Tuesday, March 19, 2024

सिक्का बदल गया - कृष्णा सोबती


खद्दर की चादर ओढ़े, हाथ में माला लिए शाहनी जब दरिया के किनारे पहुंची तो पौ फट रही थी। दूर-दूर आसमान के परदे पर लालिमा फैलती जा रही थी। शाहनी ने कपड़े उतारकर एक ओर रक्खे और ‘श्रीराम, श्रीराम’ करती पानी में हो ली। अंजलि भरकर सूर्य देवता को नमस्कार किया, अपनी उनीदी आंखों पर छींटे दिये और पानी से लिपट गयी!

चनाब का पानी आज भी पहले-सा ही सर्द था, लहरें लहरों को चूम रही थीं। वह दूर सामने काश्मीर की पहाड़ियों से बंर्फ पिघल रही थी। उछल-उछल आते पानी के भंवरों से टकराकर कगारे गिर रहे थे लेकिन दूर-दूर तक बिछी रेत आज न जाने क्यों खामोश लगती थी! शाहनी ने कपड़े पहने, इधर-उधर देखा, कहीं किसी की परछाई तक न थी। पर नीचे रेत में अगणित पांवों के निशान थे। वह कुछ सहम-सी उठी!

आज इस प्रभात की मीठी नीरवता में न जाने क्यों कुछ भयावना-सा लग रहा है। वह पिछले पचास वर्षों से यहां नहाती आ रही है। कितना लम्बा अरसा है! शाहनी सोचती है, एक दिन इसी दुनिया के किनारे वह दुलहिन बनकर उतरी थी। और आज…आज शाहजी नहीं, उसका वह पढ़ा-लिखा लड़का नहीं, आज वह अकेली है, शाहजी की लम्बी-चौड़ी हवेली में अकेली है। पर नहींयह क्या सोच रही है वह सवेरे-सवेरे! अभी भी दुनियादारी से मन नहीं फिरा उसका! शाहनी ने लम्बी सांस ली और ‘श्री राम, श्री राम’, करती बाजरे के खेतों से होती घर की राह ली। कहीं-कहीं लिपे-पुते आंगनों पर से धुआं उठ रहा था। टनटनबैलों, की घंटियां बज उठती हैं। फिर भी…फिर भी कुछ बंधा-बंधा-सा लग रहा है। ‘जम्मीवाला’ कुआं भी आज नहीं चल रहा। ये शाहजी की ही असामियां हैं। शाहनी ने नंजर उठायी। यह मीलों फैले खेत अपने ही हैं। भरी-भरायी नई फसल को देखकर शाहनी किसी अपनत्व के मोह में भीग गयी। यह सब शाहजी की बरकतें हैं। दूर-दूर गांवों तक फैली हुई जमीनें, जमीनों में कुएं सब अपने हैं। साल में तीन फसल, जमीन तो सोना उगलती है। शाहनी कुएं की ओर बढ़ी, आवांज दी, “शेरे, शेरे, हसैना हसैना…।”

शेरा शाहनी का स्वर पहचानता है। वह न पहचानेगा! अपनी मां जैना के मरने के बाद वह शाहनी के पास ही पलकर बड़ा हुआ। उसने पास पड़ा गंडासा ‘शटाले’ के ढेर के नीचे सरका दिया। हाथ में हुक्का पकड़कर बोला”ऐ हैसैना-सैना…।” शाहनी की आवांज उसे कैसे हिला गयी है! अभी तो वह सोच रहा था कि उस शाहनी की ऊंची हवेली की अंधेरी कोठरी में पड़ी सोने-चांदी की सन्दूकचियां उठाकर…कि तभी ‘शेरे शेरे…। शेरा गुस्से से भर गया। किस पर निकाले अपना क्रोध? शाहनी पर! चीखकर बोला”ऐ मर गयीं एं एब्ब तैनू मौत दे”

हसैना आटेवाली कनाली एक ओर रख, जल्दी-जल्दी बाहिर निकल आयी। “ऐ आयीं आं क्यों छावेले (सुबह-सुबह) तड़पना एं?”

अब तक शाहनी नंजदीक पहुंच चुकी थी। शेरे की तेजी सुन चुकी थी। प्यार से बोली, “हसैना, यह वक्त लड़ने का है? वह पागल है तो तू ही जिगरा कर लिया कर।”

“जिगरा !” हसैना ने मान भरे स्वर में कहा”शाहनी, लड़का आंखिर लड़का ही है। कभी शेरे से भी पूछा है कि मुंह अंधेरे ही क्यों गालियां बरसाई हैं इसने?” शाहनी ने लाड़ से हसैना की पीठ पर हाथ फेरा, हंसकर बोली”पगली मुझे तो लड़के से बहू प्यारी है! शेरे”

“हां शाहनी!”

“मालूम होता है, रात को कुल्लूवाल के लोग आये हैं यहां?” शाहनी ने गम्भीर स्वर में कहा।

शेरे ने जरा रुककर, घबराकर कहा, “नहीं शाहनी…” शेरे के उत्तर की अनसुनी कर शाहनी जरा चिन्तित स्वर से बोली, “जो कुछ भी हो रहा है, अच्छा नहीं। शेरे, आज शाहजी होते तो शायद कुछ बीच-बचाव करते। पर…” शाहनी कहते-कहते रुक गयी। आज क्या हो रहा है। शाहनी को लगा जैसे जी भर-भर आ रहा है। शाहजी को बिछुड़े कई साल बीत गये, परपर आज कुछ पिघल रहा है शायद पिछली स्मृतियां…आंसुओं को रोकने के प्रयत्न में उसने हसैना की ओर देखा और हल्के-से हंस पड़ी। और शेरा सोच ही रहा है, क्या कह रही है शाहनी आज! आज शाहनी क्या, कोई भी कुछ नहीं कर सकता। यह होके रहेगा क्यों न हो? हमारे ही भाई-बन्दों से सूद ले-लेकर शाहजी सोने की बोरियां तोला करते थे। प्रतिहिंसा की आग शेरे की आंखों में उतर आयी। गंड़ासे की याद हो आयी। शाहनी की ओर देखानहीं-नहीं, शेरा इन पिछले दिनों में तीस-चालीस कत्ल कर चुका है परपर वह ऐसा नीच नहीं…सामने बैठी शाहनी नहीं, शाहनी के हाथ उसकी आंखों में तैर गये। वह सर्दियों की रातें कभी-कभी शाहजी की डांट खाके वह हवेली में पड़ा रहता था। और फिर लालटेन की रोशनी में वह देखता है, शाहनी के ममता भरे हाथ दूध का कटोरा थामे हुए ‘शेरे-शेरे, उठ, पी ले।’ शेरे ने शाहनी के झुर्रियां पड़े मुंह की ओर देखा तो शाहनी धीरे से मुस्करा रही थी। शेरा विचलित हो गया। ‘आंखिर शाहनी ने क्या बिगाड़ा है हमारा? शाहजी की बात शाहजी के साथ गयी, वह शाहनी को जरूर बचाएगा। लेकिन कल रात वाला मशवरा! वह कैसे मान गया था फिरोंज की बात! ‘सब कुछ ठीक हो जाएगासामान बांट लिया जाएगा!’

“शाहनी चलो तुम्हें घर तक छोड़ आऊं!”

शाहनी उठ खड़ी हुई। किसी गहरी सोच में चलती हुई शाहनी के पीछे-पीछे मंजबूत कदम उठाता शेरा चल रहा है। शंकित-सा-इधर उधर देखता जा रहा है। अपने साथियों की बातें उसके कानों में गूंज रही हैं। पर क्या होगा शाहनी को मारकर?

“शाहनी!”

“हां शेरे।”

शेरा चाहता है कि सिर पर आने वाले खतरे की बात कुछ तो शाहनी को बता दे, मगर वह कैसे कहे?”

“शाहनी”

शाहनी ने सिर ऊंचा किया। आसमान धुएं से भर गया था। “शेरे”

शेरा जानता है यह आग है। जबलपुर में आज आग लगनी थी लग गयी! शाहनी कुछ न कह सकी। उसके नाते रिश्ते सब वहीं हैं

हवेली आ गयी। शाहनी ने शून्य मन से डयोढ़ी में कदम रक्खा। शेरा कब लौट गया उसे कुछ पता नहीं। दुर्बल-सी देह और अकेली, बिना किसी सहारे के! न जाने कब तक वहीं पड़ी रही शाहनी। दुपहर आयी और चली गयी। हवेली खुली पड़ी है। आज शाहनी नहीं उठ पा रही। जैसे उसका अधिकार आज स्वयं ही उससे छूट रहा है! शाहजी के घर की मालकिन…लेकिन नहीं, आज मोह नहीं हट रहा। मानो पत्थर हो गयी हो। पड़े-पड़े सांझ हो गयी, पर उठने की बात फिर भी नहीं सोच पा रही। अचानक रसूली की आवांज सुनकर चौंक उठी।

“शाहनी-शाहनी, सुनो ट्रकें आती हैं लेने?”

“ट्रके…?” शााहनी इसके सिवाय और कुछ न कह सकी। हाथों ने एक-दूसरे को थाम लिया। बात की बात में खबर गांव भर में फैल गयी। बीबी ने अपने विकृत कण्ठ से कहा”शाहनी, आज तक कभी ऐसा न हुआ, न कभी सुना। गजब हो गया, अंधेर पड़ गया।”

शाहनी मूर्तिवत् वहीं खड़ी रही। नवाब बीबी ने स्नेह-सनी उदासी से कहा”शाहनी, हमने तो कभी न सोचा था!”

शाहनी क्या कहे कि उसीने ऐसा सोचा था। नीचे से पटवारी बेगू और जैलदार की बातचीत सुनाई दी। शाहनी समझी कि वक्त आन पहुंचा। मशीन की तरह नीचे उतरी, पर डयोढ़ी न लांघ सकी। किसी गहरी, बहुत गहरी आवांज से पूछा”कौन? कौन हैं वहां?”

कौन नहीं है आज वहां? सारा गांव है, जो उसके इशारे पर नाचता था कभी। उसकी असामियां हैं जिन्हें उसने अपने नाते-रिश्तों से कभी कम नहीं समझा। लेकिन नहीं, आज उसका कोई नहीं, आज वह अकेली है! यह भीड़ की भीड़, उनमें कुल्लूवाल के जाट। वह क्या सुबह ही न समझ गयी थी?

बेगू पटवारी और मसीत के मुल्ला इस्माइल ने जाने क्या सोचा। शाहनी के निकट आ खड़े हुए। बेगू आज शाहनी की ओर देख नहीं पा रहा। धीरे से जरा गला सांफ करते हुए कहा”शाहनी, रब्ब नू एही मंजूर सी।”

शाहनी के कदम डोल गये। चक्कर आया और दीवार के साथ लग गयी। इसी दिन के लिए छोड़ गये थे शाहजी उसे? बेजान-सी शाहनी की ओर देखकर बेगू सोच रहा है ‘क्या गुंजर रही है शाहनी पर! मगर क्या हो सकता है! सिक्का बदल गया है…’

शाहनी का घर से निकलना छोटी-सी बात नहीं। गांव का गांव खड़ा है हवेली के दरवाजे से लेकर उस दारे तक जिसे शाहजी ने अपने पुत्र की शादी में बनवा दिया था। तब से लेकर आज तक सब फैसले, सब मशविरे यहीं होते रहे हैं। इस बड़ी हवेली को लूट लेने की बात भी यहीं सोची गयी थी! यह नहीं कि शाहनी कुछ न जानती हो। वह जानकर भी अनजान बनी रही। उसने कभी बैर नहीं जाना। किसी का बुरा नहीं किया। लेकिन बूढ़ी शाहनी यह नहीं जानती कि सिक्का बदल गया है…

देर हो रही थी। थानेदार दाऊद खां जरा अकड़कर आगे आया और डयोढ़ी पर खड़ी जड़ निर्जीव छाया को देखकर ठिठक गया! वही शाहनी है जिसके शाहजी उसके लिए दरिया के किनारे खेमे लगवा दिया करते थे। यह तो वही शाहनी है जिसने उसकी मंगेतर को सोने के कनफूल दिये थे मुंह दिखाई में। अभी उसी दिन जब वह ‘लीग’ के सिलसिले में आया था तो उसने उद्दंडता से कहा था’शाहनी, भागोवाल मसीत बनेगी, तीन सौ रुपया देना पड़ेगा!’ शाहनी ने अपने उसी सरल स्वभाव से तीन सौ रुपये दिये थे। और आज…?

“शाहनी!” डयोढ़ी के निकट जाकर बोला”देर हो रही है शाहनी। (धीरे से) कुछ साथ रखना हो तो रख लो। कुछ साथ बांध लिया है? सोना-चांदी”

शाहनी अस्फुट स्वर से बोली”सोना-चांदी!” जरा ठहरकर सादगी से कहा”सोना-चांदी! बच्चा वह सब तुम लोगों के लिए है। मेरा सोना तो एक-एक जमीन में बिछा है।”

दाऊद खां लज्जित-सा हो गया। “शाहनी तुम अकेली हो, अपने पास कुछ होना जरूरी है। कुछ नकदी ही रख लो। वक्त का कुछ पता नहीं”

“वक्त?” शाहनी अपनी गीली आंखों से हंस पड़ी। “दाऊद खां, इससे अच्छा वक्त देखने के लिए क्या मैं जिन्दा रहूंगी!” किसी गहरी वेदना और तिरस्कार से कह दिया शाहनी ने।

दाऊद खां निरुत्तर है। साहस कर बोला”शाहनी कुछ नकदी जरूरी है।”

“नहीं बच्चा मुझे इस घर से”शाहनी का गला रुंध गया”नकदी प्यारी नहीं। यहां की नकदी यहीं रहेगी।”

शेरा आन खड़ा गुजरा कि हो ना हो कुछ मार रहा है शाहनी से। “खां साहिब देर हो रही है”

शाहनी चौंक पड़ी। देरमेरे घर में मुझे देर ! आंसुओं की भँवर में न जाने कहाँ से विद्रोह उमड़ पड़ा। मैं पुरखों के इस बड़े घर की रानी और यह मेरे ही अन्न पर पले हुए…नहीं, यह सब कुछ नहीं। ठीक हैदेर हो रही हैपर नहीं, शाहनी रो-रोकर नहीं, शान से निकलेगी इस पुरखों के घर से, मान से लाँघेगी यह देहरी, जिस पर एक दिन वह रानी बनकर आ खड़ी हुई थी। अपने लड़खड़ाते कदमों को संभालकर शाहनी ने दुपट्टे से आंखें पोछीं और डयोढ़ी से बाहर हो गयी। बडी-बूढ़ियाँ रो पड़ीं। किसकी तुलना हो सकती थी इसके साथ! खुदा ने सब कुछ दिया था, मगरमगर दिन बदले, वक्त बदले…

