारे, उनकी हथेलियों में कीलें नहीं, बस की बर्फीली, चमकदार छडें हैं।

और ऐसे में दूर से एक अर्थी सडक पर चली आ रही है। इस अर्थी की खबर अखबार में है। मैंने अभी-अभी पढी है। इसी मौत की खबर होगी। अखबार में छपा है आज रात करोलबाग के मशहूर और लोकप्रिय बिजनेस मैगनेट सेठ दीवानचंद की मौत इरविन अस्पताल में हो गई। उनका शव कोठी पर ले आया गया है। कल सुबह नौ बजे उनकी अर्थी आर्य समाज रोड से होती हुई पंचकुइयाँ श्मशान-भूमि में दाह-संस्कार के लिए जाएगी।

और इस वक्त सडक पर आती हुई यह अर्थी उन्हीं की होगी। कुछ लोग टोपियाँ लगाए और मफलर बाँधे हुए खामोशी से पीछे-पीछे आ रहे हैं। उनकी चाल बहुत धीमी है। कुछ दिखाई पड रहा है, कुछ नहीं दिखाई पड रहा है, पर मुझे ऐसा लगता है अर्थी के पीछे कुछ आदमी हैं।

मेरे दरवाजे पर दस्तक होती है। मैं अखबार एक तरफ रखकर दरवाजा खोलता हूँ। अतुल मवानी सामने खडा है। 'यार, क्या मुसीबत है, आज कोई आयरन करने वाला भी नहीं आया, जरा अपना आयरन देना। अतुल कहता है तो मुझे तसल्ली होती है। नहीं तो उसका चेहरा देखते ही मुझे खटका हुआ था कि कहीं शवयात्रा में जाने का बवाल न खडा कर दे। मैं उसे फौरन आयरन दे देता हूँ और निश्चिंत हो जाता हूँ कि अतुल अब अपनी पेंट पर लोहा करेगा और दूतावासों के चक्कर काटने के लिए निकल जाएगा।

जब से मैंने अखबार में सेठ दीवानचंद की मौत की खबर पढी थी, मुझे हर क्षण यही खटका लगा था कि कहीं कोई आकर इस सर्दी में शव के साथ जाने की बात न कह दे। बिल्डिंग के सभी लोग उनसे परिचित थे और सभी शरीफ, दुनियादार आदमी थे।

तभी सरदारजी का नौकर जीने से भडभडाता हुआ आया और दरवाजा खोलकर बाहर जाने लगा। अपने मन को और सहारा देने के लिए मैंने उसे पुकारा, 'धर्मा! कहाँ जा रहा है? 'सरदारजी के लिए मक्खन लेने, उसने वहीं से जवाब दिया तो लगे हाथों लपककर मैंने भी अपनी सिगरेट मँगवाने के लिए उसे पैसे थमा दिए।

सरदारजी नाश्ते के लिए मक्खन मँगवा रहे हैं, इसका मतलब है वे भी शवयात्रा में शामिल नहीं हो रहे हैं। मुझे कुछ और राहत मिली। जब अतुल मवानी और सरदारजी का इरादा शवयात्रा में जाने का नहीं है तो मेरा कोई सवाल ही नहीं उठता। इन दोनों का या वासवानी परिवार का ही सेठ दीवानचंद के यहाँ ज्यादा आना-जाना था। मेरी तो चार-पाँच बार की मुलाकात भर थी। अगर ये लोग ही शामिल नहीं हो रहे हैं तो मेरा सवाल ही नहीं उठता।

सामने बारजे पर मुझे मिसेस वासवानी दिखाई पडती हैं। उनके खूबसूरत चेहरे पर अजीब-सी सफेदी और होंठों पर पिछली शाम की लिपस्टिक की हल्की लाली अभी भी मौजूद थी। गाउन पहने हुए ही वे निकली हैं और अपना जूडा बाँध रही हैं। उनकी आवाज सुनाई पडती है, 'डार्लिंग, जरा मुझे पेस्ट देना, प्लीज...

मुझे और राहत मिलती है। इसका मतलब है कि मिस्टर वासवानी भी मैयत में शामिल नहीं हो रहे हैं।

दूर आर्य समाज रोड पर वह अर्थी बहुत आहिस्ता-आहिस्ता बढती आ रही है...

अतुल मवानी मुझे आयरन लौटाने आता है। मैं आयरन लेकर दरवाजा बंद कर लेना चाहता हूँ, पर वह भीतर आकर खडा हो जाता है और कहता है, 'तुमने सुना, दीवानचंदजी की कल मौत हो गई है।

'मैंने अभी अखबार में पढा है, मैं सीधा-सा जवाब देता हूँ, ताकि मौत की बात आगे न बढे। अतुल मवानी के चेहरे पर सफेदी झलक रही है, वह शेव कर चुका है। वह आगे कहता है, 'बडे भले आदमी थे दीवानचंद।

यह सुनकर मुझे लगता है कि अगर बात आगे बढ गई तो अभी शवयात्रा में शामिल होने की नैतिक जिम्मेदारी हो जाएगी, इसलिए मैं कहता हूँ, 'तुम्हारे उस काम का क्या हुआ?

'बस, मशीन आने भर की देर है। आते ही अपना कमीशन तो खडा हो जाएगा। यह कमीशन का काम भी बडा बेहूदा है। पर किया क्या जाए? आठ-दस मशीनें मेरे थ्रू निकल गईं तो अपना बिजनेस शुरू कर दूँगा। अतुल मवानी कह रहा है, 'भई, शुरू-शुरू में जब मैं यहाँ आया था तो दीवानचंदजी ने बडी मदद की थी मेरी। उन्हीं की वजह से कुछ काम-धाम मिल गया था। लोग बहुत मानते थे उन्हें।

फिर दीवानचंद का नाम सुनते ही मेरे कान खडे हो जाते हैं। तभी खिडकी से सरदारजी सिर निकालकर पूछने लगते हैं, 'मिस्टर मवानी! कितने बजे चलना है?

'वक्त तो नौ बजे का था, शायद सर्दी और कुहरे की वजह से कुछ देर हो जाए। वह कह रहा है और मुझे लगता है कि यह बात शवयात्रा के बारे में ही है।

सरदारजी का नौकर धर्मा मुझे सिगरेट देकर जा चुका है और ऊपर मेज पर चाय लगा रहा है। तभी मिसेज वासवानी की आवाज सुनाई पडती है, 'मेरे खयाल से प्रमिला वहाँ जरूर पहुँचेगी, क्यों डार्लिंग?

'पहुँचना तो चाहिए। ...तुम जरा जल्दी तैयार हो जाओ। कहते हुए मिस्टर वासवानी बारजे से गुजर गए हैं।

अतुल मुझसे पूछ रहा है, 'शाम को कॉफी-हाउस की तरफ आना होगा?

'शायद चला आऊँ, कहते हुए मैं कम्बल लपेट लेता हूँ और वह वापस अपने कमरे में चला जाता है। आधे मिनट बाद ही उसकी आवाज फिर आती है, 'भई, बिजली आ रही है? मैं जवाब दे देता हूँ, 'हाँ, आ रही है। मैं जानता हूँ कि वह इलेक्ट्रिक रॉड से पानी गर्म कर रहा है, इसीलिए उसने यह पूछा है।

'पॉलिश! बूट पॉलिश वाला लडका हर रोज की तरह अदब से आवाज लगाता है और सरदारजी उसे ऊपर पुकार लेते हैं। लडका बाहर बैठकर पॉलिश करने लगता है और वह अपने नौकर को हिदायतें दे रहे हैं, 'खाना ठीक एक बजे लेकर आना।... पापड भूनकर लाना और सलाद भी बना लेना...। मैं जानता हूँ सरदारजी का नौकर कभी वक्त से खाना नहीं पहुँचाता और न उनके मन की चीजें ही पकाता है।

बाहर सडक पर कुहरा अभी भी घना है। सूरज की किरणों का पता नहीं है। कुलचे-छोलेवाले वैष्णव ने अपनी रेढी लाकर खडी कर ली है। रोज की तरह वह प्लेटें सजा रहा है, उनकी खनखनाहट की आवाज आ रही है।

सात नंबर की बस छूट रही है। सूलियों पर लटके ईसा उसमें चले जा रहे हैं और क्यू में खडे और लोगों को कंडक्टर पेशगी टिकट बाँट रहा है। हर बार जब भी वह पैसे वापस करता है तो रेजगारी की खनक यहाँ तक आती है। धँध में लिपटी रूहों के बीच काली वर्दी वाला कंडक्टर शैतान की तरह लग रहा है।

और अर्थी अब कुछ और पास आ गई है।

'नीली साडी पहन लूँ? मिसेज वासवानी पूछ रही हैं।

वासवानी के जवाब देने की घुटी-घुटी आवाज से लग रहा है कि वह टाई की नॉट ठीक कर रहा है।

सरदारजी के नौकर ने उनका सूट ब्रुश से साफ करके हैंगर पर लटका दिया है। और सरदारजी शीशे के सामने खडे पगडी बाँध रहे हैं।

अतुल मवानी फिर मेरे सामने से निकला है। पोर्टफोलियो उसके हाथ में है। पिछले महीने बनवाया हुआ सूट उसने पहन रखा है। उसके चेहरे पर ताजगी है और जूतों पर चमक। आते ही वह मुझे पूछता है, 'तुम नहीं चल रहे हो? और मैं जब तक पूछूँ कि कहाँ चलने को वह पूछ रहा है, वह सरदारजी को आवाज लगाता है, 'आइए, सरदारजी! अब देर हो रही है। दस बज चुका है।

दो मिनट बाद ही सरदारजी तैयार होकर नीचे आते हैं कि वासवानी ऊपर से ही मवानी का सूट देखकर पूछता है, 'ये सूट किधर सिलवाया?