शाहनी ने दुपट्टे से सिर ढाँपकर अपनी धुंधली आंखों में से हवेली को अन्तिम बार देखा। शाहजी के मरने के बाद भी जिस कुल की अमानत को उसने सहेजकर रखा आज वह उसे धोखा दे गयी। शाहनी ने दोनों हाथ जोड़ लिए यही अन्तिम दर्शन था, यही अन्तिम प्रणाम था। शाहनी की आंखें फिर कभी इस ऊंची हवेली को न देखी पाएंगी। प्यार ने जोर मारासोचा, एक बार घूम-फिर कर पूरा घर क्यों न देख आयी मैं? जी छोटा हो रहा है, पर जिनके सामने हमेशा बड़ी बनी रही है उनके सामने वह छोटी न होगी। इतना ही ठीक है। बस हो चुका। सिर झुकाया। डयोढ़ी के आगे कुलवधू की आंखों से निकलकर कुछ बन्दें चू पड़ीं। शाहनी चल दीऊंचा-सा भवन पीछे खड़ा रह गया। दाऊद खां, शेरा, पटवारी, जैलदार और छोटे-बड़े, बच्चे, बूढ़े-मर्द औरतें सब पीछे-पीछे।

ट्रकें अब तक भर चुकी थीं। शाहनी अपने को खींच रही थी। गांववालों के गलों में जैसे धुंआ उठ रहा है। शेरे, खूनी शेरे का दिल टूट रहा है। दाऊद खां ने आगे बढ़कर ट्रक का दरवांजा खोला। शाहनी बढ़ी। इस्माइल ने आगे बढ़कर भारी आवांज से कहा” शाहनी, कुछ कह जाओ। तुम्हारे मुंह से निकली असीस झूठ नहीं हो सकती!” और अपने साफे से आंखों का पानी पोछ लिया। शाहनी ने उठती हुई हिचकी को रोककर रुंधे-रुंधे से कहा, “रब्ब तुहानू सलामत रक्खे बच्चा, खुशियां बक्शे…।”

वह छोटा-सा जनसमूह रो दिया। जरा भी दिल में मैल नहीं शाहनी के। और हमहम शाहनी को नहीं रख सके। शेरे ने बढ़कर शाहनी के पांव छुए, “शाहनी कोई कुछ कर नहीं सका। राज भी पलट गया” शाहनी ने कांपता हुआ हाथ शेरे के सिर पर रक्खा और रुक-रुककर कहा”तैनू भाग जगण चन्ना!” (ओ चा/द तेरे भाग्य जागें) दाऊद खां ने हाथ का संकेत किया। कुछ बड़ी-बूढ़ियां शाहनी के गले लगीं और ट्रक चल पड़ी।

अन्न-जल उठ गया। वह हवेली, नई बैठक, ऊंचा चौबारा, बड़ा ‘पसार’ एक-एक करके घूम रहे हैं शाहनी की आंखों में! कुछ पता नहींट्रक चल दिया है या वह स्वयं चल रही है। आंखें बरस रही हैं। दाऊद खां विचलित होकर देख रहा है इस बूढ़ी शाहनी को। कहां जाएगी अब वह?

“शाहनी मन में मैल न लाना। कुछ कर सकते तो उठा न रखते! वकत ही ऐसा है। राज पलट गया है, सिक्का बदल गया है…”

रात को शाहनी जब कैंप में पहुंचकर जमीन पर पड़ी तो लेटे-लेटे आहत मन से सोचा ‘राज पलट गया है…सिक्का क्या बदलेगा? वह तो मैं वहीं छोड़ आयी।…’

और शाहजी की शाहनी की आंखें और भी गीली हो गयीं!

आसपास के हरे-हरे खेतों से घिरे गांवों में रात खून बरसा रही थी।

शायद राज पलटा भी खा रहा था और सिक्का बदल रहा था..

Tuesday, February 6, 2024

गुलकी बन्नो - धर्मवीर भारती


“ऐ मर कलमुँहे!” अकस्मात् घेघा बुआ ने कूड़ा फेंकने के लिए दरवाजा खोला और चौतरे पर बैठे मिरवा को गाते हुए देखकर कहा, “तोरे पेट में फोनोगिराफ उलियान बा का, जौन भिनसार भवा कि तान तोड़ै लाग? राम जानै, रात के कैसन एकरा दीदा लागत है!” मारे डर के कि कहीं घेघा बुआ सारा कूड़ा उसी के सर पर न फेक दें, मिरवा थोड़ा खिसक गया और ज्यों ही घेघा बुआ अन्दर गयीं कि फिर चौतरे की सीढ़ी पर बैठ, पैर झुलाते हुए उसने उल्टा-सुल्टा गाना शुरू कर किया, “तुमें बछ याद कलते अम छनम तेरी कछम!”

मिरवा की आवाज़ सुनकर जाने कहाँ से झबरी कुतिया भी कान-पूँछ झटकारते आ गयी और नीचे सड़क पर बैठकर मिरवा का गाना बिलकुल उसी अन्दाज़ में सुनने लगी जैसे हिज़ मास्टर्स वॉयस के रिकार्ड पर तसवीर बनी होती है।

अभी सारी गली में सन्नाटा था। सबसे पहले मिरवा (असली नाम मिहिरलाल) जागता था और आँख मलते-मलते घेघा बुआ के चौतरे पर आ बैठता था। उसके बाद झबरी कुतिया, फिर मिरवा की छोटी बहन मटकी और उसके बाद एक-एक कर गली के तमाम बच्चे- खोंचेवाली का लड़का मेवा, ड्राइवर साहब की लड़की निरमल, मनीजर साहब के मुन्ना बाबू, सभी आ जुटते थे। जब से गुलकी ने घेघा बुआ के चौतरे पर तरकारियों की दुकान रखी थी, तब से यह जमावड़ा वहाँ होने लगा था। उसके पहले बच्चे हकीमजी के चौतरे पर खेलते थे। धूप निकलते गुलकी सट्टी से तरकारियाँ ख़रीदकर अपनी कुबड़ी पीठ पर लादे, डण्डा टेकती आती और अपनी दुकान फैला देती। मूली, नींबू, कद्दू, लौकी, घिया-बण्डा, कभी-कभी सस्ते फल! मिरवा और मटकी, जानकी उस्ताद के बच्चे थे जो एक भंयकर रोग में गल-गलकर मरे थे और दोनों बच्चे भी विकलांग, विक्षिप्त और रोगग्रस्त पैदा हुए थे। सिवा झबरी कुतिया के और कोई उनके पास नहीं बैठता था और सिवा गुलकी के कोई उन्हें अपनी देहरी या दुकान पर चढ़ने नहीं देता था।

आज भी गुलकी को आते देखकर पहले मिरवा गाना छोड़कर, “छलाम गुलकी!” और मटकी अपने बढ़े हुए तिल्लीवाले पेट पर से खिसकता हुआ जाँघिया सँभालते हुए बोली, “एक ठो मूली दै देव! ए गुलकी!” गुलकी पता नहीं किस बात से खीजी हुई थी कि उसने मटकी को झिड़क दिया और अपनी दुकान लगाने लगी। झबरी भी पास गयी कि गुलकी ने डण्डा उठाया। दुकान लगाकर वह अपनी कुबड़ी पीठ दुहराकर बैठ गयी और जाने किसे बुड़बुड़ाकर गालियाँ देने लगी।

मटकी एक क्षण चुपचाप रही फिर उसने रट लगाना शुरू किया, “एक मूली! एक गुलकी !… एक!” गुलकी ने फिर झिड़का तो चुप हो गयी और अलग हटकर लोलुप नेत्रों से सफेद धुली हुई मूलियों को देखने लगी। इस बार वह बोली नहीं। चुपचाप उन मूलियों की ओर हाथ बढ़ाया ही था कि गुलकी चीख़ी, “हाथ हटाओ। छूना मत। कोढ़िन कहीं की! कहीं खाने-पीने की चीज देखी तो जोंक की तरह चिपक गयी, चल इधर!” मटकी पहले तो पीछे हटी पर फिर उसकी तृष्णा ऐसी अदम्य हो गयी कि उसने हाथ बढ़ाकर एक मूली खींच ली। गुलकी का मुँह तमतमा उठा और उसने बाँस की खपच्ची उठाकर उसके हाथ पर चट से दे मारी! मूली नीचे गिरी और हाय! हाय! हाय!” कर दोनों हाथ झटकती हुई मटकी पाँव पटकपटक कर रोने लगी।

“जावो अपने घर रोवो। हमारी दुकान पर मरने को गली-भर के बच्चे हैं!” गुलकी चीख़ी!

“दुकान दैके हम बिपता मोल लै लिया। छन-भर पूजा-भजन में भी कचरघाँव मची रहती है!” अन्दर से घेघा बुआ ने स्वर मिलाया। ख़ासा हंगामा मच गया कि इतने में झबरी भी खड़ी हो गयी और लगी उदात्त स्वर में भूँकने।

“लेफ्ट राइट! लेफ्ट राइट!” चौराहे पर तीन-चार बच्चों का जूलूस चला आ रहा था। आगे-आगे दर्जा ‘ब’ में पढ़नेवाले मुन्ना बाबू नीम की सण्टी को झण्डे की तरह थामे जलूस का नेतृत्व कर रहे थे, पीछे थे मेवा और निरमल। जलूस आकर दूकान के सामने रुक गया। गुलकी सतर्क हो गयी। दुश्मन की ताक़त बढ़ गयी थी।

मटकी खिसकते-खिसकते बोली, “हमके गुलकी मारिस है। हाय! हाय! हमके नरिया में ढकेल दिहिस। अरे बाप रे!” निरमल, मेवा, मुन्ना, सब पास आकर उसकी चोट देखने लगे। फिर मुन्ना ने ढकेलकर सबको पीछे हटा दिया और सण्टी लेकर तनकर खड़े हो गये। “किसने मारा है इसे!”

“हम मारा है!” कुबड़ी गुलकी ने बड़े कष्ट से खड़े होकर कहा, “का करोगे? हमें मारोगे! मारोगे!”

“मारेंगे क्यों नहीं?” मुन्ना बाबू ने अकड़कर कहा। गुलकी इसका कुछ जवाब देती कि बच्चे पास घिर आये। मटकी ने जीभ निकालकर मुँह बिराया, मेवा ने पीछे जाकर कहा, “ए कुबड़ी, ए कुबड़ी, अपना कूबड़ दिखाओ!” और एक मुट्ठी धूल उसकी पीठ पर छोड़कर भागा। गुलकी का मुँह तमतमा आया और रूँधे गले से कराहते हुए उसने पता नहीं क्या कहा। किन्तु उसके चेहरे पर भय की छाया बहुत गहरी हो रही थी। बच्चे सब एक-एक मुट्ठी धूल लेकर शोर मचाते हुए दौड़े कि अकस्मात् घेघा बुआ का स्वर सुनाई पड़ा, “ए मुन्ना बाबू, जात हौ कि अबहिन बहिनजी का बुलवाय के दुई-चार कनेठी दिलवायी!”

“जाते तो हैं!” मुन्ना ने अकड़ते हुए कहा, “ए मिरवा, बिगुल बजाओ।” मिरवा ने दोनों हाथ मुँह पर रखकर कहा, “धुतु-धुतु-धू।” जलूस आगे चल पड़ा और कप्तान ने नारा लगाया:


अपने देस में अपना राज! गुलकी की दुकान बाईकाट!

नारा लगाते हुए जलूस गली में मुड़ गया। कुबड़ी ने आँसू पोंछे, तरकारी पर से धूल झाड़ी और साग पर पानी के छींटे देने लगी।

गुलकी की उम्र ज़्यादा नहीं थी। यही हद-से-हद पच्चीस-छब्बीस। पर चेहरे पर झुर्रियाँ आने लगी थीं और कमर के पास से वह इस तरह दोहरी हो गयी थी जैसे अस्सी वर्ष की बुढ़िया हो। बच्चों ने जब पहली बार उसे मुहल्ले में देखा तो उन्हें ताजुज्ब भी हुआ और थोड़ा भय भी। कहाँ से आयी? कैसे आ गयी? पहले कहाँ थी? इसका उन्हें कुछ अनुमान नहीं था.. निरमल ने ज़रूर अपनी माँ को उसके पिता ड्राइवर से रात को कहते हुए सुना, “यह मुसीबत और खड़ी हो गयी। मरद ने निकाल दिया तो हम थोड़े ही यह ढोल गले बाँधेंगे। बाप अलग हम लोगों का रुपया खा गया। सुना चल बसा तो डरी कि कहीं मकान हम लोग न दखल कर लें और मरद को छोड़कर चली आयी। खबरदार जो चाभी दी तुमने!”

“क्या छोटेपन की बात करती हो! रूपया उसके बाप ने ले लिया तो क्या हम उसका मकान मार लेंगे? चाभी हमने दे दी है। दस-पाँच दिन का नाज-पानी भेज दो उसके यहाँ।”

“हाँ-हाँ, सारा घर उठा के भेज देव। सुन रही हो घेघा बुआ!”

“तो का भवा बहू, अरे निरमल के बाबू से तो एकरे बाप की दाँत काटी रही।” घेघा बुआ की आवाज़ आयी- “बेचारी बाप की अकेली सन्तान रही। एही के बियाह में मटियामेट हुई गवा। पर ऐसे कसाई के हाथ में दिहिस की पाँचै बरस में कूबड़ निकल आवा।”

“साला यहाँ आवे तो हण्टर से ख़बर लूँ मैं।” ड्राइवर साहब बोले, “पाँच बरस बाद बाल-बच्चा हुआ। अब मरा हुआ बच्चा पैदा हुआ तो उसमें इसका क्या कसूर! साले ने सीढ़ी से ढकेल दिया। जिन्दगी-भर के लिए हड्डी खराब हो गयी न! अब कैसे गुजारा हो उसका?”