'उधर खान मार्केट में।

'बहुत अच्छा सिला है। टेलर का पता हमें भी देना। फिर वह अपनी मिसेज को पुकारता है, 'अब आ जाओ, डियर!... अच्छा मैं नीचे खडा हूँ तुम आओ। कहता हुआ वह भी मवानी और सरदारजी के पास आ जाता है और सूट को हाथ लगाते हुए पूछता है, 'लाइनिंग इंडियन है।

'इंग्लिश!

'बहुत अच्छा फिटिंग है! कहते हुए वह टेलर का पता डायरी में नोट करता है। मिसेज वासवानी बारजे पर दिखाई पडती हैं।

अर्थी अब सडक पर ठीक मेरे कमरे के नीचे है। उसके साथ कुछेक आदमी हैं, एक-दो कारें भी हैं, जो धीरे-धीरे रेंग रही हैं। लोग बातों में मशगूल हैं।

मिसेज वासवानी जूडे में फूल लगाते हुए नीचे उतरती हैं तो सरदारजी अपनी जेब का रुमाल ठीक करने लगते हैं। और इससे पहले कि वे लोग बाहर जाएँ वासवानी मुझसे पूछता है, 'आप नहीं चल रहे?

'आप चलिए मैं आ रहा हूँ मैं कहता हूँ पर दूसरे ही क्षण मुझे लगता है कि उसने मुझसे कहाँ चलने को कहा है? मैं अभी खडा सोच ही रहा रहा हूँ कि वे चारों घर के बाहर हो जाते हैं। अर्थी कुछ और आगे निकल गई है। एक कार पीछे से आती है और अर्थी के पास धीमी होती है। चलाने वाले साहब शवयात्रा में पैदल चलने वाले एक आदमी से कुछ बात करते हैं और कार सर्र से आगे बढ जाती है। अर्थी के साथ पीछे जाने वाली दोनों कारें भी उसी कार के पीछे सरसराती हुई चली जाती हैं।

मिसेज वासवानी और वे तीनों लोग टैक्सी स्टैंड की ओर जा रहे हैं। मैं उन्हें देखता रहता हूँ। मिसेज वासवानी ने फर-कालर डाल रखा है। और शायद सरदारजी अपने चमडे के दास्ताने पहने हैं और वे चारों टैक्सी में बैठ जाते हैं। अब टैक्सी इधर ही आ रही है और उसमें से खिलखिलाने की आवाज मुझे सुनाई पड रही है। वासवानी आगे सडक पर जाती अर्थी की ओर इशारा करते हुए ड्राइवर को कुछ बता रहा है।...

मैं चुपचाप खडा सब देख रहा हूँ और अब न जाने क्यों मुझे मन में लग रहा है कि दीवानचंद की शवयात्रा में कम से कम मुझे तो शामिल हो ही जाना चाहिए था। उनके लडके से मेरी खासी जान-पहचान है और ऐसे मौके पर तो दुश्मन का साथ भी दिया जाता है। सर्दी की वजह से मेरी हिम्मत छूट रही है... पर मन में कहीं शवयात्रा में शामिल होने की बात भीतर ही भीतर कोंच रही है।

उन चारों की टैक्सी अर्थी के पास धीमी होती है। मवानी गर्दन निकालकर कुछ कहता है और दाहिने से रास्ता काटते हुए टैक्सी आगे बढ जाती है।

मुझे धक्का-सा लगता है और मैं ओवरकोट पहनकर, चप्पलें डालकर नीचे उतर आता हूँ। मुझे मेरे कदम अपने आप अर्थी के पास पहुँचा देते हैं, और मैं चुपचाप उसके पीछे-पीछे चलने लगता हूँ। चार आदमी कंधा दिए हुए हैं और सात आदमी साथ चल रहे हैं सातवाँ मैं ही हूँ।और मैं सोच रहा हूँ कि आदमी के मरते ही कितना फर्क पड जाता है। पिछले साल ही दीवानचंद ने अपनी लडकी की शादी की थी तो हजारों की भीड थी। कोठी के बाहर कारों की लाइन लगी हुई थी... मैं अर्थी के साथ-साथ लिंक रोड पर पहुँच चुका हूँ। अगले मोड पर ही पंचकुइयाँ श्मशान भूमि है।

और जैसे ही अर्थी मोड पर घूमती है, लोगों की भीड और कारों की कतार मुझे दिखाई देने लगती है। कुछ स्कूटर भी खडे हैं। औरतों की भीड एक तरफ खडी है। उनकी बातों की ऊँची ध्वनियाँ सुनाई पड रही हैं। उनके खडे होने में वही लचक है जो कनॉट प्लेस में दिखाई पडती है। सभी के जूडों के स्टाइल अलग-अलग हैं। मर्दों की भीड से सिगरेट का धुआँ उठ-उठकर कुहरे में घुला जा रहा है और बात करती हुई औरतों के लाल-लाल होंठ और सफेद दाँत चमक रहे हैं और उनकी आँखों में एक गरूर है...

अर्थी को बाहर बने चबूतरे पर रख दिया गया है। अब खामोशी छा गई है। इधर-उधर बिखरी हुई भीड शव के इर्द-गिर्द जमा हो गई है और कारों के शोफर हाथों में फूलों के गुलदस्ते और मालाएँ लिए अपनी मालकिनों की नजरों का इंतजार कर रहे हैं।

मेरी नजर वासवानी पर पडती है। वह अपनी मिसेज को आँख के इशारे से शव के पास जाने को कह रहा है और वह है कि एक औरत के साथ खडी बात कर रही है। सरदारजी और अतुल मवानी भी वहीं खडे हुए हैं।

शव का मुँह खोल दिया गया है और अब औरतें फूल और मालाएँ उसके इर्द-गिर्द रखती जा रही हैं। शोफर खाली होकर अब कारों के पास खडे सिगरेट पी रहे हैं।

एक महिला माला रखकर कोट की जेब से रुमाल निकालती है और आँखों पर रखकर नाक सुरसुराने लगती है और पीछे हट जाती है।

और अब सभी औरतों ने रुमाल निकाल लिए हैं और उनकी नाकों से आवाजें आ रही हैं।

कुछ आदमियों ने अगरबत्तियाँ जलाकर शव के सिरहाने रख दी हैं। वे निश्चल खडे हैं।

आवाजों से लग रहा है औरतों के दिल को ज्यादा सदमा पहुँचा है।

अतुल मवानी अपने पोर्टफोलियो से कोई कागज निकालकर वासवानी को दिखा रहा है। मेरे खयाल से वह पासपोर्ट का फॉर्म है।

अब शव को भीतर श्मशान भूमि में ले जाया जा रहा है। भीड फाटक के बाहर खडी देख रही है। शोफरों ने सिगरेटें या तो पी ली हैं या बुझा दी हैं और वे अपनी-अपनी कारों के पास तैनात हैं।

शव अब भीतर पहुँच चुका है।

मातमपुरसी के लिए आए हुए आदमी और औरतें अब बाहर की तरफ लौट रहे हैं। कारों के दरवाजे खुलने और बंद होने की आवाजें आ रही हैं। स्कूटर स्टार्ट हो रहे हैं। और कुछ लोग रीडिंग रोड, बस-स्टॉप की ओर बढ रहे हैं।

कुहरा अभी भी घना है। सडक से बसें गुजर रही हैं और मिसेज वासवानी कह रही हैं, 'प्रमिला ने शाम को बुलाया है, चलोगे न डियर? कार आ जाएगी। ठीक है न?

वासवानी स्वीकृति में सिर हिला रहा है।

कारों में जाती हुई औरतें मुस्कराते हुए एक-दूसरे से बिदा ले रही हैं और बाय-बाय की कुछेक आवाजें आ रही हैं। कारें स्टार्ट होकर जा रही हैं।

अतुल मवानी और सरदारजी भी रीडिंग रोड, बस स्टॉप की ओर बढ गए हैं और मैं खडा सोच रहा हूँ कि अगर मैं भी तैयार होकर आया होता तो यहीं से सीधा काम पर निकल जाता। लेकिन अब तो साढे ग्यारह बज चुके हैं।

चिता में आग लगा दी गई है और चार-पाँच आदमी पेड के नीचे पडी बैंच पर बैठे हुए हैं। मेरी तरह वे भी यूँ ही चले आए हैं। उन्होंने जरूर छुट्टी ले रखी होगी, नहीं तो वे भी तैयार होकर आते।

मेरी समझ में नहीं आ रहा है कि घर जाकर तैयार होकर दफ्तर जाऊँ या अब एक मौत का बहाना बनाकर आज की छुट्टी ले लूँ आखिर मौत तो हुई ही है और मैं शवयात्रा में शामिल भी हुआ हूँ।

नीली झील - कमलेश्वर (Neeli Jheel by Kamleshwar)


बहुत दूर से ही वह नीली झील दिखाई पड़ने लगती है। सपाट मैदानों के छोर पर, पेड़ों के झुरमुट के पीछे, ऐसा मालूम पड़ता है, जैसे धरती एकदम ढालू होकर छिप गया हो, लेकिन गौर से देखने पर ऊँचे-ऊँचे पेड़ों के बीच से एक बहुत बड़ा शीशा झलकता दिखाई पड़ता है।

यही वह झील है।

और इसी झील पर जल-पक्षियों के शिकार के लिए आए हुए अँग्रेज-कलक्टर ने कहा था, “कितनी खूबसूरत है यह झील ! जैसे जमीन में हार जड़ा हो-झील तक पहुँचने के लिए पक्का रास्ता होना चाहिए।”

यह तीस साल पहले की बात है।

और तब बस्ती से झील तक रास्ता बनाने के लिए आए मजदूरों की टोली में वह भी आया था और अँग्रेज साहब की मेम की आखों को देखकर उसने कहा था, 'कित्ती खूबसूरत है मेम ! इसकी आँखें नीली झील की तरह लगती हैं।'

तगड़े और बदसूरत मजदूरों ने तब आँखें बचाकर गन्दे इशारे किए थे। और गहरी और भीगी जमीन में कार के पहिए फँसते ही वह सबसे पहले दौड़कर उस ओर धक्का लगाने के लिए जुट गया था, जिधर मेम बैठी थीं...उसका मन होता था कि बहाने से हाथ डालकर फूल-सी मेम को छुए, पर हिम्मत नहीं पड़ती थी। और मजदूरों को उसकी इस सीनाजोरी पर बड़ा गुस्सा आया था और वे भीतर-ही-भीतर चाहते थे कि उसकी मरम्मत हो जाए।

रात को जब पेड़ तले बीनी हुई लकड़ियों के साले चूल्हे जले और उस वीराने में मजदूरों के मुँह आग की ली में शैतानों की तरह चमकने लगे, तो भजनू ने काँख से तमाखू का बटुआ निकालते हुए कहा, “इस साले को मेट से कहकर निकलवाया जाए ! मेम जान पाती तो चमड़ी उतर जाती !...साला आशिक बनता है !”