“बेटवा एको दुकान खुलवाय देव। हमरा चौतरा खाली पड़ा है। यही रूपया दुइ रूपया किराया दै देवा करै, दिन-भर अपना सौदा लगाय ले। हम का मना करित है? एत्ता बड़ा चौतरा मुहल्लेवालन के काम न आयी तो का हम छाती पर धै लै जाब! पर हाँ, मुला रुपया दै देव करै।”

दूसरे दिन यह सनसनीख़ेज ख़बर बच्चों में फैल गयी। वैसे तो हकीमजी का चबूतरा पड़ा था, पर वह कच्चा था, उस पर छाजन नहीं थी। बुआ का चौतरा लम्बा था, उस पर पत्थर जुड़े थे। लकड़ी के खम्भे थे। उस पर टीन छायी थी। कई खेलों की सुविधा थी। खम्भों के पीछे किल-किल काँटे की लकीरें खींची जा सकती थीं। एक टाँग से उचक-उचककर बच्चे चिबिड्डी खेल सकते थे। पत्थर पर लकड़ी का पीढ़ा रखकर नीचे से मुड़ा हुआ तार घुमाकर रेलगाड़ी चला सकते थे।

जब गुलकी ने अपनी दुकान के लिए चबूतरों के खम्भों में बाँस-बाँधे तो बच्चों को लगा कि उनके साम्राज्य में किसी अज्ञात शत्रु ने आकर क़िलेबन्दी कर ली है। वे सहमे हुए दूर से कुबड़ी गुलकी को देखा करते थे। निरमल ही उसकी एकमात्र संवाददाता थी और निरमल का एकमात्र विश्वस्त सूत्र था उसकी माँ। उससे जो सुना था उसके आधार पर निरमल ने सबको बताया था कि यह चोर है। इसका बाप सौ रूपया चुराकर भाग गया। यह भी उसके घर का सारा रूपया चुराने आयी है।

“रूपया चुरायेगी तो यह भी मर जाएगी।” मुन्ना ने कहा, “भगवान सबको दण्ड देता है।”

निरमल बोली, “ससुराल में भी रूपया चुराये होगी।”

मेवा बोला, “अरे कूबड़ थोड़े है! ओही रूपया बाँधे है पीठ पर। मनसेधू का रूपया है।”

“सचमुच?”, निरमल ने अविश्वास से कहा।

“और नहीं क्या कूबड़ थोड़ी है। है तो दिखावै।” मुन्ना द्वारा उत्साहित होकर मेवा पूछने ही जा रहा था कि देखा साबुनवाली सत्ती खड़ी बात कर रही है गुलकी से, कह रही थी, “अच्छा किया तुमने! मेहनत से दुकान करो। अब कभी थूकने भी न जाना उसके यहाँ। हरामजादा, दूसरी औरत कर ले, चाहे दस और कर ले। सबका खून उसी के मत्थे चढ़ेगा। यहाँ कभी आवे तो कहलाना मुझसे। इसी चाकू से दोनों आँखें निकाल लूँगी!”

बच्चे डरकर पीछे हट गये। चलते-चलते सत्ती बोली, “कभी रूपये-पैसे की जरूरत हो तो बताना बहिना!”

कुछ दिन बच्चे डरे रहे। पर अकस्मात् उन्हें यह सूझा कि सत्ती को यह कुबड़ी डराने के लिए बुलाती है। इसने उनके गुस्से में आग में घी का काम किया। पर कर क्या सकते थे। अन्त में उन्होंने एक तरीक़ा ईजाद किया। वे एक बुढ़िया का खेल खेलते थे। उसको उन्होंने संशोधित किया। मटकी को लैमन जूस देने का लालच देकर कुबड़ी बनाया गया। वह उसी तरह पीठ दोहरी करके चलने लगी। बच्चों ने सवाल जवाब शुरू कियेः


“कुबड़ी-कुबड़ी का हेराना?”
“सुई हिरानी।”
“सुई लैके का करबे?”
“कन्था सीबै!”
“कन्था सी के का करबे?”
“लकड़ी लाबै!”
“लकड़ी लाय के का करबे?”
“भात पकइबे!”
“भात पकाये के का करबै?”
“भात खाबै!”
“भात के बदले लात खाबै।”

और इसके पहले कि कुबड़ी बनी हुई मटकी कुछ कह सके, वे उसे जोर से लात मारते और मटकी मुँह के बल गिर पड़ती, उसकी कोहनिया और घुटने छिल जाते, आँख में आँसू आ जाते और ओठ दबाकर वह रूलाई रोकती। बच्चे खुशी से चिल्लाते, “मार डाला कुबड़ी को। मार डाला कुबड़ी को।” गुलकी यह सब देखती और मुँह फेर लेती।

एक दिन जब इसी प्रकार मटकी को कुबड़ी बनाकर गुलकी की दुकान के सामने ले गये तो इसके पहले कि मटकी जबाव दे, उन्होंने उसे अनचिते में इतनी ज़ोर से ढकेल दिया कि वह कुहनी भी न टेक सकी और सीधे मुँह के बल गिरी। नाक, होंठ और भौंह ख़ून से लथपथ हो गये। वह “हाय! हाय!” कर इस बुरी तरह चीख़ी कि लड़के ‘कुबड़ी मर गयी’ चिल्लाते हुए सहम गये और हतप्रभ हो गये। अकस्मात् उन्होंने देखा की गुलकी उठी। वे जान छोड़ भागे। पर गुलकी उठकर आयी, मटकी को गोद में लेकर पानी से उसका मुँह धोने लगी और धोती से खून पोंछने लगी। बच्चों ने पता नहीं क्या समझा कि वह मटकी को मार रही है, या क्या कर रही है कि वे अकस्मात् उस पर टूट पड़े। गुलकी की चीख़े सुनकर मुहल्ले के लोग आये तो उन्होंने देखा कि गुलकी के बाल बिखरे हैं और दाँत से ख़ून बह रहा है, अधउघारी चबूतरे से नीचे पड़ी है, और सारी तरकारी सड़क पर बिखरी है। घेघा बुआ ने उसे उठाया, धोती ठीक की और बिगड़कर बोलीं, “औकात रत्ती-भर नै, और तेहा पौवा-भर। आपन बखत देख कर चुप नै रहा जात। कहे लड़कन के मुँह लगत हो?” लोगों ने पूछ तो कुछ नहीं बोली। जैसे उसे पाला मार गया हो। उसने चुपचाप अपनी दुकान ठीक की और दाँत से खू़न पोंछा, कुल्ला किया और बैठ गयी।

उसके बाद अपने उस कृत्य से बच्चे जैसे खु़द सहम गये थे। बहुत दिन तक वे शान्त रहे। आज जब मेवा ने उसकी पीठ पर धूल फेंकी तो जैसे उसे खू़न चढ़ गया पर फिर न जाने वह क्या सोचकर चुप रह गयी और जब नारा लगाते जूलूस गली में मुड़ गया तो उसने आँसू पोंछे, पीठ पर से धूल झाड़ी और साग पर पानी छिड़कने लगी। “लड़के का हैं गल्ली के राक्षस हैं !” घेघा बुआ बोलीं। “अरे उन्हें काहै कहो बुआ! हमारा भाग भी खोटा है!” गुलकी ने गहरी साँस लेकर कहा…।

इस बार जो झड़ी लगी तो पाँच दिन तक लगातार सूरज के दर्शन नहीं हुए। बच्चे सब घर में क़ैद थे और गुलकी कभी दुकान लगाती थी, कभी नहीं। राम-राम करके तीसरे पहर झड़ी बन्द हुई। बच्चे हकीमजी के चौतरे पर जमा हो गये। मेवा बिलबोटी बीन लाया था और निरमल ने टपकी हुई निमकौड़ियाँ बीनकर दुकान लगा ली थी और गुलकी की तरह आवाज़ लगा रही थी, “ले खीरा, आलू, मूली, घिया, बण्डा!” थोड़ी देर में क़ाफी शिशु-ग्राहक दुकान पर जुट गये। अकस्मात् शोरगुल से चीरता हुआ बुआ के चौतरे से गीत का स्वर उठा बच्चों ने घूम कर देखा, मिरवा और मटकी गुलकी की दुकान पर बैठे हैं। मटकी खीरा खा रही है और मिरवा झबरी का सर अपनी गोद में रखे बिलकुल उसकी आँखों में आँखें डालकर गा रहा है।

तुरन्त मेवा गया और पता लगाकर लाया कि गुलकी ने दोनों को एक-एक अधन्ना दिया है। दोनों मिलकर झबरी कुतिया के कीड़े निकाल रहे हैं। चौतरे पर हलचल मच गयी और मुन्ना ने कहा, “निरमल ! मिरवा-मटकी को एक भी निमकौड़ी मत देना। रहें उसी कुबड़ी के पास!”

“हाँ जी!” निरमल ने आँख चमकाकर गोल मुंह करके कहा, “हमार अम्माँ कहत रहीं उन्हें छुयो न! न साथ खायो, न खेलो। उन्हें बड़ी बुरी बीमारी है। आक थू!” मुन्ना ने उनकी ओर देखकर उबकायी जैसा मुँह बनाकर थूक दिया।

गुलकी बैठी-बैठी सब समझ रही थी और जैसे इस निरर्थक घृणा में उसे कुछ रस-सा आने लगा था। उसने मिरवा से कहा, “तुम दोनों मिल के गाओ तो एक अधन्ना दें। खूब जोर से!” भाई-बहन दोनों ने गाना शुरू किया- “माल कताली मल जाना, पल अकियाँ किछी से…” अकस्मात् पटाक से दरवाजा खुला और एक लोटा पानी दोनों के ऊपर फेंकती हुई घेघा बुआ गरजीं, “दूर कलमुँहे। अबहिन बितौ-भर के नाहीं ना और पतुरियन के गाना गाबै लगे। न बहन का ख्याल, न बिटिया का। और ए कुबड़ी, हम तुहूँ से कहे देइत है कि हम चकलाखाना खोलै के बरे अपना चौतरा नहीं दिया रहा। हुँह! चली हुँआ से मुजरा करावै।”

गुलकी ने पानी उधर छिटकाते हुए कहा, “बुआ बच्चे हैं। गा रहे हैं। कौन कसूर हो गया।”

“ऐ हाँ! बच्चे हैं। तुहूँ तो दूध पियत बच्ची हौ। कह दिया कि जबान न लड़ायों हमसे, हाँ ! हम बहुतै बुरी हैं। एक तो पाँच महीने से किराया नाहीं दियो और हियाँ दुनियाँ-भर के अन्धे-कोढ़ी बटुरे रहत हैं। चलौ उठायो अपनी दुकान हियाँ से। कल से न देखी हियाँ तुम्हें! राम! राम! सब अधर्म की सन्तान राच्छस पैदा भये हैं मुहल्ले में! धरतियौ नहीं फाटत कि मर बिलाय जाँय।”

गुलकी सन्न रह गयी। उसने किराया सचमुच पाँच महीने से नहीं दिया था। ब्रिक्री नहीं थी। मुहल्ले में उनसे कोई कुछ लेता ही नहीं था, पर इसके लिए बुआ निकाल देगी यह उसे कभी आशा नहीं थी। वैसे भी महीने में बीस दिन वह भूखी सोती थी। धोती में दस-दस पैबन्द थे। मकान गिर चुका था, एक दालान में वह थोड़ी-सी जगह में सो जाती थी। पर दुकान तो वहाँ रखी नहीं जा सकती। उसने चाहा कि वह बुआ के पैर पकड़ ले, मिन्नत कर ले। पर बुआ ने जितनी जोर से दरवाजा खोला था, उतनी ही जोर से बन्द कर दिया। जब से चौमास आया था, पुरवाई बही थी, उसकी पीठ में भयानक पीड़ा उठती थी। उसके पाँव काँपते थे। सट्टी में उस पर उधार बुरी तरह चढ़ गया था। पर अब होगा क्या ? वह मारे खीज के रोने लगी।

इतने में कुछ खटपट हुई और उसने घुटनों से मुँह उठाकर देखा कि मौका पाकर मटकी ने एक फूट निकाल लिया है और मरभुखी की तरह उसे हबर-हबर खाती जा रही है, एक क्षण वह उसके फूलते-पचकते पेट को देखती रही, फिर ख्याल आते ही कि फूट पूरे दस पैसे का है, वह उबल पड़ी और सड़ासड़ तीन-चार खपच्ची मारते हुए बोली, “चोट्टी! कुतिया! तोरे बदन में कीड़ा पड़ें!” मटकी के हाथ से फूट गिर पड़ा पर वह नाली में से फूट के टुकड़े उठाते हुए भागी। न रोयी, न चीख़ी, क्योंकि मुँह में भी फूट भरा था। मिरवा हक्का-बक्का इस घटना को देख रहा था कि गुलकी उसी पर बरस पड़ी। सड़-सड़ उसने मिरवा को मारना शुरू किया, “भाग, यहाँ से हरामजादे!” मिरवा दर्द से तिलमिला उठा, “हमला पइछा देव तो जाई।” “देत हैं पैसा, ठहर तो।” सड़! सड़।… रोता हुआ मिरवा चौतरे की ओर भागा।

निरमल की दुकान पर सन्नाटा छाया हुआ था। सब चुप उसी ओर देख रहे थे। मिरवा ने आकर कुबड़ी की शिकायत मुन्ना से की। और घूमकर बोला, “मेवा बता तो इसे!’ मेवा पहले हिचकिचाया, फिर बड़ी मुलायमियत से बोला, “मिरवा तुम्हें बीमारी हुई है न! तो हम लोग तुम्हें नहीं छुएँगे। साथ नहीं खिलाएँगें तुम उधर बैठ जाओ।”

“हम बीमाल हैं मुन्ना?”

मुन्ना कुछ पिघला, “हाँ, हमें छूओ मत। निमकौड़ी खरीदना हो तो उधर बैठ जाओ, हम दूर से फेंक देंगे। समझे!”

मिरवा समझ गया, सर हिलाया और अलग जाकर बैठ गया। मेवा ने निमकौड़ी उसके पास रख दी और चोट भूलकर पकी निमकौड़ी का बीजा निकाल कर छीलने लगा। इतने में उधर से घेघा बुआ की आवाज आयी, “ऐ मुन्ना!” तई तू लोग परे हो जाओ! अबहिन पानी गिरी ऊपर से!”

बच्चों ने ऊपर देखा। तिछत्ते पर घेघा बुआ मारे पानी के छप-छप करती घूम रही थीं। कूड़े से तिछत्ते की नाली बन्द थी और पानी भरा था। जिधर बुआ खड़ी थीं, उसके ठीक नीचे गुलकी का सौदा था। बच्चे वहाँ से दूर थे पर गुलकी को सुनाने के लिए बात बच्चों से कही गयी थी। गुलकी कराहती हुई उठी। कूबड़ की वजह से वह तनकर चिछत्ते की ओर देख भी नहीं सकती थी। उसने धरती की ओर देखा, ऊपर बुआ से कहा, “इधर की नाली काहे खोल रही हो? उधर की खोलो न!”

“काहे उधर की खोली! उधर हमारा चौका है कि नै!”

“इधर हमारा सौदा लगा है।”

“ऐ है!” बुआ हाथ चमका कर बोलीं, सौदा लगा है रानी साहब का! किराया देय की दायीं हियाव फाटत है और टर्राय के दायीं नटई में गामा पहिलवान का जोर तो देखो! सौदा लगा है तो हम का करी। नारी तो इहै खुली है!”

“खोलो तो देखैं!” अकस्मात् गुलकी ने तड़प कर कहा। आज तक किसी ने उसका वह स्वर नहीं सुना था- “पाँच महीने का दस रूपया नहीं दिया बेशक, पर हमारे घर की धन्नी निकाल के बसन्तू के हाथ किसने बेचा? तुमने। पच्छिम ओर का दरवाजा चिरवा के किसने जलवाया? तुमने। हम गरीब हैं। हमारा बाप नहीं है, सारा मुहल्ला हमें मिल के मार डालो।”

“हमें चोरी लगाती है। अरे कल की पैदा हुई।” बुआ मारे गुस्से के खड़ी बोली बोलने लगी थीं।

बच्चे चुप खड़े थे। वे कुछ-कुछ सहमे हुए थे। कुबड़ी का यह रूप उन्होंने कभी न देखा, न सोचा था।

“हाँ! हाँ! हाँ। तुमने, ड्राइवर चाचा ने, चाची ने सबने मिलके हमारा मकान उजाड़ा है। अब हमारी दुकान बहाय देव। देखेंगे हम भी। निरबल के भी भगवान हैं!”

“ले! ले! ले! भगवान हैं तो ले!” और बुआ ने पागलों की तरह दौड़कर नाली में जमा कूड़ा लकड़ी से ठेल दिया। छह इंच मोटी गन्दे पानी की धार धड़-धड़ करती हुई उसकी दुकान पर गिरने लगी। तरोइयाँ पहले नाली में गिरीं, फिर मूली, खीरे, साग, अदरक उछल-उछलकर दूर जा गिरे। गुलकी आँख फाड़े पागल-सी देखती रही और फिर दीवार पर सर पटककर हृदय-विदारक स्वर में डकराकर रो पड़ी, “अरे मोर बाबू, हमें कहाँ छोड़ गये! अरे मोरी माई, पैदा होते ही हमें क्यों नहीं मार डाला! अरे धरती मैया, हमें काहे नहीं लील लेती!”

सर खोले, बाल बिखेरे, छाती कूट-कूटकर वह रो रही थी और तिछत्ते का पिछले पहले नौ दिन का जमा पानी धड़-धड़ गिर रहा था। बच्चे चुप खड़े थे। अब तक जो हो रहा था, उनकी समझ में आ रहा था। पर आज यह क्या हो गया, यह उनकी समझ में नहीं आ सका। पर वे कुछ बोले नहीं। सिर्फ मटकी उधर गयी और नाली में बहता हुआ हरा खीरा निकालने लगी कि मुन्ना ने डाँटा, “खबरदार! जो कुछ चुराया।” मटकी पीछे हट गयी। वे सब किसी अप्रत्याशित भय, संवेदना या आशंका से जुड़-बटुरकर खड़े हो गये। सिर्फ़ मिरवा अलग सर झुकाये खड़ा था। झींसी फिर पड़ने लगी थी और वे एक-एक कर अपने घर चले गये।

दूसरे दिन चौतरा ख़ाली थी। दुकान का बाँस उखड़वाकर बुआ ने नाँद में गाड़कर उस पर तुरई की लतर चढ़ा दी थी। उस दिन बच्चे आये पर उनकी हिम्मत चौतरे पर जाने की नहीं हुई। जैसे वहाँ कोई मर गया हो। बिलकुल सुनसान चौतरा था और फिर तो ऐसी झड़ी लगी कि बच्चों का निकलना बन्द। चौथे या पाँचवें दिन रात को भयानक वर्षा तो हो ही रही थी, पर बादल भी ऐसे गरज रहे थे कि मुन्ना अपनी खाट से उठकर अपनी माँ के पास घुस गया। बिजली चमकते ही जैसे कमरा रोशनी से नाच-नाच उठता था। छत पर बूदों की पटर-पटर कुछ धीमी हुई, थोड़ी हवा भी चली और पेड़ों का हरहर सुनाई पड़ा कि इतने में धड़-धड़-धड़-धड़ाम! भयानक आवाज़ हुई। माँ भी चौंक पड़ी। पर उठी नहीं। मुन्ना आँखें खोले अँधेरें में ताकने लगा। सहसा लगा मुहल्ले में कुछ लोग बातचीत कर रहे हैं, घेघा बुआ की आवाज़ सुनाई पड़ी- “किसका मकान गिर गया है रे”

“गुलकी का!”-किसी का दूरागत उत्तर आया।

“अरे बाप रे! दब गयी क्या?”

“नहीं, आज तो मेवा की माँ के यहाँ सोई है!”

मुन्ना लेटा था और उसके ऊपर अँधेरे में यह सवाल-जवाब इधर-से-उधर और उधर-से-इधर आ रहे थे। वह फिर काँप उठा, माँ के पास घुस गया और सोते-सोते उसने साफ़ सुना- कुबड़ी फिर उसी तरह रो रही है, गला फाड़कर रो रही है! कौन जाने मुन्ना के ही आँगन में बैठकर रो रही हो! नींद में वह स्वर कभी दूर, कभी पास आता हुआ लग रहा है, जैसे कुबड़ी मुहल्ले के हर आँगन में जाकर रो रही है पर कोई सुन नहीं रहा है, सिवा मुन्ना के।

बच्चों के मन में कोई बात इतनी गहरी लकीर बनाती कि उधर से उनका ध्यान हटे ही नहीं। सामने गुलकी थी तो वह एक समस्या थी, पर उसकी दुकान हट गयी। फिर वह जाकर साबुन वाली सत्ती के गलियारे में सोने लगी और दो-चार घरों से माँग-मूँगकर खाने लगी। उस गली में दिखती ही नहीं थी। बच्चे भी दूसरे कामों में व्यस्त हो गये। अब जाड़े आ रहे थे। उनका जमावड़ा सुबह न होकर तीसरे पहर होता था। जमा होने के बाद जूलूस निकलता था। और जिस जोशीले नारे से गली गूँज उठती थी वह था- “घेघा बुआ को वोट दो।” पिछले दिनों म्युनिसिपैलिटी का चुनाव हुआ था और उसी में बच्चों ने यह नारा सीखा था। वैसे कभी-कभी बच्चों में दो पार्टियाँ भी होती थीं, पर दोनों को घेघा बुआ से अच्छा उम्मीदवार कोई नहीं मिलता था, अतः दोनों गला फाड़-फाड़कर उनके ही लिए वोट माँगती थीं।

उस दिन जब घेघा बुआ के धैर्य का बाँध टूट गया और नयी-नयी गालियों से विभूषित अपनी पहली इलेक्शन स्पीच देने ज्यों ही चौतरे पर अवतरित हुईं कि उन्हें डाकिया आता हुआ दिखाई पड़ा। वह अचकचाकर रुक गयीं। डाकिये के हाथ में एक पोस्टकार्ड था और वह गुलकी को ढूँढ रहा था। बुआ ने लपक कर पोस्टकार्ड लिया, एक साँस में पढ़ गयीं। उनकी आँखें मारे अचरज के फैल गयीं, और डाकिये को यह बताकर कि गुलकी सत्ती साबुनवाली के ओसारे में रहती है, वे झट से दौड़ी-दौड़ी निरमल की माँ, ड्राइवर की पत्नी के यहाँ गयीं। बड़ी देर तक दोनों में सलाह-मशविरा होता रहा और अन्त में बुआ आयीं और उन्होंने मेवा को भेजा, “जा गुलकी को बुलाय ला!”

पर जब मेवा लौटा तो उसके साथ गुलकी नहीं वरन् सत्ती साबुनवाली थी और सदा की भाँति इस समय भी उसकी कमर से वह काले बेंट का चाकू लटक रहा था, जिससे वह साबुन की टिक्की काटकर दुकानदारों को देती थी। उसने आते ही भौं सिकोड़कर बुआ को देखा और कड़े स्वर में बोली, “क्यों बुलाया है गुलकी को? तुम्हारा दस रूपये किराया बाकी था, तुमने पन्द्रह रूपये का सौदा उजाड़ दिया! अब क्या काम है?”

“अरे राम! राम! कैसा किराया बेटी! अन्दर जाओ-अन्दर जाओ!” बुआ के स्वर में असाधारण मुलायमियत थी। सत्ती के अन्दर जाते ही बुआ ने फटाक् से किवाड़ा बन्द कर लिये। बच्चों का कौतूहल बहुत बढ़ गया था। बुआ के चौके में एक झँझरी थी। सब बच्चे वहाँ पहुँचे और आँख लगाकर कनपटियों पर दोनों हथेलियाँ रखकर घण्टीवाला बाइसकोप देखने की मुद्रा में खड़े हो गये।

अन्दर सत्ती गरज रही थी, “बुलाया है तो बुलाने दो। क्यों जाए गुलकी? अब बड़ा खयाल आया है। इसलिए कि उसकी रखैल को बच्चा हुआ है जो जाके गुलकी झाड़ू-बुहारू करे, खाना बनावे, बच्चा खिलावे, और वह मरद का बच्चा गुलकी की आँख के आगे रखैल के साथ गुलछर्रे उड़ावे!”

निरमल की माँ बोलीं, “अरी बिटिया, पर गुजर तो अपने आदमी के साथ करैगी न! जब उसकी पत्नी आयी है तो गुलकी को जाना चाहिए। और मरद तो मरद। एक रखैल छोड़ दुई-दुई रखैल रख ले तो औरत उसे छोड़ देगी? राम! राम!”

“नहीं, छोड़ नहीं देगी तो जाय कै लात खाएगी?” सत्ती बोली।

“अरे बेटा!” बुआ बोलीं, “भगवान रहें न? तौन मथुरापुरी में कुब्जा दासी के लात मारिन तो ओकर कूबर सीधा हुइ गवा। पती तो भगवान हैं बिटिया। ओका जाय देव!”

“हाँ-हाँ, बड़ी हितू न बनिये! उसके आदमी से आप लोग मुफ्त में गुलकी का मकान झटकना चाहती हैं। मैं सब समझती हूँ।”

निरमल की माँ का चेहरा ज़र्द पड़ गया। पर बुआ ने ऐसी कच्ची गोली नहीं खेली थी। वे डपटकर बोलीं, “खबरदार जो कच्ची जबान निकाल्यो! तुम्हारा चरित्तर कौन नै जानता! ओही छोकरा मानिक…”

“जबान खींच लूँगी”, सत्ती गला फाड़कर चीख़ी “जो आगे एक हरूफ़ कहा।” और उसका हाथ अपने चाकू पर गया-

“अरे! अरे! अरे!”, बुआ सहमकर दस क़दम पीछे हट गयीं- “तो का खून करबो का, कतल करबो का?”

सत्ती जैसे आयी थी, वैसे ही चली गयी।

तीसरे दिन बच्चों ने तय किया कि होरी बाबू के कुएँ पर चलकर बर्रें पकड़ी जायें। उन दिनों उनका जहर शान्त रहता है, बच्चे उन्हें पकड़कर उनका छोटा-सा काला डंक निकाल लेते और फिर डोरी में बाँधकर उन्हें उड़ाते हुए घूमते। मेवा, निरमल और मुन्ना एक-एक बर्रे उड़ाते हुए जब गली में पहुँचे तो देखा बुआ के चौतरे पर टीन की कुरसी डाले कोई आदमी बैठा है। उसकी अजब शक्ल थी। कान पर बड़े-बड़े बाल, मिचमिची आँखें, मोछा और तेल से चुचुआते हुए बाल। कमीज और धोती पर पुराना बदरंग बूट। मटकी हाथ फैलाये कह रही है, “एक डबल दै देव! एक दै देव ना?” मुन्ना को देखकर मटकी ताली बजा-बजाकर कहने लगी, “गुलकी का मनसेधू आवा है। ए मुन्ना बाबू! ई कुबड़ी का मनसेधू है।” फिर उधर मुड़कर- “एक डबल दै देव।” तीनों बच्चे कौतूहल में रुक गये। इतने में निरमल की माँ एक गिलास में चाय भरकर लायी और उसे देते-देते निरमल के हाथ में बर्रे देखकर उसे डाँटने लगी। फिर बर्रे छुड़ाकर निरमल को पास बुलाया और बोली, “बेटा, ई हमारी निरमला है। ए निरमल, जीजाजी हैं, हाथ जोड़ो! बेटा, गुलकी हमारी जात-बिरादरी की नहीं है तो का हुआ, हमारे लिए जैसे निरमल वैसे गुलकी। अरे, निरमल के बाबू और गुलकी के बाप की दाँत काटी रही। एक मकान बचा है उनकी चिहारी, और का?” एक गहरी साँस लेकर निरमल की माँ ने कहा।

“अरे तो का उन्हें कोई इनकार है?” बुआ आ गयी थीं, “अरे सौ रुपये तुम दैवे किये रहय्यू, चलो तीन सौ और दै देव। अपने नाम कराय लेव?”

“पाँच सौ से कम नहीं होगा?” उस आदमी का मुँह खुला, एक वाक्य निकला और मुँह फिर बन्द हो गया।

“भवा! भवा! ऐ बेटा दामाद हौ, पाँच सौ कहबो तो का निरमल की माँ को इनकार है?”

अकस्मात् वह आदमी उठकर खड़ा हो गया। आगे-आगे सत्ती चली आ रही थी | पीछे-पीछे गुलकी। सत्ती चौतरे के नीचे खड़ी हो गयी। बच्चे दूर हट गये। गुलकी ने सिर उठाकर देखा और अचकचाकर सर पर पल्ला डालकर माथे तक खींच लिया। सत्ती दो-एक क्षण उसकी ओर एकटक देखती रही और फिर गरजकर बोली, “यही कसाई है! गुलकी, आगे बढ़कर मार दो चपोटा इसके मुँह पर! खबरदार जो कोई बोला?” बुआ चट से देहरी के अन्दर हो गयीं, निरमल की माँ की जैसे घिग्घी बँध गयी और वह आदमी हड़बड़ाकर पीछे हटने लगा।

“बढ़ती क्यों नहीं गुलकी! बड़ा आया वहाँ से बिदा कराने?”

गुलकी आगे बढ़ी – सब सन्न थे – सीढ़ी चढ़ी, उस आदमी के चेहरे पर हवाइयाँ उड़ने लगीं। गुलकी चढ़ते-चढ़ते रुकी, सत्ती की ओर देखा, ठिठकी, अकस्मात् लपकी और फिर उस आदमी के पाँव पर गिर के फफक-फफककर रोने लगी, “हाय! हमें काहे को छोड़ दियौ! तुम्हारे सिवा हमारा लोक-परलोक और कौन है! अरे, हमरे मरै पर कौन चुल्लू भर पानी चढ़ायी।”

सत्ती का चेहरा स्याह पड़ गया। उसने बड़ी हिकारत से गुलकी की ओर देखा और गुस्से में थूक निगलते हुए कहा, “कुतिया!” और तेजी से चली गयी। निरमल की मां और बुआ गुलकी के सर पर हाथ फेर-फेरकर कह रही थीं, “मत रो बिटिया! मत रो! सीता मैया भी तो बनवास भोगिन रहा। उठो गुलकी बेटा! धोती बदल लेव कंघी चोटी करो। पति के सामने ऐसे आना असगुन होता है। चलो!”