“बनने दो, तुम्हारा का लेता है?” भूख से क्लान्त और जल्दी-जल्दी बाटियाँ सेंकते हुए होरी ने बात तोड़ देनी चाही।

“हम सबकी रोज़ी जायेगी।” आग कुरेदते हुए एक और ने जोड़ा ।

तभी दूसरे पेड़-तले से बड़ी भद्दी और मोटी आवाज़ में एक गीत का बोल उभरा-

“होए मेमिया तोरी अँखियाँ बड़ो जुलुम ढायो री...”

और पीतल की धाली ठनक उठी थी और महेसा शैतान की तरह नाच रहा था। बाटियाँ पकाते साथियों की हँसी और वाहवाही से शोर मच गया था। भूखे और थके मज़दूरों की आँखों में एक वहशी चमक आ गयी थी और एक क्षण के लिए वे जैसे तन की पीड़ा भूल गये थे। महेसा गा-गाकर कुछ देर तक नाचता रहा। ...पेड़ों की पत्तियाँ आग की दमक में ताँबे की तरह लग रही थीं और उनके काले, पपोटेदार तने अजगरों की तरह झिलमिला रहे थे। आसमान सीप की पीठ की तरह धुँधला और काला था और झील की ओर से अजीब तरह के सूने-सूने स्वर आ रहे थे।

इसी समय तीखी आवाज़ में चीखता एक सारस गुज़र गया। उसके बड़े-बड़े पंखों से निःश्वास-सा निकल रहा था। सारस की चीख़ की प्रतिध्वनि कुछ क्षण तक आती रही और महेसा का स्वांग रुक गया।

“अब सीधा होके बैठ, रोटी खा ले!” काने मेट की आवाज़ थी यह। नाराज़ साथियों को मेट का इस तरह अपनेपन से बोलना अच्छा नहीं लगा। भजनू ने धीरे से कहा, “बदमाश ने मेट को खुस कर लिया है! काना भी ऐबी है न, उसे भी मज़ा आता है!”

गुदारी बाटियों और उड़द की पकी हुई दाल की महक से सबकी भूख चमक आयी थी। बड़ी रात तक बतकही के बीच खाना चलता रहा। धीरे-धीरे चूल्हों की आग मझाकर राख में दुबक गयी और पेड़ों का अँधियारा घना हो गया। सुबह काम शुरू होते ही सैलानियों की एक पार्टी वहाँ आकर रुक गयी। कुछ हिन्दुस्तानी साहब थे और साथ में कुछ अच्छी-अच्छी औरतें। औरतों के कन्धों पर कैमरे लटक रहे थे और साहबों के कन्धों पर एयरगन और कारतूसों की पेटियाँ। खाने-पीने का सामान कंडियों में था और वह बोझ उनसे चल नहीं रहा था। औरतों के खूबसूरत चेहरों पर पसीने का पनीलापन था और साड़ियों के छोर कमर में खुँसे हुए थे। धूल से बचाने के लिए साड़ियाँ एक तरफ़ से कुछ ऊँची कर ली गयी थीं। उन्हें देखते ही मज़दूरों ने रुकने का मतलब भाँप लिया था और वे अपने काम में इतने मशगूल हो गये थे जैसे उन लोगों की उपस्थिति का उन्हें एहसास ही न हो। पर महेसा हाथ रोककर, फेंटा कसने के बहाने कनखियों से उन्हें ताक रहा था। वही इसी इन्तज़ार में लगता था कि अभी उनमें से कोई औरत सामान उठाने के लिए कहेगी और वह मेट की मर्ज़ी देखकर निश्चय ही उनकी सहायता के लिए तैयार हो जायेगा।

साहब लोग भी किसी मज़दूर से आँखें मिलने की ताड़ में थे। बाक़ी सब आँख बचा रहे थे, सिर्फ़ महेसा आँख मिलाने के लिए उतावला था; पर साहबों से नहीं। जैसे उसने यही तय किया था कि नीली साड़ी वाली औरत अगर कहेगी तो वह फावड़ा छोड़कर सामान उठा लेगा। वह बार-बार उसे ही हैरत से ताक रहा था कि नीली साड़ी वाली औरत ने ही मौका पाकर बड़ी मीठी आवाज़ में कहा, “कोई मज़दूर मिल जायेगा यहाँ?”

महेसा को यह बात नहीं जँची । “मज़दूर ही चाहती हैं तो खोज लें!” उसने ठसक से कहा, “हम लोग सरकारी गैंग के आदमी हैं!” कुछ इस तरह जैसे सरकार से रुपया पाकर मज़दूरी करना कुछ ऊँची बात हो।

“अरे, ज़रा-सी मदद के लिए चाहिए। ...यह सामान झील तक पहुँचाना है।” उसी नीली साड़ी वाली की मीठी आवाज़ थी।

महेसा का दिल बहक उठा। बड़प्पन और शान से बोला, “मदद मिल सकती है, ऐसे बोलिए!”

महेसा के तुच्छ-से गर्व को लक्ष्य करके वह धीरे-से हँसी। और महेसा एक क्षण के लिए अपलक उसके साफ़ दाँतों को देखता रहा। फिर दौड़कर मेट के पास पहुँचा और सामान उठाने की इजाज़त माँगकर चला आया।

आते ही उसने गर्व से उनका सामान उठाया और नीली साड़ी वाली के कन्धे में लटके थरमस को माँगने के बहाने बोला, “यह बोतल भी दे दीजिए।”

मीठी आवाज़ वाली औरत ने कुछ जवाब नहीं दिया। पर वह ऐसे मानने वाला नहीं था। चलते-चलते उसने फिर पूछा, “आप लोग शिकार के लिए आये हैं? कहाँ से आये हैं?

लेकिन वह नीली साड़ी वाली औरत एक आदमी से मुस्करा-मुस्कराकर बातें कर रही थी। महेसा को यह अच्छा नहीं लग रहा था। एक अजीब तरह की परेशानी उसे हो रही थी। कुछ दूर तो उसने बर्दाश्त किया, फिर उसका मन हुआ कि सामान पटककर उसी आदमी से कहे कि उठाइए अपना तामझाम! मैं मजूर नहीं हूँ! पर उनके साथ चल सकना भी उसे कम भला न लग रहा था। उसे बोलने का फिर मौक़ा मिला, गलत रास्ते पर मुड़ते देख वह लपककर नीली साड़ी वाली के पास पहुँचा और एकदम उनके अज्ञान पर जैसे चीख़ पड़ा, “आप लोगों को रास्ता नहीं मालूम, हमारे साथ आइए! इधर से दलदल पड़ेगा"

“दलदल! ओह !” नीली साड़ी वाली कुछ ज़्यादा चौंक गयी थी। उसका यह चौंकना महेसा को बहुत अच्छा लगा था। उसे अनिर्वचनीय सुख-सा मिला था। ...कानपुर में मिल से छुट्टी पाते ही वह चौराहे वाले कोने पर रुककर इसी तरह औरतों को देख-देखकर खुश होता था...

झुरमुट के पास पहुँचते ही सब लोग रुक गये। सामान वहीं उतरवा लिया गया। सभी औरतें हवा की ठण्डक में अपने बालों की लटें ऊपर करती हुई या साड़ियाँ सँभालती हुई बेफिक्री से बैठ गयीं।

हलकी-हलकी हवा झील की ओर से आ रही थी और छाया में कुछ सर्दी भी थी। झील के पानी के भीतर बादल तैर रहे थे और नरकुल धीरे-धीरे काँप रहे थे। ...दूर से जिधर पानी उथला था, देवहंसों, मुर्गाबियों और पतारी के झुण्डों के चुगने की और पंख फड़फड़ाने की आवाज़ें आ रही थीं। देवहंस शायद सिवार खा रहे थे और मुर्गाबी घोंघे या केकड़े खोजने में मशगूल थे। पेड़ों पर चिड़ियाँ चहक रही थीं।

सहसा नीली साड़ी वाली ने झील के पानी की ओर इशारा करते हुए हैरत से कहा, “पानी का साँप! साँप तैर रहा है!”

सभी कौतूहल से देखने लगे। महेसा खिलखिलाकर हँस पड़ा | कैसे समझाये इन साहबों को, वे इतना भी नहीं जानते! वह सिर्फ़ नीली साड़ी वाली को ही बताना चाहता था। एकदम बोला, “पनिया साँप नहीं है, एक चिड़िया है वह!”

“चिड़िया? बकता है!” नीली साड़ी वाली ने प्यार से कहा।

“न मानें तो देखती रहें!” फिर इधर-उधर नज़र दौड़ाकर बोला, “वह उस पानी में उगे ठूँठ को देख रही हैं? ...वह...उस पर जो काली चिड़िया बैठी है, उसी का साथी है यह, सरपपच्छी।”

“वह काली चिड़िया!” नीली साड़ी वाली उससे बात कर रही थी और वह तन्मय होकर बता रहा था, “हाँ-हाँ, वही! सरपपच्छी तैरने का बहुत शौकीन होता है। बस, भाले-सी काली चोंच निकालकर तैरता रहता है।”

“खाता क्‍या है?” उसने उत्सुकता से पूछा।

“मछली!” उसकी आँखों में चमक आती जा रही थी। और बात करने के लिए उसने बात जोड़ दी, “अभी जब थक जायेगा तो किसी ठूँठ पर पंख और दुम फैलाकर सुखायेगा।”

“अभी निकलेगा?” नीली साड़ी वाली का मुख खुला रह गया।

और उसके सफेद दाँतों को महेसा निहारता रहा... नकबा के सफेद पंखों की तरह धुले हुए व चमकदार! उसका मन जाने को नहीं हो रहा था, पर मेट ने कहा था जल्दी लौटना और फिर साथियों के कलेजे पर साँप लोट रहे होंगे!

तभी एक साहब को बन्दूक सँभालते देख उसका मन उचाट हो गया। वह नीली साड़ी वाली भी अब बन्दूक की ओर ज़्यादा ध्यान दे रही थी।

उनके साथ के एक साहब ने उसे कुछ पैसे दिये और अभी एक क्षण पहले का महेसा अपना सारा आकर्षण भूलकर चल पड़ा। उसका मन भारी हो आया था। रह-रहकर उसकी आँखों के सामने वह बन्दूक घूम रही थी और कानों में चिड़िया का शोर समाया हुआ था। हर आवाज वह पहचानता था-उन पक्षियों की भी, जो सालभर इसी झील के किनारे रहते थे और उनकी भी, जो इस ऋतु में दूर पहाड़ों से उतरकर कुछ दिनों के लिए मेहमानों की तरह आते थे। उनकी हर आवाज़ का अर्थ वह समझता था-वे लड़ रहे हैं, या आनन्द से भरकर गा रहे हैं, या साथियों को ख़तरे का बिगुल सुना रहे हैं। झील के पानी में किलोलें करते हर पक्षी के पंखों की सरसराहट का एहसास है उसे, चाहे वह मुर्गाबी हो, सुरखाब, जंगली बत्तख, चाहे बगुला, सारस, नकटा, रेती, सरपपच्छी या सोनापतारी! उनकी सीटियों की मधुर आवाज़ें उसके कानों में बसी हुई हैं...और तभी उसका मन उस बन्दूक की याद से धड़कने लगा।

उधर बन्दूक चली थी और गोली की टूटती हुई आवाज़ बादलों में गूँज गयी थी। और उसके बाद पक्षियों का कातर शोर' मन पर चोट-सी लगी थी। उसका मन उदास हो आया था। दूरी पर साथी मज़दूर काम में लगे दिखाई पड़ रहे थे। एक क्षण ठिठककर उसने पीछे देखा, दलदल ख़ामोश था और ऊपर से उड़कर भागती हुई चिड़ियों की भयातुर आवाज़ को शालीनता से पीता जा रहा था। ...मुड़कर वह तेज़ कदमों से लौट आया और अपने काम में जुट गया।

रात को जब पेड़ों के नीचे साँझे चूल्हे जले, तो महेसा नहीं था। गाँव से प्याज और मसाला लाने वाले चरनसिंह ने बताया, “वह तो बदमास घी की चुपड़ी रोटी खायेगा आज।"

कहाँ? गाँव में है?” भजनू ने आश्चर्य से पूछा।

“वहीं पण्डिताइन के घर है। चबूतरे पर बैठा मिसकौट कर रहा था लुगाई से। ...और वह नासमारी मुस्करा-मुस्कराकर बतिया रही थी, पत्तीदार बाल काढ़े, और ज़ेवर पहने साथ बैठी थी। ...मरा साला!” कहकर चरनसिंह ने पिच्च से थूका और प्याज की गाँठ छीलकर खाने लगा।

“उससे कैसे आसनाई हो गयी?” भजनू ने तसले में आटा सँभालते हुए रहस्य-भरी आवाज में पूछा।

“तू चाहे तो तू कर ले! कौन मुस्किल है! ...लेकिन उस नरक में कूदे कौन? ...बखत था जब हमारे पीछे लग गयी थी...” आदत के मुताबिक चरनसिंह बात अपने से जोड़ रहा था।

“कुबड़ा न होता तो शायद ब्याह रचा लेती!” होरी ने जैसे चरनसिंह के कुबड़ेपन पर गहरा वार किया। “बैठ जा सीधी तरह, हूँ! ...तेरे पीछे लग गयी थी! गाँव के ठाकुर ने जान दे दी, पर नज़र नहीं मिलायी उसने!”

“असल में उसे पैसे का गरूर है!” भजनू ने रोटी गरम तवे पर डालते हुए कहा, “दस गाँव में ऐसी औरत नहीं मिलेगी! का रूप है और का काठी है! रामकसम !”

चरनसिंह ने सिसकारी भरी और भजनू की बात का मतलब साफ़ हो गया। चूल्हे की आँच में उसका कूबड़ कद्दू की तरह लग रहा था। होरी की आँख के नीचे लटका हुआ बड़ा-सा मांस का लोथड़ा सूजा हुआ था। “कीड़े ने काट लिया”, कहते हुए उसने सने हाथ से आँख के नीचे सहलाया और बोलता गया, “घी-मेवा खाती है, ठसक से रहती है पण्डिताइन!”

“चालीस की लगती नहीं,” भजनू ने रोटी पलटी । “महेसा की उमर कितनी होगी?” उसने दरयाफ़्त किया।

“होगा पच्चीस-छब्बीस का!” चरनसिंह बोला।

“फिर तो...” कहकर होरी शैतानी से हँस पड़ा।

झील तक वह सड़क तो पूरी नहीं बन पायी, पर महेसा गैंग से बिछुड़ गया। विधवा पण्डिताइन ने उससे शादी कर ली थी। लोगों ने तरह-तरह की बातें कहीं किसी का कहना था कि जवान देखकर पण्डिताइन ने फाँस लिया और कोई कहता था कि महेसा रुपया-पैसा देखकर ढरक गया... । जो भी हो, दोनों तरह से लोगों को यह अच्छा नहीं लगा था, क्योंकि किसी को बुरा देखकर लोग बर्दाश्त नहीं कर पाते और अच्छा बनते देखना उनसे सहा नहीं जाता। लेकिन महेसा ने किसी की परवाह नहीं की। पण्डिताइन फिर से सुहागिन हुई थी और इतने दिनों बाद जब उसकी माँग में सेंदुर और गोरे माथे पर पत्तीदार बालों के बीच बिंदिया चमचमायी, तो उसका रूप दुगुना हो गया। दुहरे बदन की पण्डिताइन जब चाँदी की करधनी बाँधकर चलती और पैरों में झाँझें जब झन्‍न-झन्‍न बोलतीं तो लोगों के कलेजे दरक जाते। राह में साथ चलते महेसा से पारवती पण्डिताइन कहती, “तुम्हें तो जरा भी सऊर नहीं है! मरद घरवाली के आगे-आगे चलता है, साथ नहीं! ...लोग क्या कहेंगे? ...आगे चलो!”

और सर पर साफा बाँधे महेसा कहता, “बड़ी सरम आय रही है! सहर में मेम लोग इसी माफिक चलती हैं, बल्कि न बाँह में हाथ फँसा के"” और बस्ती के बाज़ार से ख़रीदा, चमकदार केलासन का जम्फर झिलमिलाता देख उसका माथा गर्व से उठ जाता। पारबती कित्ती खूबसूरत है।

और एक दिन देवियों की पूजा के लिए जब पारबती ने महावर लगाया, तो चमचे में घुला लाल रंग उँगली में लेकर उसने पारबती के होंठों पर लगा दिया। पारबती छुटाने लगी तो उसने अपनी कसम दे दी और नुमाइश से लाये शीशे को उसके सामने कर दिया। पारबती ने लजाते हुए अपने लाल होंठों को देखा, पर अपनी खूबसूरती की शोखी से भरकर बोली, “तुम तो मेम से सादी करते! लाली-पौडरवाली से ।” और वह अपने को खुद किसी मेम से कम नहीं लगी थी!

तभी महेसा ने उसकी गुदारी कलाई पकड़ते हुए कहा, “तुम किधर से कम हो! और हँसती पारबती के उजले दाँतों को देखकर उसका मन खिल गया। -पारबती के दाँत ठीक वैसे ही थे, जैसे उसने कभी देखे थे, हंस के पंखों की तरह धुले हुए!

पारबती के कहने से उसने कलमें बड़ी-बड़ी रखवायी थीं, चोटी में मोटी-सी गाँठ बाँधता था और मूँछें छोटी करवा ली थीं। मेले-तमाशे पर जाने के लिए बैलों की एक गोई और छोटा-सा रब्बा भी खरीद लाया था। बैलों को खूब सजाकर रखता था। उनके गलों में चालीस घुँघरुओं की माला थी और सींगों में पालिश । रब्बे की छत के लिए रंगीन झालर पारबती ने सी थी और गछियाँ वह दर्ज़ी से बनवा लावा था। पहियों के ऊपर रथ की तरह हाथा लगवाया था और सन की नहीं, सूत की रंगीन डोरियों से किनारे बुनवाये थे। सतरंगी रब्बा था महेसा का! एक दफ़ा दौड़ में दाँव लगा आया था और पारबती के पीछे पड़ गया था, “तुम साथ नहीं बैठोगी तो दौड़ में नहीं जाऊँगा।” उसने बहुत समझाया था, “हमारा तमासा दिखाओगे? ...बहुत लड़कपन है तुममें।”

महेसा हँस पड़ा था, “और तुम बूढ़ी हो गयी हो न! सरम नहीं आती हमारे सामने कहते? ...बतिया-बछरी-से दाँत हैं अभी, बात बड़ी-बूढ़ियों की तरह करोगी !”