गुलकी आँसू पोंछती-पोंछती निरमल की माँ के घर चली। बच्चे पीछे-पीछे चले तो बुआ ने डाँटा, “ऐ चलो एहर, हुँआ लड्डू बँट रहा है का?”

दूसरे दिन निरमल के बाबू (ड्राइवर साहब), गुलकी और जीजाजी दिन-भर कचहरी में रहे। शाम को लौटे तो निरमल की माँ ने पूछा, “पक्का कागज लिख गया?” “हाँ-हाँ रे, हाकिम, के सामने लिख गया।” फिर जरा निकट आकर फुसफुसाकर बोले, “मट्टी के मोल मकान मिला है। अब कल दोनों को बिदा करो।” “अरे, पहले सौ रुपये लाओ! बुआ का हिस्सा भी तो देना है?” निरमल की माँ उदास स्वर में बोली, “बड़ी चंट है बुढ़िया। गाड़-गाड़ के रख रही है, मर के साँप होयगी।”

सुबह निरमल की माँ के यहाँ मकान खरीदने की कथा थी। शंख, घण्टा-घड़ियाली, केले का पत्ता, पंजीरी, पंचामृत का आयोजन देखकर मुन्ना के अलावा सब बच्चे इकट्ठा थे। निरमल की माँ और निरमल के बाबू पीढ़े पर बैठे थे; गुलकी एक पीली धोती पहने माथे तक घूँघट काढ़े सुपारी काट रही थी और बच्चे झाँक-झाँककर देख रहे थे। मेवा ने पहुँचकर कहा, “ए गुलकी, ए गुलकी, जीजाजी के साथ जाओगी क्या?” कुबड़ी ने झेंपकर कहा, “धत्त रे! ठिठोली करता है” और लज्जा-भरी जो मुसकान किसी भी तरुणी के चेहरे पर मनमोहक लाली बनकर फैल जाती, उसके झुर्रियोंदार, बेडौल, नीरस चेहरे पर विचित्र रूप से बीभत्स लगने लगी। उसके काले पपड़ीदार होठ सिकुड़ गये, आँखों के कोने मिचमिचा उठे और अत्यन्त कुरुचिपूर्ण ढंग से उसने अपने पल्ले से सर ढाँक लिया और पीठ सीधी कर जैसे कूबड़ छिपाने का प्रयास करने लगी। मेवा पास ही बैठ गया। कुबड़ी ने पहले इधर-उधर देखा, फिर फुसफुसाकर मेवा से कहा, “क्यों रे! जीजाजी कैसे लगे तुझे?” मेवा ने असमंजस में या संकोच में पड़कर कोई जवाब नहीं दिया तो जैसे अपने को समझाते हुए गुलकी बोली, “कुछ भी होय। है तो अपना आदमी! हारे-गाढ़े कोई और काम आयेगा? औरत को दबाय के रखना ही चाहिए।” फिर थोड़ी देर चुप रहकर बोली, “मेवा भैया, सत्ती हमसे नाराज है। अपनी सगी बहन क्या करेगी जो सत्ती ने किया हमारे लिए। ये चाची और बुआ तो सब मतलब के साथी हैं हम क्या जानते नहीं? पर भैया अब जो कहो कि हम सत्ती के कहने से अपने मरद को छोड़ दें, सो नहीं हो सकता।” इतने में किसी का छोटा-सा बच्चा घुटनों के बल चलते-चलते मेवा के पास आकर बैठ गया। गुलकी क्षण-भर उसे देखती रही फिर बोली, “पति से हमने अपराध किया तो भगवान् ने बच्चा छीन लिया, अब भगवान् हमें छमा कर देंगे।” फिर कुछ क्षण के लिए चुप हो गयी। “क्षमा करेंगे तो दूसरी सन्तान देंगे?” “क्यों नहीं देंगे? तुम्हारे जीजाजी को भगवान् बनाये रखे। खोट तो हमी में है। फिर सन्तान होगी तब तो सौत का राज नहीं चलेगा।”

इतने में गुलकी ने देखा कि दरवाजे पर उसका आदमी खड़ा बुआ से कुछ बातें कर रहा है। गुलकी ने तुरत पल्ले से सर ढंका और लजाकर उधर पीठ कर ली। बोली, “राम! राम! कितने दुबरा गये हैं। हमारे बिना खाने-पीने का कौन ध्यान रखता! अरे, सौत तो अपने मतलब की होगी। ले भैया मेवा, जा दो बीड़ा पान दे आ जीजा को?” फिर उसके मुँह पर वही लाज की बीभत्स मुद्रा आयी- “तुझे कसम है, बताना मत किसने दिया है।”

मेवा पान लेकर गया पर वहाँ किसी ने उसपर ध्यान ही नहीं दिया। वह आदमी बुआ से कह रहा था, “इसे ले तो जा रहे हैं, पर इतना कहे देते हैं, आप भी समझा दें उसे- कि रहना हो तो दासी बनकर रहे। न दूध की न पूत की, हमारे कौन काम की; पर हाँ औरतिया की सेवा करे, उसका बच्चा खिलावे, झाड़ू-बुहारू करे तो दो रोटी खाय पड़ी रहे। पर कभी उससे जबान लड़ाई तो खैर नहीं । हमारा हाथ बड़ा जालिम है। एक बार कूबड़ निकला, अगली बार परान निकलेगा।”

“क्यों नहीं बेटा! क्यों नहीं?” बुआ बोलीं और उन्होंने मेवा के हाथ से पान लेकर अपने मुँह में दबा लिये।

करीब तीन बजे इक्का लाने के लिए निरमल की माँ ने मेवा को भेजा। कथा की भीड़-भाड़ से उनका ‘मूड़ पिराने’ लगा था, अतः अकेली गुलकी सारी तैयारी कर रही थी। मटकी कोने में खड़ी थी। मिरवा और झबरी बाहर गुमसुम बैठे थे। निरमल की माँ ने बुआ को बुलवाकर पूछा कि बिदा-बिदाई में क्या करना होगा, तो बुआ मुँह बिगाड़कर बोलीं, “अरे कोई जात-बिरादरी की है का? एक लोटा में पानी भर के इकन्नी-दुअन्नी उतार के परजा-पजारू को दे दियो बस?” और फिर बुआ शाम को बियारी में लग गयीं।

इक्का आते ही जैसे झबरी पागल-सी इधर-उधर दौड़ने लगी। उसे जाने कैसे आभास हो गया कि गुलकी जा रही है, सदा के लिए। मेवा ने अपने छोटे-छोटे हाथों से बड़ी-बड़ी गठरियाँ रखीं, मटकी और मिरवा चुपचाप आकर इक्के के पास खड़े हो गये। सर झुकाये पत्थर-सी चुप गुलकी निकली। आगे-आगे हाथ में पानी का भरा लोटा लिये निरमल थी। वह आदमी जाकर इक्के पर बैठ गया। “अब जल्दी करो!” उसने भारी गले से कहा। गुलकी आगे बढ़ी, फिर रुकी और टेंट से दो अधन्नी निकाले- “ले मिरवा, ले मटकी?” मटकी जो हमेशा हाथ फैलाये रहती थी, इस समय जाने कैसा संकोच उसे आ गया कि वह हाथ नीचे कर दीवार से सट कर खड़ी हो गयी और सर हिलाकर बोली, “नहीं ?”–“नहीं बेटा! ले लो!” गुलकी ने पुचकारकर कहा। मिरवा-मटकी ने पैसे ले लिये और मिरवा बोला, “छलाम गुलकी! ए आदमी छलाम?”

“अब क्या गाड़ी छोड़नी है?” वह फिर भारी गले से बोला।

“ठहरो बेटा, कहीं ऐसे दामाद की बिदाई होती है?” सहसा एक बिलकुल अजनबी किन्तु अत्यन्त मोटा स्वर सुनायी पड़ा। बच्चों ने अचरज से देखा, मुन्ना की माँ चली आ रही हैं। “हम तो मुन्ना का आसरा देख रहे थे कि स्कूल से आ जाये, उसे नाश्ता करा लें तो आयें, पर इक्का आ गया तो हमने समझा अब तू चली। अरे! निरमल की माँ, कहीं ऐसे बेटी की बिदाई होती है! लाओ जरा रोली घोलो जल्दी से, चावल लाओ, और सेन्दुर भी ले आना निरमल बेटा! तुम बेटा उतर आओ इक्के से!”

निरमल की माँ का चेहरा स्याह पड़ गया था। बोलीं, “जितना हमसे बन पड़ा किया। किसी को दौलत का घमण्ड थोड़े ही दिखाना था?” “नहीं बहन! तुमने तो किया पर मुहल्ले की बिटिया तो सारे मुहल्ले की बिटिया होती है। हमारा भी तो फर्ज था। अरे माँ-बाप नहीं हैं तो मुहल्ला तो है। आओ बेटा?” और उन्होंने टीका करके आँचल के नीचे छिपाये हुए कुछ कपड़े और एक नारियल उसकी गोद में डालकर उसे चिपका लिया। गुलकी जो अभी तक पत्थर-सी चुप थी सहसा फूट पड़ी। उसे पहली बार लगा जैसे वह मायके से जा रही है। मायके से अपनी माँ को छोड़कर छोटे-छोटे भाई-बहनों को छोड़कर और वह अपने कर्कश फटे हुए गले से विचित्र स्वर से रो पड़ी।

“ले अब चुप हो जा! तेरा भाई भी आ गया?” वे बोलीं। मुन्ना बस्ता लटकाये स्कूल से चला आ रहा था। कुबड़ी को अपनी माँ के कन्धे पर सर रखकर रोते देखकर वह बिल्कुल हतप्रभ-सा खड़ा हो गया- “आ बेटा, गुलकी जा रही है न आज! दीदी है न! बड़ी बहन है। चल पाँव छू ले! आ इधर?” माँ ने फिर कहा। मुन्ना और कुबड़ी के पाँव छुए? क्यों? क्यों? पर माँ की बात! एक क्षण में उसके मन में जैसे एक पूरा पहिया घूम गया और वह गुलकी की ओर बढ़ा। गुलकी ने दौड़कर उसे चिपका लिया और फूट पड़ी- “हाय मेरे भैया! अब हम जा रहे हैं! अब किससे लड़ोगे मुन्ना भैया? अरे मेरे वीरन, अब किससे लड़ोगे?” मुन्ना को लगा जैसे उसकी छोटी-छोटी पसलियों में एक बहुत बड़ा-सा आँसू जमा हो गया जो अब छलकने ही वाला है। इतने में उस आदमी ने फिर आवाज दी और गुलकी कराहकर मुन्ना की माँ का सहारा लेकर इक्के पर बैठ गयी। इक्का खड़-खड़ कर चल पड़ा। मुन्ना की माँ मुड़ी कि बुआ ने व्यंग्य किया, “एक आध गाना भी बिदाई का गाये जाओ बहन! गुलकी बन्नो ससुराल जा रही है!” मुन्ना की माँ ने कुछ जवाब नहीं दिया, मुन्ना से बोली, “जल्दी घर आना बेटा, नाश्ता रखा है?”

पर पागल मिरवा ने, जो बम्बे पर पाँव लटकाये बैठा था, जाने क्या सोचा कि वह सचमुच गला फाड़कर गाने लगा, “बन्नो डाले दुपट्टे का पल्ला, मुहल्ले से चली गयी राम?” यह उस मुहल्ले में हर लड़की की बिदा पर गाया जाता था। बुआ ने घुड़का तब भी वह चुप नहीं हुआ, उलटे मटकी बोली, “काहे न गावें, गुलकी नै पैसा दिया है?” और उसने भी सुर मिलाया, “बन्नो तली गयी लाम! बन्नो तली गयी लाम! बन्नो तली गयी लाम!”

मुन्ना चुपचाप खड़ा रहा। मटकी डरते-डरते आयी- “मुन्ना बाबू! कुबड़ी ने अधन्ना दिया है, ले लें?”

“ले ले” बड़ी मुश्किल से मुन्ना ने कहा और उसकी आँख में दो बड़े-बड़े आँसू डबडबा आये। उन्हीं आँसुओं की झिलमिल में कोशिश करके मुन्ना ने जाते हुए इक्के की ओर देखा। गुलकी आँसू पोंछते हुए परदा उठाकर मुड़-मुड़कर देख रही थी। मोड़ पर एक धचके से इक्का मुड़ा और फिर अदृश्य हो गया।

सिर्फ झबरी सड़क तक इक्के के साथ गयी और फिर लौट गयी।

Saturday, February 3, 2024

लाटी - शिवानी


लम्बे देवदारों का झुरमुट झक-झुककर गेठिया सैनेटोरियम की बलैया-सी ले रहा था। काँच की खिड़कियों पर सूरज की आड़ी-तिरछी किरणें मरीज़ों के क्लांत चेहरों पर पड़कर उन्हें उठा देती थीं। मौत की नगरी के मुसाफिरों के रोग-जीर्ण पीले चेहरे सुबह की मीठी धूप में क्षण-भर को खिल उठते। आज टी.बी., सिरदर्द और जुकाम-खाँसी की तरह आसानी से जीती जानेवाली बीमारी है, पर आज से कोई बीस साल पहले टी.बी. मृत्यु का जीवंत आह्वान थी। भुवाली से भी अधिक माँग तब गेठिया सैनेटोरियम की थी। काठगोदाम से कुछ ही मील दूर एक ऊँचे पहाड़ पर गेठिया सैनेटोरियम के लाल-लाल-छतों के बँगले छोटे-छोटे गुलदस्ते से सजे थे।

तीन नम्बर के बँगले का दुगुना किराया देकर कप्तान जोशी स्वयं अपनी रोगिणी पत्नी के साथ रहता था। बँगले के बरामदे में पत्नी के पलँग के पास वह दिन-भर आराम-कुर्सी डाले बैठा रहता, कभी अपने हाथों से टेम्परेचर चार्ट भरता और कभी समय देख-देखकर दवाईयाँ देता। पास के बँगले के मरीज़ बड़ी तृष्णा और चाव से उनकी कबूतर-सी जोड़ी को देखते। ऐसी घातक बीमारी में कितने यत्न और स्नेह से सेवा करता था कप्तान जोशी! कभी उसके आनन्दित चेहरे पर झुँझलाहट या खीझ की अस्पष्ट रेखा भी नहीं उभरती। कभी वह घुँघराले बालों को ब्रुश से सँवारता, बड़े ही मीठे स्वर में पहाड़ी झोड़े गाता, जिनकी मिठास में तिब्बती बकरियों के गले में बँधी, बजती-रुनकती घंटियों की-सी छुनक रहती। पहाड़ी मरीज़ बिस्तरों से पुकार कर कहते, “वाह कप्तान साहब, एक और!”

कप्तान अपने पलंग से घुली-मिली सुन्दरी ‘बानो’ की ओर देख बड़े लाड़ से मुस्कुरा देता। बानो का गोरा चेहरा बीमारी से एकदम पीला पड़ गया था और उसकी बड़ी-बड़ी आँखें और बड़ी-बड़ी हो गयी थीं। शान्त तरल दृष्टि से वह कप्तान को दिन-रात टुकुर-टुकुर देखती रहती। विवाह के दो वर्ष पश्चात यही उनका वास्तविक हनीमून था, जहाँ न अम्मा, चाची और ताई की शासन की लगाम थी, न नई बहू के घूँघट की बन्दिश। पिंजड़े की चिड़िया आज़ाद कर दी गई थी किन्तु अब उसके कमज़ोर डैनों में उड़ने की ताकत नहीं थी। कप्तान उसकी दुर्बल तप्त हथेली को अपनी कसरती मुट्ठी में बड़े प्यार से दबाकर सहलाने लगता तो उसकी सींक-सी कलाई की सोने की चूड़ी सर-सर कर कोहनी तक सरक जाती।

उन दिनों गेठिया का डॉक्टर एक अधेड़ स्विस था। एक दिन उसने कप्तान को अकेले में बुलाकर कहा, “कप्तान, तुम अभी जवान हो, यह बीमारी जवानी की भूखी है। मैं देख रहा हूँ, तुम ज़रा भी परहेज़ नहीं बरतते। मरीज़ की भूख को दवा से जीतना होगा, मुहब्बत से नहीं।”

क्षण-भर को सब समझकर कप्तान लाल पड़ गया। उसके बूढ़े पिता के भी कई पत्र आ चुके थे और माँ ने रो-रोकर चिट्ठियाँ डाल दी थीं, “मेरे दस-बीस पूत नहीं हैं बेटा, यह बीमारी सत्यानाशी है” – पर कप्तान पहले की तरह अलमस्त डोलता, कभी बानो के चिकने केशों को चूमता, कभी उसकी रेशमी पलकों को, कभी पास के प्राइवेट वार्ड की, गुमानसिंह मालदार की गोल-मटोल पत्नी से मज़ाक करता।

सैनेटोरियम की मनहूस ज़िन्दगी के काले आकाश में रोबदार ठकुरानी ही एक मात्र द्युतिमान तारिका थी। भरे-भरे हाथ-पैर की, चिकने चेहरे पर सदा मुस्कान बिखेरती वह पूरे सैनेटोरियम की भाभी थी। उसके स्वास्थ्य के दुर्गम दुर्ग में भी न जाने बीमारी का घुन किस अरक्षित छिद्र से प्रवेश पा गया था। टी.बी. लगने की पीड़ा से कराहती वह अपनी कदर्य गालियों का अक्षय भण्डार खोल देती। कभी लक्षपति श्वसुर को लक्ष्य बनाती, “हैं हमारे ‘बुडज्यू’ आधी कुमाऊँ के छत्रपति, पर बहू तीथांण (श्मशान) को जा रही है तो उनकी बला से! दुम उठाकर जिसे देखा, वही बदज़ात नर से मादा निकला।”

“ए शाब्बाश, क्या पंच के स्टैण्डर्ड का सेंस ऑफ़ ह्यूमर है! भाभी तबियत बाग-बाग कर दी।” कप्तान कहता।

“एक मेरा खसम है साला। पी के धुत होगा किसी गोरी मेम को लेकर। दो महीने से हरामी झाँकने भी नहीं आया। दाढ़ीजारे की ठठरी उठेगी तो मज़ाल मैं भी सुहाग उतारूँ।” वह फिर कहती।

“क्यों भाभी, क्यों कोस रही हो?” कप्तान हँसकर कहता।

प्रौढ़ा नेपाली भाभी की सदाबहार हँसी से खिलखिलाती आँखें छलक उठतीं, “शाबास है, कप्तान बेटा, तुझे देखकर मेरी छातियों में दूध उतर आता है। कैसी सेवा कर रहा है तू, और एक हमारे हैं कुतिया के जने! मिले तो मूँछें उखाड़कर हरामी के मुँह में ठूँस दूँ।”

कप्तान हँसते-हँसते दुहरा हो जाता, मूँछें उखाड़कर मुँह में ठूँसने की बात कुछ ऐसी जम जाती कि वह भागकर बानो को सुना आता।

नेपाली भाभी के पति की असंख्य मोटरें अल्मोड़ा-नैनीताल को घेरे रहतीं, चाय के बगीचों का अंत नहीं था; किन्तु उनके वैभव ने पत्नी के प्रति प्रेम और मोह की बेड़ियाँ काट दी थीं। एक वर्ष से वे एक बार भी उसे देखने नहीं आए।

एक दिन कप्तान ने देखा, नेपाली भाभी की खाँसी बहुत ही बढ़ गयी है, खाँसी का दौरा-सा पड़ा और कप्तान भागकर देखने गया तो देखा, रक्त के कुंड के बीच नेपाली भाभी की विराट गेहुँआ देह निष्प्राण पड़ी थी। पति की मूँछों को उसके मुँह में ठूँसने का स्वप्न अधूरा ही छोड़कर भाभी चली गई थी।


कुछ दिन तक कप्तान उदास हो गया। बानो की बड़ी-बड़ी आँखों में भी उदासी के डोरे पड़ गए। जब ऐसी हँसती-खेलती लाल-लाल भाभी को मौत खींच ले गई तो हड्डियों का ढाँचा मात्र बानो तो हवा में उड़ती रुई का फाहा थी। भाभी की मौत आकर जैसे उन दोनों के कान में कह गई थी कि ज़िन्दगी कुछ ही पलों की है। उन अमूल्य पलों के अमृतस्वरूपी रस की अन्तिम बूँद भी उन दोनों को छोड़ना मंजूर न था। नित्य निकट आती मौत ने बानो को चिड़चिड़ा बना दिया, पर जैसे इकलौते ज़िद्दी दुर्बल बालक की हर ज़िद को स्नेहमयी माता हँस-खेलकर झेल लेती है, वैसे ही कप्तान हठीली बानो की हर ज़िद पूरी करता। कभी वह खिली चाँदनी में बाहर जाने को मचलती तो वह अपने खाकी ओवरकोट में उसे लपेटकर अपनी देह से सटाए लम्बे चीड़ की छाया में बैठा रहता।

बानो को विवाह के ठीक तीसरे ही दिन छोड़कर उसे बसरा जाना पड़ा था। उन तीन दिनों में, खाकी वर्दी में कसे छह-फूटे शरीर और भूरी-भूरी मूँछों को देखकर, बानो उससे जितना ही कटी-कटी छिपी फिरती, वह उसे पाने को उतना ही उन्मत्त हो उठता। उसे देखते ही वह अपनी मेहँदी लगी नाजुक हथेलियों से लाज से गुलाबी चेहरा ढाँक लेती। दूसरे दिन बड़ी कठिनता से कप्तान उसके मुँह से धीमी फुसफुसाहट में उसका नाम कहलवा पाया था, बहुत धीमे स्वर में ही प्रणय-निवेदन की भूमिका बाँधनी पड़ी थी; क्योंकि पास के कमरे में ही ताऊजी लेटते थे।

“क्या नाम है तुम्हारा?” उसकी तीखी ठुड्डी उठाकर कप्तान ने पूछा था।

“बानो।” उसके पतले होंठ हिलकर रह गए।

“राम-राम, मुसलमानी नाम।” कप्तान ने हँसकर छेड़ दिया।

“सब यही कहते हैं, मैं क्या करूँ?” बानो की आँखें छलक उठीं।

“मैं तो तुम्हें छेड़ रहा था, कितना प्यारा नाम है! पहाड़ी नाम भी कोई नाम होते हैं भला, सरुली, परुली, रमा, खष्टी।” वह बोला, “कितने साल की हो तुम, बानो?”

“इस आषाढ़ में मुझे सोलहवाँ लगेगा।” बानो ऐसे उत्साह से बोली जैसे उसने आधी ज़िन्दगी पार कर ली हो। कप्तान का दिल भर आया, अपनी खिलौने-सी बहू को उसने खींचकर हृदय से लगा लिया। पहले वह अपने ताऊ और पिता से सख़्त नाराज़ हो गया था, कहाँ वह ठसकेदार बाँका कप्तान और कहाँ हाईस्कूल पास छोकरी को पल्ले बाँधकर रख दिया! पर बालिका बानो की सरल आँखों का जादू उस पर चल गया। तीसरे दिन ही उसे बसरा जाना था। कप्तान बानो से विदा लेने गया तो वह कोने में बैठी छालियाँ कतर रही थी, उसकी पलकें भीगी थीं और पति की आहट पाकर उसने घुटनों में सिर डाल दिया। झट से झुककर कप्तान ने उसका माथा चूम लिया। उसका गला भर आया।

तीन-दिन की ताजा सुन्दरी नववधू को इस तरह छोड़कर जाना कप्तान को दुश्मन की गोलाबारी से भयंकर लगा। इसके बाद दो वर्षों तक कप्तान युद्ध की विभीषिका में भटक गया। बर्मा और बसरा के जंगलों में भटक-भटककर उसके साथी वहशी बन गए थे। गंदे अश्लील मज़ाक करते। फौजी अफसरों में कप्तान ही सबसे छोटी उम्र का था। बर्मा के युद्ध से स्तब्ध सड़कों पर चपल बर्मी रमणियों के कुटिल कटाक्षों का अभाव नहीं था, फिर भी कप्तान अपनी जवानी को दाँतों के बीच जीभ-सी बचाता सेंत गया।

दो साल बाद घर पहुँचा तो दुनिया बदल चुकी थी। उन दो वर्षों में बानो ने सात-सात ननदों के ताने सुने, भतीजों के कपड़े धोए, ससुर के होज बिने, पहाड़ की नुकीली छतों पर पाँच-पाँच सेर उड़द पीस कर बड़ियाँ तोड़ीं। कभी सुनती उसके पति को जापानियों ने कैद कर लिया है, अब वह कभी नहीं लौटेगा। सास और चचिया सास के व्यंग्य-बाण उसे छेद देते, वह घुलती गयी और एक दिन क्षय का तक्षक कुंडली मारकर उसकी नन्ही-सी छाती पर बैठ गया। उसे सैनेटोरियम भेज दिया गया था। दूसरे ही दिन कप्तान बानो को देखने चल दिया तो घरवालों के चेहरे लटक गए।

गेठिया पहुँचा और एक प्राइवेट वार्ड के बरामदे में लेटी बानो को देखकर उसका कलेजा उछलकर मुँह को आ गया। दो वर्षों में बानो घिसकर और भी बच्ची बन गई थी। कप्तान को देखकर उसकी तरल आँखें खुली ही रह गईं, फिर आँसू टपकने लगे। कहने और कैफियत देने की कोई गुंजाइश नहीं रही। बानो के बहते आँसुओं की धारा ने दो साल के सारे उलाहने सुना दिए। दोनों ने समझ लिया कि मिलन के वे क्षण मुट्ठी-भर ही रह गए थे।

उन दिनों सैनेटोरियम में एक अत्यंत क्रूर नियम था। रोगियों को उनकी अन्तिम अवस्था जानकार उन्हें घर भेज दिया जाता। सैनेटोरियम में मृत्यु का प्रवेश सर्वथा निषिद्ध था। नेपाली भाभी की मृत्यु के बाद कप्तान और बानो मातम में डूब गए, पर चौथे दिन वे फिर हनीमून मनाने लगे। अपनी साड़ियों का बक्स निकलवाकर बानो ने कई साड़ियों पर इस्त्री करवाई। बड़ी देर तक दोनों ने पेशेन्स खेला, पर शाम होते ही बानो मुरझाने लगी। दिन-भर उसे दस्त आ रहे थे और टी.बी. के मरीज़ को दस्त आना खतरे से खली नहीं होता। डॉक्टर दलाल आया, उसने कप्तान को बाहर ले जाकर कमरा खाली करवाने का नोटिस दे दिया, “कल ही ले जाना होगा, आई गिव हर टू टु-थ्री डेज़। इससे ज़्यादा नहीं बचेगी।”


कप्तान का चेहरा सफ़ेद पड़ गया। घर जाने का प्रश्न नहीं उठता था, तीन रस-भरे महीनों की मीठी धरोहर को वह घर की कड़वाहट से अछूता ही रखना चाहता था। भुवाली के पास ही एक चाय की दूकान के नीचे साफ़-सुथरा कमरा, मृत्यु का पासपोर्ट पाए बानो-जैसे अभागे मरीज़ों के लिए सदा बाँह फैलाए खुला रहता था।

“सैनेटोरियम छोड़कर हम कल दूसरी जगह चलेंगे, बानो। यहाँ साली तबियत बोर हो गई है।” बड़े उत्साह और आनन्द से कप्तान ने भूमिका बाँधी, पर बानो का चेहरा फक पड़ गया। वह समझ गई कि आज उसे भी नोटिस दे दिया गया है।

बड़ी रात तक कप्तान उसके गालों के पास अपना चेहरा ले जाकर गुनगुनाता रहा, “बानो, मेरी बन्नी, बन्नू!” और फिर जब बानो को नींद आ गई तो वह भी अपने पलंग पर जाकर सो गया।

सुबह उठा तो बानो पलंग पर नहीं थी। सोचा, घिसटती बाथरूम तक चली गई होगी। जोश आने पर वह काफी दूर तक चल लेती थी। बड़ी देर तक नहीं लौटी तो वह घबराकर उठा। बानो कहीं नहीं थी। भागकर वह मरीज़ों के पास गया, डॉक्टर आया, नर्सें आईं, चौकीदार आया, पर बानो कहीं नहीं थी। सैनेटोरियम में आज पहली बार ऐसी अनहोनी घटना घटी थी।

दूसरे दिन बड़ी दूर रथी घाट पर बानो की साड़ी मिली थी। मृत्यु के आने से पूर्व वह अभागी स्वयं ही भागकर मृत्यु से मिलने चली गई थी।