और मेले की दौड़ के लिए जाते-जाते जब ऊसर से रब्बा गुज़र रहा था, तो पारबती ने चतुराई से उसे मना लिया था और मन में कोई मलाल लाये बिना महेसा मेला दिखाकर बगैर दौड़ में हिस्सा लिए लौट आया था।

बस्ती में हरदम महेसा और पारबती की बात होती, पर दोनों को किसी की चिन्ता नहीं थी। पारबती रुपये का लेन-देन करती और सबकी चोटी अपने पाँव के नीचे रखती। बस्ती में कौन ऐसा था, जिसे वक्‍त-बेवक्त चार पैसे की जरूरत नहीं पड़ती! इसलिए वे लोग भी जो पीठ-पीछे पारबती और महेसा को कोसते, सामने आकर चिकनी-चुपड़ी बातें करते।

इसका एहसास दोनों को था, पर दोनों इतने मुक्त थे कि कभी उन्होंने मन नहीं जलाया। महेसा अब निश्चिन्त हो गया था। काम-धाम करने की उसे ज़रूरत नहीं रह गयी थी। पर अब भी, जब वह सैलानी लोगों को झील की ओर जाते देखता और उनके साथ कोई सुन्दर औरत होती, तो वह अपने को रोक न पाता; पीछे-पीछे चला ही जाता और चाहता कि वह औरत उससे बात करे। और जब वह औरत उससे बात नहीं करती, तो वह चिड़ियों में मशगूल हो जाता, शान्त झील के किनारे-किनारे चक्कर काटता, नरकुलों के बीच साबुदाने की तरह फैले हुए मछलियों के अण्डों को देखता और नीलपक्षी के जोड़ों को निहारता...बगुले को ध्यानावस्थित खड़ा देखकर वह साँस रोककर ठहर जाता और उसके शिकार करने की प्रतीक्षा करता; देर हो जाती तो घर की याद आते ही लौट पड़ता।

एक बार वह दिन-भर नहीं आया, आधी रात को लौटा | पारबती ने नाराज़ होकर पूछा, तो सीधेपन से कह दिया, “जंगल तक गया था।”

“झील पर घूमके मन नहीं भरता?” पारबती ने उलाहना दिया, तो बड़ी सफ़ाई से उसने बता दिया, “जंगल में तीतर देखने गया था, ससुरे धूल से नहाते हैं!”

“तीतर-वीतर नहीं, तुम कहीं और गये थे। सच-सच बताओ मुझे !” पारबती कुछ कड़ी पड़ गयी, “तीतर देखना था तो बलदू के घर देख लेते, वह तो तीतर लड़ाता है।”

“पिंजरे में बन्द तीतर का क्‍या देखना!” महेसा ने कहा, “मुझे कोई पालना तो है नहीं, पता नहीं लोग कैसे चिड़ियों को पालते हैं!”

तभी ऊपर आकाश में कुछ पक्षियों का झुण्ड उड़ता गुज़र गया। उसकी आँखें आसमान में टँग गयीं। एकदम बोला, “यह वाक का झुण्ड है...देख पारबती, अब रात-भर ये मछली का शिकार करेंगे।”

पक्षियों के नरम पंखों की रेशमी आवाज़ दूर चली गयी थी।

“वो कुछ भी करें, तुम हमारी बात का जवाब दो। सच-सच बताओ कहाँ गये थे?”

“ईमान से बता दिया ।”

“लेकिन इत्ती रात तक तीतर ही देखते रहे?” पारबती के स्वर में शंका थी।

“हाँ-हाँ, पारबती माना करो! ...देखो, पैरों में कितने काँटे चुभ गये हैं। लड़ना है तो सवेरे लड़ेंगे।” कहकर वह आराम से टाँगें फैलाकर लेट गया।

पारबती ने बात बदल दी, “रुपया बहुत फैल गया है, वसूल नहीं होता, तुम ज़रा लोगों को डाँटो-डपटो ।"

“यह हमसे नहीं होगा ।”

“अच्छा सुनो! मेरा मन है कि कुछ रुपया लगा के यहाँ चबूतरे पर एक मन्दिर बनवा दिया जाये...और बन सके तो मुसाफ़िरों के लिए दो कोठरियाँ भी बन जायें। हारे-थके लोगों को आराम मिलेगा और कुछ रुपया धरम के कारज में लग जायेगा।”

“यह धरम-करम तुम्हें कब से सताने लगा?”

“बहुत दिन की साध है मन में! मिस्त्री को बुला के ज़मीन भी दिखायी थी, फिर कुछ हो नहीं पाया। ...मर जाऊँगी तो नाम का एक मन्दिर तो रहेगा, दस दिलों से असीस निकलेगी!” पारबती ने बड़ी सच्चाई से बात कही।

“बेबखत यह बात कैसे सूझ गयी तुम्हें?” महेसा ने पूछा।

“आज दिन-भर यही सब सोचती रही।”

महेसा ने ग़ौर से देखा पारबती को। चाँदनी उसके चेहरे पर पड़ रही थी। सचमुच पारबती बहुत बदली-सी लगी। आज उसे लगा कि सचमुच पारबती उससे बहुत बड़ी है। ...और उसके चेहरे पर नीली लकीरों का जाल बनना शुरू हो रहा है। बाँहों का खिंचाव ढीला पड़ गया है, कूल्हे पर भारीपन आ गया है। लेकिन फिर भी उसके पत्तीदार बाल उसे अच्छे लग रहे थे।...

“का देख रहे हो?” पारबती ने आँचल का खूँट ऊपर सरका लिया।

महेसा चुपचाप देखता रहा, बोला कुछ नहीं। पारबती ने फिर टोका तो महेसा ने यों ही कह दिया, “मन्दिर बनना ज़रूरी है?”

पारबती समझ गयी कि उसके मन की बात यह नहीं है। महेसा की आँखों में अभी जो सूनापन उसने देखा था, वह कुछ और ही कह रहा था। पारबती ने कुछ उदास स्वर में पूछा, “हमसे सादी करके पछताते तो नहीं हों?”

“ऐं ?” महेसा इस सवाल के लिए तैयार नहीं था।

“आज सोच-सोच के बड़ा दुःख हुआ। ...अपने सुख की ख़ातिर हमने तुम्हें ख़राब कर दिया।” पारबती की आँखों में पनीलापन था, “पछतावा तो होता होगा, सच-सच बताना!”

“काहे का पछतावा पारबती ?” महेसा ने कहा, “हमने कभी यह सब सोचा ही नहीं, जरूरत ही नहीं पड़ी।”

“तुमने कभी कुछ नहीं सोचा? सादी की बाबत भी नहीं सोचा था?” पारबती ने जैसे उसे कुरेदा, “अभी तुम अपने को आज़ाद समझते हो, बाल-बच्चे होते तो समझते!” कहते-कहते उसकी आवाज़ भारी हो आयी। चाँद पर बादल आ जाने से चाँदनी मटमैली हो गयी थी और पारबती का चेहरा धुँधला पड़ गया था। लालटेन चौखट में कुण्डी से लटकी थी और उसकी रोशनी में खाट की अरदावन परछाइयों की सलाखें बना रही थी।

महेसा को एकाएक लगा कि शादी के बाद सब घरों में बच्चे होते हैं, उसके घर में अभी तक कुछ नहीं हुआ। उसने गहरी नज़रों से पारबती को देखा। इस समय की बात वह समझ नहीं पा रहा था। आख़िर पारबती कहना क्या चाहती है? घर में चारों ओर सन्नाटा छाया हुआ था। ऐसे सूनेपन में उसने पारबती के साथ कभी अकेलापन नहीं महसूस किया, पर आज वह इतनी अलग-सी क्‍यों मालूम हो रही है? हमेशा, रात हो या दिन, अकेलेपन में उसके मन में प्यार ही उमड़ा है, और उसने भी कभी ऐसी उखड़ी बातें नहीं कीं।

“तुम्हें हुआ का है?” महेसा ने शायद आज पहली बार इतना सोचकर कुछ पूछा था।

“पता नहीं का हुआ है! बस्ती का अस्पताल बहुत छोटा है, यहाँ मेरी देखभाल नहीं हो पायेगी |"

“अस्पताल! लेकिन अस्पताल की का ज़रूरत है?” महेसा और उलझ रहा था।

“तुम्हारी नासमझी के लिए का कहूँ! यहाँ घर पर मेरी देखभाल कौन करेगा? सगे-सम्बन्धी भी नहीं, जो ज़रूरत-बखत पर आ जाते। ...सुना है अस्पताल में तकलीफ़ भी नहीं होती, ऐसी दवा देते हैं डाकदरजी ।”

महेसा हँसा। अब समझ पाया था वह। उत्साह से भरकर बोला, “जिला अस्पताल में चली चलना! पैसा सब देखभाल करा देगा, भगवान का दिया सब-कुछ है!”

लेकिन पारबती उसकी ख़ुशी में हिस्सा नहीं बँटा पायी। उसके मन में जैसे डर समाया हुआ था। बोली, "एक बात कहूँ? ...हमें बड़ा डर लगता है, लगता है जान चली जायेगी ।”

“बेकार डरती हो तुम!”

“बेकार नहीं, न जाने मन में कैसी-कैसी बातें व्यापती हैं! बड़े डरावने सपने दिखाई पड़ते हैं! साँस रुकने लगती है!” पारबती ने बाँहें छाती पर कस ली थीं।

“तो हमारे साथ लेटा करो,” महेसा ने उपाय बता दिया।

'कुछ तो सोचा करो!”

“हम कहें कि आजकल तुम कतरायी-कतरायी काहे रहती हो! ...बेकार की बातें मन में मत लाया करो पारवती! आ, खाट टीन में कर लें।”

पारबती ने उठकर खाट पकड़ते हुए कहा, “अब इतना बाहर मत रहा करो, न जाने कब क्या हो जाये!”