इसमें कोई सन्देह नहीं रहा कि बानो ने डूबकर आत्महत्या कर ली थी। शोक से पागल होकर कप्तान उसकी साड़ी को छाती से चिपटाए फिरता रहा; किन्तु मर्द की जवानी जाड़े की भयंकर लम्बी रात के समान है, जो काटे नहीं कटती। एक ही साल में उसका फिर विवाह हुआ, अब के ताऊ और पिता ने खूब ठोंक-पीट कर बहू छाँटी। ऊँची-अगली, गोरी और एम.ए. पास। कप्तान की नई पत्नी के पिता थे मेज़र जनरल। चालीस तमगे लगाकर उन्होंने कन्यादान किया तो कप्तान बेचारा सहम कर रह गया। प्रभा इकलौती लड़की थी, फिर दुजू की बीवी थी, जो बादशाह की घोड़ी से कम नहीं होती। उसके सौ-सौ नखरे उठाता कप्तान हँसना, खिलखिलाना और मौज़-मस्तियाँ सब भूलकर रह गया।

चार साल में कप्तान को दो बेटे और एक बेटी देकर प्रभा ने धन-संचय की ओर ध्यान लगाया। सोलह सालों में कप्तान के बैंक बैलेंस में रुपयों और नोटों की मोटी तह जमाकर दोनों नैनीताल घूमने आए। कप्तान की थोड़ी सी तोंद निकल आई थी, चेहरा अभी भी मस्ताना था, पर मूँछों में अब वह ऐंठ नहीं रह गई थी, कनपटी के आस-पास बाल सफेद हो चले थे। दो जवान लड़कों को कमीशन मिल गया था, बेटी मिरांडा हाउस में पढ़ रही थी।

नैनीताल आकर कप्तान के दिल में एक टीस-सी उठी। काठगोदाम से चलकर गेठिया दिखा और वह गुमसुम-सा हो गया।

नैनीताल के ग्रांड होटल में दोनों टिके। प्रभा बोली, “चलो डार्लिंग, पहाड़ का इंटीरियर घूमा जाए। भुवाली चलें।” चिकन, सैंडविच, रोस्ट मुर्ग पैक करवाकर उसने अपनी फियट गाड़ी भुवाली की ओर छोड़ी। बगल में दामी चंदेरी साड़ी और बिना बाँहों के ब्लाउज़ से अपने मांसल शरीर की गोरी दमक बिखेरती प्रभा बैठी। भुवाली की एक छोटी-सी दुकान देखकर प्रभा ने गाड़ी रुकवा दी, “इसी दुकान में आज एकदम पहाड़ी स्टाइल से कलई के गिलास में चाय पिएँगे हनी।” वह बोली।

कप्तान अब मेज़र था, “मेज़र की डिग्निटी कहाँ जाएगी?” वह बोला।

“भाड़ में!” कहकर प्रभा अपनी पेंसिल हील की जूतियाँ चटकाती दुकान में घुस गई।

काठ की एक बेंच धुएँ और कालिख से काली पड़ गई थी, उसी को झाड़कर दोनों बैठ गए। पहले कुछ देर को पहाड़ी दुकानदार भौंचक-सा रह गया। लकड़ी के धुएँ से एकदम काली केटली में चाय उबल रही थी।


“खूब गर्म दो गिलास चाय लाओ, प्रधान।” मेज़र ने पहाड़ी में कहा और दुकानदार का मुँह खुला ही रह गया। ऐसे अंग्रेज़ी में बोलनेवाला अनोखा जोड़ा पहाड़ी कैसे हो गया, वह सोचने लगा।

वह चाय बना ही रहा था कि अलख-अलख करते वैष्णवियों के दल ने भीतर घुसकर दुकान घेर ली, “ओ हो गुरु, भल द्दा भल द्दा।” कहकर हेड वैष्णवी ने बड़े प्रभुत्वपूर्ण स्वर में सोलह गिलास चाय का आर्डर दे दिया। हेड वैष्णवी बड़ी ही मुखर और मर्दानी थी, इसी से शायद मर्दाने स्वर में बोल भी रही थी, “सोचा, बामण ज्यू की ही दुकान की चाय छोरियों को पिलाऊँगी, आज एकादशी है।”

“क्यों नहीं! क्यों नहीं!” दुकानदार बोला, “अरे लाटी भी आई है?”

“अरे कहाँ जाएगी अभागी!” वैष्णवी ने कहा। प्रभा और मेज़र की दृष्टि एक साथ ही लाटी पर पड़ी।

कुत्सित बूढ़ी अधेड़ वैष्णवियों के बीच देवांगना-सी सुन्दरी लाटी अपनी दाड़िम-सी दन्तपंक्ति दिखाकर हँस दी। मेज़र का शरीर सुन्न पड़ गया, स्वस्थ होकर जैसे साक्षात् बानो ही बैठी थी। गालों पर स्वास्थ्य की लालिमा थी, कान तक फैली आँखों में वही तरल स्निग्धता थी और गूँगी जिह्वा का गूँगापन चेहरे पर फैलकर उसे और भी भोला बना रहा था।

“हाय, क्या यह गूँगी है? माई गॉड, ह्वाट ब्यूटी।” प्रभा बोली।

“हाँ सरकार, यह लाटी है।”, दुकानदार ने कहा और मेज़र के दिल पर आ गिरी भारी पत्थर की चट्टान उठ गई।

“क्या नाम है जी इसका?” प्रभा मुग्ध होकर लाटी को ही देख रही थी।

“नाम जो होगा, वह तो बह गया मीमशाब, अब तो लाटी ही इसका नाम है।” हेड वैष्णवी ने कहा, “हमारे गुरु महाराज को इसकी देह नदी में तैरती मिली। जीभड़ी इसकी कटकर कहीं गिर गई थी। राम जाने कौन था वह! गले में चरयो (मंगल-सूत्र) था, ब्याह हो गया होगा। फिर हमारा गुरु महाराज इसको गुरुमंतर दिया। भयंकर ‘छे रोग’ था। एक-एक सेर खून उगलता था, पर गुरु का शरण में आया तो सब रोग-सोग ठीक हो गया इसका। लाटी, जीभ दिखा।

धुँ-धुँ कर लाटी ने भुवनमोहिनी हँसी हँस दी, जीभ नहीं दिखाई।

“कुछ नहीं समझती साली। बस खाती है ढाई सेर, सब भूल गया, हमारा आर्डर भी नहीं मानती।” असंतुष्ट स्वर में मर्दानी वैष्णवी बोली।

“ओह, माई गॉड! अपने आदमी को भी भूल गई क्या?” प्रभा बोली।

“जो था सो था, इसको कुछ याद नहीं। खाली ‘फिक-फिक’ कर हँसती है हरामी। अब परभू इसका मालिक और परभू इसका सहारा है। हाँ, गुरु कितना पैसा हुआ?”

हेड वैष्णवी ने पैसे चुकाए और उसका दल अलख बजता उठ खड़ा हुआ। लाटी बैठी ही रही, मेज़र एकटक उसे देख रहा था। यह वही बानो थी, जिसे डॉक्टर दलाल और कक्कड़ जैसे प्रसिद्ध विशेषज्ञों की मृत्युंजय औषधियाँ भी स्वस्थ नहीं कर सकी थीं।

“उठ साली लाटी!” हेड वैष्णवी ने हलकी-सी ठोकर से लाटी को उठाया। एक बार फिर अपनी मधुर हँसी से मेज़र का हृदय बींधकर लाटी उठी और दल के पीछे-पीछे चल दी। काश, उसके भोले चेहरे से गाल सटाकर मेज़र कह सकता, ‘मेरी बानो, बन्नी, बन्नू!’ शायद उसकी गूँगी ज़बान के नीचे दबी उसकी गूँगी पिछली ज़िन्दगी बोल उठती।

पर मेज़र, ज़िन्दगी की दौड़ में बहुत आगे निकल आया था, पीछे लौटकर बिछुड़े को लाना सबसे बड़ी मूर्खता होती। दो जवान बेटे और बेटी, राष्ट्रपति के सहभोजों में चमकती उसकी शानदार दूसरी बीवी, गरीब, गूँगी लाटी का आना कैसे सह सकते?

“उठो डार्लिंग, लंच गर्म पानी में करेंगे।” प्रभा ने कहा और मेज़र उठ खड़ा हुआ। कुछ ही पलों में वह बूढ़ा और खोखला हो गया था।

बानो मर गई थी। अब तो वह लाटी थी। परभू अब उसका मालिक और परभू ही उसका सहारा था।

Thursday, February 1, 2024

हरी बिंदी - मृदुला गर्ग


आँख खुलते ही आदतन नज़र सबसे पहले कलाई पर बंधी घड़ी पर गयी… सिर्फ साढ़े छह बजे थे। उसने फौरन दुबारा कस कर आंखे बंद कर लीं और इंतज़ार करने लगी कि अब पलंग चरमरायेगा और आवाज़ आयेगी- उठना नहीं है क्या? पर जब कुछ देर चुप्पी बनी रही तो आंखें खोल कर देखा, बिस्तर पर वह अकेली है। अरे हाँ, रात ही तो राजन दिल्ली गया है। याद ही नहीं रहा। तो अब उठने की कोई जल्दी नहीं है।

उसने ढेर सारी हवा गालों में भर कर लंबी सांस छोड़ी और पूरे बिस्तर पर लोट लगा गयी। दूसरे सिरे पर जा कर मुंह पर बांह रख कर लेटी तो कानों में घड़ी की टिक-टिक बज उठी। वह मुस्करा दी। उसे कलाई पर घड़ी बांध कर सोने की आदत है। रोज राजन चिढ़ कर कहता है। यह क्या, सारी रात कान के पास टिक-टिक होती रहती है। इसे उतारो न। उसने मुंह पर से बांह हटा ली, तकिया खींच कर पेट के नीचे दबा लिया और लंबे-चौड़े पंलग पर बांहे फैला कर औंधी लेट गयी। ओह, सुबह देर तक सोने में कितना आनंद आता है। राजन होता है तो सुबह छह-साढ़े छह से ही खटर-पटर शुरू हो जाती है। चाय-नाश्ते की तैयारी, दोपहर का खाना साथ में और आठ बजे राजन दफ्तर के लिए रुखसत। न जाने राजन को जल्दी उठने का क्या मर्ज है। खैर आज वह स्वतंत्र है। जो चाहे करे। उसने शरीर को ढीला छोड़ दिया और दोबारा सोने की तैयारी करने लगी।

फिर आंख खुली तो साढ़े आठ बजे चुके थे। उसने एक प्याला चाय बनायी और खिड़की का परदा हटा कर बाहर झांकने लगी। दूर तक धुंध छायी थी। आज जरूर बरसात होगी, उसने सोचा। उसे धुंध बहुत भली लगती है। जब मालूम नहीं पड़ता, वहाँ कुछ दूर पर क्या है तो अनायास आशा होने लगती है कि कोई अनुपम और मोहक वस्तु होगी। मैं भी खूब हूँ, उसने मुस्करा कर सोचा, मुझे धुंध में खुलापन लगता है और सूर्य के प्रकाश में घुटन!

चाय पी कर गरम पानी से देर तक नहाया जाये, उसने सोचा और बाल्टी भरने लगी। फिर ठंडे पानी की फुहार ही ऊपर छोड़ ली और एक ग़ज़ल गुनगुना उठी। बड़े तौलिये से खूब रगड़ कर बदन पोंछा। आज एक अद्भुत स्फूर्ति और उत्साह का अनुभव हो रहा है। नीले रंग का कुर्ता और चूड़ीदार पाजामा पहना तो नीले रंग की बिंदी माथे पर लगाने को हाथ बढ़ गया। फिर न जाने क्या सोच कर उसे छोड़ दिया और बड़ी सी हरी बिंदी लगा ली। राजन होता तो कहता, नीले पर हरा? क्या तुक है? उसने दर्पण में दिख रही अपनी प्रतिच्छाया को ज़बान निकाल कर चिढ़ा दिया, कहा ‘तुक की क्या तुक है?’ और खिलखिला कर हंस पड़ी।


दराज खोली तो नज़र चांदी की बाली पर पड़ गयी। उठा कर कानों में लटका लीं। विवाह के बाद से पहननी छोड़ दी थी। नकली हैं न। और जरूरत से ज्यादा बड़ी, राजन कहता है। एक पुराना बैग हाथ में ले, झपट कर बाहर निकल आयी। बरामदे में मुंडू बैठा आराम से सिगरेट फूक रहा था, राजन की। उसे देखते ही हथेली में छिपा, बड़ी संजीदगी से बोला, “खाना क्या बनाऊं?”

“कुछ नहीं”, उसने कहा, “नहीं खायेंगे। तुम्हारी छुट्टी।”

मुंडू की घबरायी सूरत देख कर हंस पड़ी और बोली, “मेरा मतलब, जो तुम्हे अच्छा लगे बना लो। तुम्हें ही खाना है, चाहे खाओ चाहे छुट्टी मनाओ।”

बिना यह चिंता किये कि ठीक कहाँ जायेगी या क्या करेगी, वह सड़क पर कुछ दूर चलती चली गयी। बस इतना जानती है कि आज का दिन यों ही नहीं जाने देगी। कुछ तय करने से पहले बारिश शुरू हो गयी। उसने कुछ दूर भाग कर टैक्सी को आवाज लगायी और भीतर घुस कर सोचने लगी, जब टैक्सी ली है तो कहीं न कहीं जाने को कहना पड़ेगा। जहाँगीर आर्ट गैलरी, उसने जो सबसे पहले मुंह में आया, कह दिया।

गैलरी में किसी आधुनिक चित्रकार की प्रदर्शनी हो रही थी। विशेष कुछ समझ में नही आया पर आनंद अवश्य आया। आज कुछ भी करने में आनंद आ रहा है। एक चित्र के आगे वह काफी देर खड़ी रही। देखा पूरे केनवास पर रंग-बिरंगी रेखाएं इधर-उधर दौड़ी चली जा रही हैं। अरे, उसने सोचा, यह तो बिलकुल मेरे कुर्ते की तरह है। वह ज़ोर से हंस पड़ी, इतनी जोर से कि पास खड़ा एक दढ़ियल उसे घूरने लगा। कहीं यही तो चित्रकार नहीं है? बेचारा! जरूर चित्र अत्यंत त्रासद रहा होगा। उसने चेहरा गंभीर बनाया और दढ़ियल के पास जा कर विनम्रता से कहा, “सॉरी”, और बाहर निकल आयी।

बाहर आ कर ख़याल आया, हो सकता है, वह कलाकार न हो, उद्योगपति हो। दो किस्म के इंसान ही दाढ़ी रखने का साहस कर सकते हैं, कलाकार और सामंत। सामंत अब रहे नहीं, उनका स्थान उद्योगपतियों ने ले लिया है। तब तो दिन भर यही सोचता रहेगा, उसने सॉरी क्यों कहा। उसमें भी नफे की गुंजाइश ढूंढता रहेगा। वह दूने वेग से हंस दी।

फिर देखा, बारिश थमी हुई है पर आकाश अब भी काफी गुस्सैल नजर आ रहा है। पूरा बरसा नहीं, उसने सोचा, और फिर सड़क थाम ली।

सड़क के किनारे रेस्तरां देख याद आया कि काफी जोर से भूख लगी है। भीतर जा कर चटपट आदेश दे दिया, “एक गरमागरम आलू की टिकिया और एक आइसक्रीम, एक साथ।”

“एक साथ?” बैरे ने आश्चर्य दिखाया।

“हाँ, कोई एतराज है?”