महेसा ने खटिया से खटिया मिला ली और पाटी के पास सरककर हाथ उसकी बाँह पर रख दिया, “अब डर नहीं लगेगा तुम्हें।”

कुछ देर बाद पारबती सो गयी, पर महेसा को नींद नहीं आ रही थी। पारबती का पैर एकाएक हिला और साँस तेज़ हो आयी, जैसे वह डर रही हो। महेसा ने उठकर उसके माथे पर हाथ फेरा। बड़ी देर तक बैठा देखता रहा और जब उसे नींद आने लगी, तो लोहे का एक चाकू लाकर उसने पारबती के सिरहाने रखा और लेट गया, जैसे पारवती नन्‍हीं-सी बच्ची हो!

इन दिनों उसका मन बहुत भरा-भरा रहता। पारबती इस लायक नहीं थी कि उसे झील तक ले जाता, ख़ुद भी बैठता और उसे भी दिखाता वहाँ की सुन्दरता। इसलिए वह आसपास ही कुछ देर के लिए चला जाता। हाफ़िज़जी की बिसाती की दुकान पर अगर बैठ जाता, तो पारबती के लिए नाखूनों की लाली, कोई छोटा-सा शीशा या और कोई ऐसी चीज़ खरीद लाता जिसे हाफिज़जी नयी चाल की बता देते ...एक दफ़ा हाफ़िज़जी ने उसे फ़ोटो-फ्रेम दिखाकर कहा, “इसमें मियाँ-बीवी की तस्वीर लगती है। बड़े घरों में लोग इसे रखते हैं।” फ़ोटो-फ्रेम तो वह ले आया, पर तस्वीर नहीं थी। तीसरे ही दिन उसने पारबती को तैयार कराया, सारे गहने उसे पहनने को मजबूर किया और ख़ूब तेल लगाकर रामा फ़ोटोग्राफ़र की दुकान पर जा पहुँचा।

साथ-साथ बैठते हुए उसने पारबती के सर का पल्ला कानों के पीछे कर दिया और अपनी कमीज़ की जेब में सतरंगा रेशमी रूमाल रख लिया। अपने गले का तावीज़ भी खींचकर ऊपर कमीज़ पर निकाल लिया, ताकि तस्वीर में सब-कुछ दिखाई पड़े। अपने पीछे बाग का पर्दा लगवाया, जिसमें दो चिड़ियाँ चोंच से चोंच मिलाये बैठी थीं। पारबती को भी वह पर्दा पसन्द आया था।

लेकिन तस्वीर में और सब तो ठीक आ गया, अफ़सोस सिर्फ़ बालों का था।

“ससुरे ने हमें बूढ़ा बना दिया! काहे, पारबती ?”

“तुम्हें ही बड़ा शौक चर्राया था। एक रुपया ख़राब कर दिया!”

पर महेसा को इस बात का मलाल नहीं था। उसने तस्वीर को फ्रेम में लगाकर बरामदे वाली घरोंची पर सजा दिया। ऐसी तस्वीर मुश्किल से किसी के घर निकलेगी...मुख़्तार साहब के घर ही हो सकती है!

उस दिन भी वह हाफ़िज़जी की दुकान पर बैठकर लौट रहा था। पारबती के बालों में लगाने के लिए विलायती पिन लाया था। पिन के पत्ते पर बनी मेम को वह ताक रहा था कि पारबती ने पूछा, “मन्दिर के लिए मिस्त्री से बात हुई?”

“मिस्त्री तो नहीं मिले, पर एक नयी बात सुनने में आयी है।”

“का?” पारबती ने उत्सुकता से जानना चाहा।

“अपनी बस्ती में बिजली लग रही है; चुंगी वाले बड़ी कोशिश में हैं, पर पैसा पास नहीं है चुंगी के ।”

“तो बिजली का लगेगी?”

“सुना, चुंगी अपनी कुछ ज़मीनें बेचने की बात सोच रही है, ऐसी ज़मीनें जो उसके लिए बेकार हैं!” महेसा ने कहा तो पारबती एकदम बोली, “चुंगी अगर बेचे तो अपने चबूतरे के पास वाला कूड़ाख़ाना हम ख़रीद लें! ...चबूतरे पर मन्दिर हो जायेगा और उधर मुसाफ़िरों के लिए छोटी-सी धरमसाला! तुम ज़रा सच्ची बात पता लगाओ!”

“बात तो सच्ची है। हाफ़िज़जी का रोज़ चुंगी में आना-जाना लगा रहता है, गलत ख़बर नहीं लायेंगे, वो ही बता रहे थे।” महेसा ने जैसे उसे इत्मीनान दिलाया, “मौका लगा तो ख़रीद लेंगे।”

“का पता कब तक हो!”

झील की ओर से तभी चिड़ियों का कातर शोर सुनाई पड़ा और उसका मन बहक गया। एकदम बोला, “शायद शिकारी आये हैं।”

ऊपर आसमान से “आंग-आंग' करते चक्रवाकों के जोड़े गुज़र रहे थे। महेसा का मन ग्लानि से भर आया। बोला, “इन्हें मारने से फ़ायदा! इत्ती सुन्दर चिड़िया है, पर मुर्दा खाती है!”

“आजकल नयी-नयी चिड़ियाँ बहुत दिखाई पड़ती हैं, पहचान में भी नहीं आतीं,” पारबती ने कहा, “न जाने कहाँ से इतनी आ जाती हैं!”

“ये चिड़ियाँ मेहमान हैं। ...कातिक ख़त्म होते आती हैं और फागुन-चैत तक चली जाती हैं।” महेसा पारबती को बता रहा था, “हमने चिड़ियों के अंडे भी जमा किये हैं, तुझे नहीं बताया, नहीं तो घर से निकाल देती।”

“अब भी निकाल सकती हूँ।” पारबती कह ही रही थी कि 'दिखाऊँ' कहता हुआ महेसा उठकर गया और तरह-तरह के सफ़ेद, चितकबरे, हरियाले-से अंडे उठाकर ले आया।

“देख पारबती, यह वाक का अंडा है, यह सारस का और यह सोनापतारी का!” महेसा एक-एक अंडा उठाकर दिखाने लगा। वैसे तो पारबती नहीं छूती, पर उसने सोनापतारी का अंडा हाथ में ले ही लिया। घुमाकर देखते ही हाथ से छूटकर वह गिर पड़ा और टूट गया, तो पारबती के मुँह से चीख़ निकल गयी, “हाय दइया !!”

“टूट गया तो कया हुआ?” महेसा ने सरलता से कह दिया।

पर पारबती के चेहरे पर काले बादल-से छा गये थे, उसका दिल धक्‌-से रह गया था, बहुत धीमे स्वर में बोली, “असगुन हो गया,” और आँचल में मुँह छिपाकर रो पड़ी।

और पारबती उस दिन भविष्य के आशंकामय परिणामों को सोचकर रोयी थी “बिल्कुल वैसे ही करुणापूर्ण और असहायता से भरी उसकी आवाज़ जच्चा-बच्चा अस्पताल में थी...

महेसा को सब कुछ याद आता है। यह कैसे होता है कि आदमी हमेशा एक ही तरह से रोता है! ...पारबती की वह आवाज उसे भूलती नहीं, जब उसने अस्पताल के पलँग पर पड़े हुए महेसा को अपने पास बुलाया था, “इतने दिन चढ़ गये हैं, डॉक्टरनी कहती है कि चीरा लगाना पड़ेगा!” पारबती का रोम-रोम जैसे काँप रहा था चीरे का नाम सुनकर। आँखों में आँसू भरकर उसने महेसा की बाँह पकड़ ली थी और बड़े ही दर्द-भरे स्वर में कहा था, “अब मेरा कोई ठिकाना नहीं, पता नहीं ईश्वर को क्‍या मंजूर है!”

“दिल छोटा क्‍यों करती हो पारबती? तुम जीती-जागती घर पहुँचोगी। ...मैं मन्दिर बनवाऊँगा और मुसाफ़िरों के लिए धरमसाला!”

लेकिन पारबती जीती-जागती घर नहीं पहुँची। बच्चा पेट में मर गया था और ऑपरेशन के बाद भी उसकी बिगड़ती हालत को अकेली डॉक्टरनी संभाल नहीं पायी थी। ...सारा शरीर नीला पड़ गया था, पारबती के शरीर में ज़हर फैल गया था।

और महेसा को पारबती का हलका नीलापन लिये शरीर ठीक वैसा ही लगा था, जैसा कि उस दिन चाँदनी में उसने देखा धा। पारबती की साँसें धीमी पड़ती जा रही थीं, वह एकदम निश्चिन्त लग रही थी, और उसने महेसा को पास बुलाकर कहा था, “अब मन्दिर ज़रूर बनवा देना, पारबती मन्दिर!”

मन्दिर! सोचकर महेसा का कलेजा फट गया था। आख़िरी आस थी उसे, चीख़कर बोला था, “ऐसा मत कहो पारबती! बच्चा मर गया तो क्‍या हुआ, तू तो जीती-जागती है!”

“मुझे देख लो, अच्छी तरह देख लो!” पारबती की आँखों से आँसुओं की धार बह-बहकर कानों के पास से होते हुए नीचे गिर रही थी। ...फिर...फिर उससे नहीं देखा गया, जैसे पारबती के प्राण खिंच रहे थे और फिर पारबती के निचले होंठ सूखकर चटक गये थे।...

महेसा की दुनिया वीरान हो गयी और वीरानापन देखकर आदमी पगला जाता है।

बस्ती के आदमियों का यही कहना था कि महेसा पगला गया। जो आदमी, आदमी का ख़याल नहीं करता, वह पागल नहीं तो और क्‍या है? आदमी के दुःख-दर्द को जो नहीं समझता, उसे और क्या कहा जाये? महेसा, वह मुक्त और निश्चिन्त महेसा, एकदम बदल गया था!

उसे सिर्फ़ पैसे की फ़िक्र थी। पारबती का फैला हुआ रुपया वह बड़ी कड़ाई से वसूल कर रहा था। ...घर का अकेलापन उसे काटने दौड़ता। ...इतना प्यार पाकर अब जैसे उसकी आदत बिगड़ चुकी थी।

लोगों ने कहा, “महेसा पण्डित, दूसरी शादी कर लो। इतना रुपया-पैसा किस काम आयेगा? आस-औलाद भी तो नहीं!”

महेसा ने जवाब दे दिया, “पारबती के बराबर कोई मेरा ख़्याल करे तो सोचूँ भी...नहीं, तो भी न सोचूँ। ग़लत बात बोल गया। ...बेकार का मखौल मत किया करो! अब बूढ़ा हो चला ।”

यों पारबती से दस बरस छोटा था महेसा, पर पारबती की मौत के बाद वह उससे दस बरस बड़ा लगने लगा। कनपटियों पर तीन ही बरस में सफ़ेदी आ गयी और गरदन के नीचे की खाल झुर्रियों से भर गयी। सचमुच, आदमी बूढ़ा नहीं होता, वक़्त उसे बूढ़ा बना जाता है।

सूने घर में महेसा आठ-आठ आँसू रोता और उसे पारबती की एक-एक बात याद आती...चीज़ें देखता तो आँखों में आँसू भर आते...वह टीन का बक्सा, जिसमें उसके कपड़े रहते थे...और जिसमें पारवती अपने रुक्के और रुपये भी रखती थी...सन्दूक के ऊपर वाली कील में किनारी में बँधी चूड़ियों का लच्छा देखकर वह उस दिन रो पड़ा था। ...एक-एक चूड़ी उसने पहचानी थी...कौन-सी किस मेले में पहनायी थी उसने...और दूसरा जोड़ा पहनने के वक़्त उसने कब-कब इन चूड़ियों को उतारा था...भरी आँखों से वह देखता रहा। ...घर का सूनापन उसे अब काटने दौड़ता। ...दीवार पर सगनौती की लकीरें देखकर उसे फिर कुछ याद आया...जब एक बार वह दो दिन के लिए कहकर चार दिन बाद लौटा था, शायद तभी पारबती ने गेरू से यह सगनौती उठायी होगी...वह जो कुछ करती थी उसमें सिर्फ़ उसी के लिए तो सब कुछ था, और कौन था उसका? न पारबती का कोई था और न अब महेसा का कोई रह गया है!...

और जब वह जगन नाई के घर धरना देकर बैठ गया कि आज हिसाब मय मूल-व्याज के चुकता करके उठेगा, तो उसकी औरत ने भीतर से उकराकर कहा, “पण्डित, तुम जो इतने जालिम हो कि किसी की पत नहीं देखते! ...पारबती चाची मुँह से चाहे जितना बिगड़ें, पर आदमी की मरजाद और इज़्ज़त का तो ख़्याल करती थीं.”

“ये सब हम नहीं जानते! हम रुपया लेके उठेंगे आज! पूरा सौ रुपया है मय व्याज के!” महेसा ने कड़कती आवाज़ में कहा और चोटी की गाँठ खोल ली।

जगन नाई बहुत गिड़गिड़ाया, “महाराज, घर की नींव खुदवा लो तो भी इस बखत पच्चीस से एक पाई ज़्यादा नहीं निकलेगा। ...थोड़ी सी मोहलत और मिल जाये!”

आख़िर चार भले आदमियों ने आकर जब बहुत समझाया तो महेसा किसी तरह राम-राम करके उठा।

कुछ दिनों बाद महेसा, जो अब महेस पांडे के नाम से पुकारा जाता था, बस्ती से चला गया। सुना, चुनार-मिर्ज़ापुर की तरफ़ पत्थर की तलाश में गया है। कर्ज़दारों ने सुख की साँस ली थी, पर वह पन्द्रह दिन के भीतर-भीतर लौट आया। चौधरी के बाग़ में बैठकर बता रहा था, “पारबती मन्दिर के लिए सामान देखने गया था। सूरत-जयपुर से बनवाऊँगा ।”

लोगों का कहना था कि सोना-चाँदी मिलाकर कुल आठ-दस हज़ार की पूँजी है उसके पास। और जो दबा-दबाया हो सो अलग । इस बीच उसने काफ़ी बकाया रुपया वसूल कर लिया था।

धीरे-धीरे रुपये की उसकी तृष्णा भरती-सी लगी। हाफ़िज़जी की दुकान से गुज़रता तो आवाज़ सुनकर कह देता, “अब क्‍या करूँगा बैठके हाफ़िज़ मियाँ? -पहनने-ओढ़ने वाली तो चली गयी।”

एक दिन हाफ़िज़जी ने उसे हाथ पकड़कर बैठा लिया। बैठे-बैठे बात चल निकली, “सुना, मन्दिर बनवाने की फिकर में हो!”

“बस, यही एक काम करना है हाफिज़जी! किसी तरह मन्दिर और एक छोटी-सी धरमसाला बन जाये, तो मन को शान्ति मिले। पारबती यही कहती-कहती मरी थी।”

“यह तो धरम का काम है। बनाने खड़े होंगे तो दस आदमी हाथ बँटायेंगे। तुम शुरू तो करो ।” हाफ़िज़जी ने उसकी उदास नज़रें देखकर तसल्ली दी, “कभी ज़रूरत पड़े तो दस-बीस रुपये हमसे भी ले लेना।”

“रुपया पूरा नहीं है। लोग समझते हैं मेरे पास खत्ती खुदी है। पर सच हाफिज़जी, कुल चार हज़ार हैं, इतने में तो सीमेंट भी नहीं आयेगा ।”

ग्राहक आया देख हाफ़िज़जी भी उधर उलझ गये और महेस पांडे उठकर चल दिया । ऐसे ही एक दिन वह बस्ती की तरफ़ से घर जा रहा था कि झीलवाले रास्ते पर कुछ लोग दिखाई पड़े। उसके पैर उधर ही उठ गये। कुछ सैलानी थे, चार मर्द और दो औरतें। औरतें सुन्दर तो नहीं थीं, लेकिन फिर भी वह उनके पीछे-पीछे चल दिया। काफ़ी दिनों बाद आया था वह इधर।

नीली झील ख़ामोश थी। किनारों पर गीली आँखों की तरह नमी थी और घास की टहनियाँ हवा के साथ धीरे-धीरे पानी को सहला रही थीं। नरकुल की लम्बी पत्तियाँ, पक्षियों की कलगी की तरह काँप रही थीं और पानी में डूबी सिवार के सूतों से मछलियों के बच्चे कतरा-कतराकर निकल रहे थे। वह किनारे आकर बैठ गया। पानी के नन्‍हे-नन्‍हे बबूले नीचे से ऊपर सतह तक आये, तो लगा किसी मछली ने मोती उगल दिये हों। जलचरों की बारीक आवाजें झील के पानी में गूँज रही थीं और ऊपर पेड़ों पर पक्षियों के पंखों की सरसराहट और सीटियों की मद्धम आवाज़ें थीं।

काले सिर और श्वेत वक्ष वाली गंगाकुररी की हल्की-सी सीटी उसके कानों में पड़ी। आँखें उधर अटक गयीं। झील के ऊपर वह चक्कर काट रही थी, कुछ इस तरह, जैसे उसे चक्कर में उड़ाने वाली अदृश्य डोर किसी के हाथों में हो और वह बस घूमती ही जा रही हो। वह जानता है कि गंगाकुररी पेड़ पर नहीं बैठेगी। तभी वह तीर की तरह पानी के ऊपर गिरी और चमकदार मछली उसकी लम्बी चोंच में थी।

तभी संगीत की आवाज़ उसके कानों में पड़ी। आये हुए सैलानी लोग कुछ गा-बजा रहे थे। नीली झील के शान्त पानी पर उनके स्वर तैरते हुए दूर तक जा रहे थे। उसे बड़ी शान्ति मिली।

फिर सवनहंसों का एक झुण्ड अपने राग का स्वर मिलाता हुआ झील के दूसरे किनारे पर उतर पड़ा और दो-चार हंस गेहूँ और चने के खेत में घुसकर अंकुर खाने लगे। गरदन उठा-उठाकर वे ऐसे देख रहे थे, जैसे अजनबी हों, और सचमुच वे अजनबी ही हैं। महेस पाण्डे का मन न जाने क्यों भर आया! वे सवनहंस अब आये हैं, चार-पाँच महीने रहकर पारबती की तरह चले जायेंगे, या फिर किसी शिकारी का शिकार हो जायेंगे, जैसे पारबती हो गयी। इनके धूसर पंख ख़ून की लकीरों से रंग जायेंगे और इनके पंखों को पकड़कर शिकारी ऐसे लटका ले जायेगा जैसे मुर्दा पारवती को अस्पताल के भंगी पलँग से उठाकर उस सूने बरामदे में ले आये थे।...

तभी करकर्रा बोला, सफ़ेद कलगी की शान में वह गरदन लपकाता हुआ चला जा रहा था। शायद आरामदेह, रेतीली ज़मीन खोज रहा है करकर्रा। ...फिर एक भयंकर धड़ाके की आवाज़ से वह चौंक उठा। बायीं ओर फैले दलदल से सारसनी की तुरही-सी तेज़ चीख़ आयी और गूँजती रही। वह बार-बार चीख़ रही थी और सारस अकुलाया-सा कुछ ऊपर चक्कर काट रहा था। कभी वह दलदल में उतरकर चीख़ता, कभी लम्बे-लम्बे डग भरकर इधर-उधर लपकता और वैसी ही तेज़ आवाज़ में चीख़ने लगता। गिरी हुई सारसनी की आवाज़ फट गयी थी और उसकी गरदन कुचले हुए साँप की तरह फड़फड़ा रही थी।

सवनहंसों का झुण्ड तट से भागकर खेतों में चला गया। ...अभी-अभी कुछ क्षण पहले का स्वप्निल वातावरण एकदम भयानक हो उठा था। झील का पानी सीमा में बद्ध जैसे थर्रा रहा था और भीगे किनारों पर निर्जीव स्वर टकरा रहे थे। पेड़ों में अभी-अभी सनसनाहट भर गयी थी। दलदल में घायल पड़े सारस को उठाकर लाने की हिम्मत नहीं पड़ रही थी किसी की।

महेस पाण्डे ने पास आकर उन सैलानियों को देखा। उसे उम्मीद थी कि पारबती की तरह ऐसे क्षण में इन औरतों की आँखों में पानी डबडबा आया होगा, पर उनमें तो शिकारी के निशाने की प्रशंसा भरी थी।

यह घर लौट आया। रात-भर उस अकेले घर में उसे बार-बार वही तेज़ आवाज़ सुनाई पड़ती रही। फिर जाने कहाँ से अस्पताल में चीख़ती पारबती की आवाजें आने लगीं। ...सुबह होते ही उससे रुका नहीं गया। वह सीधा झील पहुँचा । झील के ऊपर का धुआँ धीरे-धीरे साफ़ हो रहा था। कांद का जोड़ा किनारे पर बैठा काई खा रहा था। झील के शान्त सौन्दर्य ने उसे इस क्षण बिल्कुल प्रभावित नहीं किया। उसके पैर दलदल की ओर बढ़ रहे थे। उसे सारस दिखाई दिया। वह मृत पड़ी सारसनी के पंखों में चोंच गड़ा-गड़ाकर उसे जगा रहा था शायद, और जब सारसनी नहीं जगी, तो वह विलाप करता झील की ओर चला आया।

वहीं पेड़ के नीचे बैठकर वह देखता रहा-मानसरोवर और कैलास से आये देवहंसों को, जो गन्धर्वों के देश से आये थे, प्रवास के लिए...कोमल और पवित्र पक्षी! ...हलकी किरणों में सोनापतारी के स्वर्णपंख चमचमा उठे। उसका मन उदासी से भर गया । इन परदेसी पक्षियों से क्या नाता जोड़ना! बैठे-बैठे जब वह ऊब जाता, तो बस्ती की ओर चला आता।

बस्ती में नाप-जोख होने लगी तो लोगों को विश्वास हुआ कि अब बिजली लग जायेगी। महेस पाण्डे ने भी हाँ में हाँ मिलायी, “सुना, उत्तर की तरफ़ बहुत बिजली पैदा की जा रही है, वहीं से यहाँ आ रही है।”

तभी मुनादीवाला ऐलान करता सुनाई पड़ा, “ब-हुकुम चियरमन साहब के चुंगी की कुछ ज़मीनों का नीलाम ब-तारीख चार जनवरी सोमवार को चुंगी अहाते में सवेरे आठ बजे से होगा... । ज़मीनों के नकसे दफ़्तर चुंगी में ख़रीदारों के लिए लगे हैं! ...हर ख़ास व आम को ख़बर दी जाती है कि...” और मुनादी वाले ने तबले पर बाँस की खपच्चियों से चोट की और आगे बढ़ गया।

चार जनवरी में अभी बीस दिन थे। महेस पाण्डे के दिमाग़ में चबूतरे के पास वाली ज़मीन घूमने लगी। चुंगी को बिजली के लिए रुपये की ज़रूरत है और उसे धर्मशाला के लिए उस ज़मीन की।

मन्दिर और धर्मशाला की बात को लेकर वह सभी के पास पहुँचा, “धरम का काम है। सबसे ज़्यादा रुपया हम लगायेंगे, कुछ मदद आप लोग करें। धरमसाला पंचायती कर दी जायेगी। आप लोग दस-दस, बीस-बीस रुपये से भी मदद करें तो यह कारज हो सकता है।”

मारवाड़ी मिलवालों ने एकमुश्त पचास रुपया दे दिया, लेकिन उसका खाता डाकखाने में खुलवा दिया। महेस पाण्डे ने तीन हज़ार रुपया भी उसी खाते में जमा कर दिया। इन बीस दिनों के बीच वह घर-घर घूमा। मुख़्तारों के पास गया, हलवाइयों और वैद्यों के पास गया, कपड़े के आढ़तियों से लेकर अंग्रेज़ी डॉक्टरों तक पहुँचा और कुल मिलाकर एक हज़ार रुपया और जमा हो गया।

सबकी आँखों में महेस पाण्डे का रुतबा और सम्मान एकाएक बढ़ गया था। अब सिर पर वह गेरुआ साफ़ा बाँधने लगा था और हाथ में लाठी लेकर चलता था। शरीर कुछ शिथिल हो रहा था।

लेकिन इस ढलते शरीर के साथ भी वह दिन-भर घूमता और अपने साफे में किसी चिड़िया का गिरा हुआ सुन्दर-सा पर कलगी की तरह खोंस लेता। चुंगी दफ़्तर में जाकर वह नक्शे भी देख आया था। नीलाम का दिन पास आ रहा था, और जैसे-जैसे वह दिन निकट आता जाता, महेस पाण्डे की उदासी और बढ़ती जाती।

झील पर शिकार खेलने के लिए आदमियों की बहुत-सी टोलियाँ इस बीच आयीं और गयीं, और अपने घर पर बैठे या बस्ती में घूमते हुए उसने जब-जब चीत्कारें सुनीं और साहब शिकारियों को नरम पंख वाली चिड़ियों को लटकाये ले जाते देखा, तब-तब उसे पारबती की याद आयी बेतरह। उसकी हालत भी तो उस सारस के जोड़े की तरह ही थी...

घर में लेटता तो उड़ते पक्षियों के नरम, कोमल पंखों की सरसराहट उसे महसूस होती, जैसे पारबती केलासन की धोती पहने अदृश्य रूप से गुज़र गयी हो। ...पर्वतों से आये मेहमान पक्षियों के सफेद और सेमल की रूई-से सजीले पंख और पारबती के सफ़ेद दाँत!

सुबह उठा तो मन नहीं लगा और वह शान्ति पाने के लिए झील की ओर चला।

झील पर पहुँचकर अपनी लाठी से वह काई को छितराता रहा। सिवार के सूतों को उलझाकर उसने निकाला, नन्हे-नन्हे बीज चुनकर मुँह में डाल लिए और उठकर उधर चला गया, जिस ओर जलमंजरी खिली हुई थी। जलमंजरी के पास से ही दलदल शुरू हो जाता था। नारी की बेल पानी में तारों की तरह बिछी हुई थी और गाँठों के पास नन्हे-नन्हे घोंघे चिपके हुए थे। सूत-सी सफ़ेद नन्ही-नन्ही जड़ें मछली के उजले पंखों की तरह धीरे-धीरे काँप रही थीं। दलदल में घुसकर उसने जलमंजरी के फूल तोड़े और गुच्छा बनाकर लौटने लगा।

सोनापतारी का झुण्ड रात-भर चारा खाकर उड़ने ही वाला था कि एक गोली उस पार से छूटी और उड़ते सोनापतारी के झुण्ड में से एक पक्षी बिलबिलाकर छप्प-से झील के बीचोबीच गिर पड़ा। उसके सोने से पंख पानी पर छितरा गये और नीली झील के ख़ामोश पानी पर एक हलचल हुई। एक क्षण बाद ही लाल ख़ून की एक पतली-सी लकीर पानी पर खिंची और सोनापतारी तैरती हुई उस पार जाने की कोशिश करने लगी। उसके नरम पंख फड़फड़ा रहे थे और पानी पर ख़ून की लकीर उसका पीछा कर रही थी।

झुरमुट में से शिकारी निकले। उन्होंने देखा, पर वह पक्षी, तैरता हुआ उस किनारे निकलकर किसी झाड़ी में दुबककर ख़ामोश हो गया। शिकारियों ने बहुत खोजा पर पक्षी नहीं मिला। झील पर मिटती हुई लकीर के बीच एकाध पंख पड़ा था।

उसका मन उचाट हो गया । जलमंजरी के फूलों को वहीं फेंककर वह लौट आया।

पारबती की याद उसे फिर आयी और नीलामी वाले दिन उसने तीन हज़ार की बोली लगाकर चबूतरे के पास वाली ज़मीन नहीं, दलदली नीली झील ख़रीद ली। लोगों की आँखें फट गयीं। इसका दिमाग़ तो नहीं ख़राब हो गया?

“मन्दिर का नाम लेकर इसने धोखा दिया है। रुपया हजम कर गया है।”

लेकिन उसने किसी को कुछ भी जवाब नहीं दिया, और मन में लगता कि अब तो वह पारबती को भी जवाब नहीं दे सकता । उसके पास जवाब है ही क्या?

फागुन आते-आते मेहमान पक्षी उड़ गये। सवनहंस चले गये, सफ़ेद सुरखाब अपने पुराने घरों में लौट गये। मुअर, सन्‍द, करकर्रा और सरपपच्छी भी चले गये। ...झील बहुत सूनी हो गयी थी, पर महेस पाण्डे को विश्वास था कि ये फिर हमेशा की तरह अपने झुण्डों के साथ कातिक-अगहन तक वापस आवेंगे।

महेस पाण्डे लिखना-पढ़ना तो जानता नहीं था, बस झील वाले रास्ते के पहले पेड़ पर उसने एक तख्ती टाँग दी थी, जिस पर उसने लिखा था, 'यहाँ शिकार करना मना है।' और नीचे की पंक्ति थी, 'दस्तखत नीली झील का मालिक, महेस पाण्डे!'

**********

https://www.amazon.in/Meri-Priya-Kahaniyaan-Kamleshwar/dp/9350640589/ref=sr_1_5?dchild=1&qid=1600594408&refinements=p_27%3AKamleshwar&s=books&sr=1-5