“जीं नहीं। लाया।”

उसे ठंडा और गरम एक साथ खाना भला लगता है। कहते हैं, दांत खराब हो जाते हैं। कितना चटपट काम हो गया आज। राजन रहता है तो बढ़िया जगह बैठ कर आराम से खाने की सूची देखने के बाद, सोच-विचार कर आदेश दिये जाते हैं।


खा कर बाहर निकली तो सोचा, पास किसी सिनेमाघर में पिक्चर देख ली जाये। किस्मत से अंग्रेजी की पुरानी मज़ाकिया पिक्चर मिल गयी। डैनी के की। राजन कहता है, न जाने तुम्हें डैनी के कैसे पसंद है। मुझे तो उसके बचपने पर हंसी नहीं आती। पर उसे आती है, खूब आती है, फिर हंसी पर हंसी आती है…..। कभी कभी बे-बात आती है, जैसे आज।

पिक्चर के दौरान वह आज और दिनों से ज्यादा ठहाके लगा रही थी। पास बैठे आदमी की सूरत अंधेरे में दिख नहीं रही थी, पर हंसी की आवाज ज़रूर सुनायी पड़ रही थी। पता लग रहा था, हंसने में वह उससे दो कदम आगे है। अदाकार की एक खास बेचारगी की मुद्रा पर वे इतनी जोर से हंसे कि उनके हाथ आपस में टकरा गये। सॉरी कहने के इरादे से एक-दूसरे की तरफ मुड़े, पर माफ़ी मांगने के बजाय एक ठहाका और लगा गये। उसके बाद हर बार यही हुआ। हंसी आने पर वे अनायास एक-दूसरे को देखते और मिल कर हंसते। खेल खत्म होने पर एक साथ बाहर निकले तो देखा, साढ़े चार बजे ही काफी अंधेरा हो चला है। आकाश यों तना खड़ा है कि अब बरसा, अब बरसा।

“कितना सुहावना दिन है,” उसने अपने पड़ोसी से कहा।

“सुहावना?” उसने कुछ अचरज से कहा, “या बेरंग?”

“हाँ, कितना सुहावना बेरंग दिन है।”

वह हंस पड़ा, “समझता हूँ। सूरज यहाँ रोज़ निकलता है।”

“पर धुंध कभी-कभी होती है। आठ महीनों में आज पहली बार।”

“अब मानसून शुरू हो जायेगी?”

“हाँ आज खूब बरसेगा,” उसने कहा। फिर अनायास जोड़ा, “कॉफी पियेंगे?”

“ज़रूर।”

हलकी हलकी फुहार पड़नी शुरू हो गयी तो दोनों भाग कर सामने वाले रेस्तरां में जा घुसे। उसने बाल झटक दिये और बोली, “आपका छाता कहाँ है?”

“छाता?”

“हाँ, आप लोग हमेशा छाता साथ रखते हैं न?”

वह ठहाका मार कर हंस पड़ा, “इंगलैंड में”, उसने कहा।

कॉफी मंगा कर दोनों सामने, काले पड़ आये, समुद्र को देखते अपने-अपने ख़यालों में खो गये।

सहसा उसकी आवाज सुन कर वह चौंकी, “आप क्या सोच रही हैं, यह जानने के लिए पेनी का खर्चा करने को तैयार हूँ”, वह कह रहा था।

“दीजिए”, उसने हंस कर कहा।

उसने निहायत संजीदगी से जेब में हाथ डाला और एक पेनी आगे कर दी। उसने उसे हथेली में बंद कर लिया।

“बतलाना सच सच होगा।”

“मैं सोच रही थी, समुद्र में कूद पड़े तो कितनी दूर तक अकेली तैर सकूँगी। और आप? आप क्या सोच रहे थे? पर पेनी नहीं दूँगी”, उसने मुट्ठी कस कर बंद कर ली, जैसे उसमें किसी आत्मीय का दिया उपहार हो।

“बुरा तो नहीं मानेंगी?” उसने पूछा।

“नहीं”, उसने कह दिया पर दिल बैठ गया। अब वही घिसी पिटी आशिकाना बातें शुरू हो जायेंगी।

“मैं सोच रहा था, बारिश बढ़ जाने पर यहाँ से वोरली तक का टैक्सी भाड़ा कितना लगेगा?”

वह जोर से हँस पड़ी, दुर्भावना से नहीं, हर्ष के अतिरेक से।

“मुझे रास्ते में छोड़ते जायेंगे तो आधा”, उसने कहा।

“बहुत खूब”, उसने यह नहीं पूछा कि वह रहती कहाँ है।

उसे लगा, जीवन में पहली बार ऐसे इंसान के साथ बैठी है, जो यह नहीं जानना चाहता, उसके पति हैं या नहीं, और हैं तो क्या काम करते हैं।

“समुद्र के जल पर गिरती वर्षा की बूंदे कितनी अच्छी लगती हैं”, उसने कहा।

कुछ देर दोनों चुप रहे।

“प्रशांत महासागर पर जब जहाज जाता है, तो उसके अग्रभाग से चिरता जल चांदी की तरह चमकने लगता है”, अतिथि ने कहा।

“क्यों?”

“शायद फोसफोरेसंस के कारण। आपने कभी नहीं देखा?”

“नहीं।”

“मौका मिले तो देखिएगा।”

“आप बहुत घूमे है?” उसने हलकी ईर्ष्या के साथ पूछा।

“बहुत”, वह याद करके मुस्करा रहा था।

“सबसे अच्छी जगह कौन सी लगी?”

“जब जहाँ हुआ”, वह हिचकिचाहट के साथ मुस्कराया, पता नहीं वह समझे या न समझे।

वह हामी में सिर हिला कर मुस्करा दी। उसने देखा, कॉफी खत्म हो चली है और बैरा बिल लिये आ रहा है। बाहर वर्षा थमने लगी है, धुंध भी छंट रही है। नहीं, धुआंधार नहीं बरसेगा। वह संकेत झूठा निकला। अब धुंध हट जायेगी और वही तेज़ प्रकाश वाला सूर्य निकल आयेगा।

बिल आने पर उसने उठा लिया और कहा, “न्योता मेरा था।”

अतिथि ने बहस नहीं की। शुक्र है, उसने सोचा, पैसे देने की जिद करने लगता तो सब कुछ बिखर जाता।

टैक्सी ले कर चले थे कि घर आ गया। उतरते-उतरते पैसे निकालने लगी तो उसने रोक दिया, “रहने दीजिए।”

“क्यों”, उसके माथे पर शिकन पड़ गयी।

“आज का दिन मेरे लिए काफी कीमती रहा है।”

“कैसे?”

“मैंने आज से पहले किसी को हरी बिंदी लगाये नहीं देखा”, उसने स्निग्ध स्वर में कहा।

वह ज़रा ठिठकी कि टैक्सी चल दी। कुछ दूर जा कर आँखों से ओझल हो गयी।

Tuesday, January 30, 2024

धर्म संकट - अमृतलाल नागर


शाम का समय था, हम लोग प्रदेश, देश और विश्‍व की राजनीति पर लंबी चर्चा करने के बाद उस विषय से ऊब चुके थे। चाय बड़े मौके से आई, लेकिन उस ताजगी का सुख हम ठीक तरह से उठा भी न पाए थे कि नौकर ने आकर एक सादा बंद लिफाफा मेरे हाथ में रख दिया। मैंने खोलकर देखा, सामने वाले पड़ोसी रायबहादुर गिर्राजकिशन (गिरिराज कृष्‍ण) का पत्र था, काँपते हाथों अनमिल अक्षरों और टेढ़ी पंक्तियों में लिखा था:

माई डियर प्रताप,

“मैंने फुल्‍ली को आदेश दे रक्‍खा है कि मेरी मृत्‍यु के बाद यह पत्र तुम्‍हें फौरन पहुँचाया जाए। तुम मेरे अभिन्‍न मित्र के पुत्र हो। रमेश से अधिक सदा आज्ञाकारी रहे हो। मेरी निम्‍नलिखित तीन अंतिम इच्‍छाओं को पूरा करना – ”

1. रमेश को तुरंत सूचना देना। मेरी आत्‍मा को तभी शांति मिलेगी, जब उसके हाथों मेरे अंतिम संस्‍कार होंगे। मैंने उसके साथ अन्याय किया है।

2. फुल्‍ली को मैंने पाँच हजार रुपये दिए हैं और पाँच-पाँच सौ रुपये बाकी चारों नौकरों को। नोट मेरे तकिए में रूई की परत के अंदर हैं। उसी में वसीयत और तिजोरी की चाभी भी है। घर में किसी को यह रहस्‍य नहीं मालूम। तकिया अब फौरन अपने कब्जे में कर लेना। घर के भंडार-घर और संदूकों की चाभियाँ तिजोरी में हैं। रमेश के आने पर पाँच पंचों के सामने उसे सौंप देना।

3. मैंने अपनी वसीयत में यह शर्त रक्‍खी है कि मेरी पत्‍नी अगर मुझे माफ कर दे और गलत ही सही, मगर जो पतिव्रत उस पर आन पड़ा है उसे साधकर, रमेश को छोड़कर, बाइज्‍जत यहाँ रहे तो यह मकान और दस हजार रुपया उसे दिया जाए लेकिन यह काम उसी हालत में होना चाहिए, जबकि हम और तुम्‍हारे द्वारा नियुक्‍त मुहल्‍ले के चार भले आदमी मेरी पत्‍नी की सच्‍चरित्रता के संबंध में आवश्‍स्‍त हो जाएँ।

पत्र पर छह रोज पहले की तारीख पड़ी थी। मुझे यह समझने में देर न लगी कि रायबहादुर साहब गत हो चुके हैं। पत्र मैंने बड़े बाबू के सामने मेज पर रखा दिया। इंजीनियर साहब और प्रोफेसर साहब भी झुककर पढ़ने लगे।

चाय बेमजा हो गई। हम सभी उठकर रायबहादुर साहब के यहाँ गए। उनका रोबीला चेहरा रोग और मानसिक चिंताओं से जर्जर होकर मृत्‍यु के बाद भी उनके अंतिम दिनों के असीम कष्‍टों का परिचय दे रहा था। मृत रायबहादुर के चेहरे को देखते हुए उनके साथ बीते इतने वर्षों की स्‍मृतियाँ मेरे मन में जाग उठी।

रायबहादुर बाबू गिर्राजकिशन बी.ए. उन हिंदुस्‍तानियों में से थे, जिन्‍हें तकदीर की चूक के कारण इंग्लैंड में जन्म नहीं मिल पाया था। उनका रंग भी गोरा न था, बल्कि गेहुएँ से काले की ओर ही अधिक झुकता हुआ था। फिर भी भरसक उन्‍होंने अपने-आपको अंग्रेजनुमा ही बनाए रक्‍खा। गरीब हिंदुस्तानियों पर अकड़ दिखाने में वे सदा अंग्रेजों से चार जूते आगे रहे। कई हिंदीवादियों ने उनसे शुद्ध नाम गिरिराजकृष्‍ण रखने को कहा, मगर वे उन्‍हें मूर्ख बतलाकर गिर्राज ही बने रहे। रायबहादुर गिर्राजकिशन के नाम के साथ बी.ए. जोड़ना भी नितांत आवश्‍यक था। सन 23 में रायबहादुर गिर्राज अपनी बिरादरी के रायसाहेब दीनानाथ की बदौलत इलाहाबाद में छोटे लाट के दफ्तर में भरती हुए थे। अपनी अंग्रेजपरस्‍ती और हाईक्‍लास खुशामद के दम पर रायबहादुर ऊँची कुर्सियों पर चढ़ बैठे। स्‍वराज्‍य होने पर आंतरिक कष्‍ट भोगने के बावजूद तीन वर्षों तक स्‍वराजी अफसरों, नेताओं और मंत्रियों की भी बाअदब खुशामद की। गिर्राज बाबू इन लोगों के सामने जिस प्रकार खुद दुम हिलाते, उसी प्रकार अपने सामने अपने मातहतों की भी हिलवाते थे। आजादी के बाद भी दफ्तर में अपना भला चाहने वाला कोई बाबू उनके आगे हिंदी का एक शब्‍द नहीं बोल सकता था और घर के लिए भी यही मशहूर था कि रायबहादुर की भैंस तक अंग्रेजी में ही डकारती। अगर कोई कसर थी तो सही कि ‘लेडी गिर्राज’ के वास्‍ते अंग्रेजी का करिया अक्षर भी भैंस बराबर ही था।

रायबहादुर गिर्राज पहली लड़ाई के जमाने के मॉडर्न आदमी थे। सुबह आँख खुलते ही घंटी बजाते, सफदे कोट, पतलून और साफे से लैस फुल्‍ली आया का लड़का घसीटे ‘छोटी हाजिरी’ लेकर हाजिर होता। ठीक आठ बजे बड़ी हाजिरी पर बैठते, बेटी-बेटा साथ होते, पर ले‍डी गिर्राज अंडा-बिस्‍कुट-समाज में कभी न बैठीं। परम कट्टर छूत-पाकवाली न होते हुए भी मांस-मछली से उन्‍हें परहेज था। बशीरत चपरासी के बाप मुन्‍ने बावर्ची को हफ्ते में दो दिन ड्यूटी देनी पड़ती थी। घर के निचले हिस्‍से में विलायती रसोई थी। एक तरह से कहना चाहिए कि नीचे का पूरा घर ही विलायती था। वहाँ ले‍डी गिर्राज के बजाय फुल्‍ली आया का साम्राज्‍य था। फुल्‍ली पहले अंग्रेजी कोठियों में काम करती थी। अंग्रेजी ढंग से हिंदुस्‍थानी बोलती है। अंग्रेजी घर के कायदे जानती है। छोटी-बड़ी हाजिरी, लंच, डिनर, चाय सबका समय साधती थी, इसलिए गिर्राज बाबू के बाबू, नियम से दो पेग, खाने से पहले चुसकियों में मर्यादा करते थे, फुल्ली उसका इंतजाम भी बखूबी कर देती थी। इसलिए आमतौर पर मजाक-मजाक में ही मशहूर हो गया था कि रायबहादुर साहब से कोई काम करवाने के वास्‍ते बजाय लेडी गिर्राज के ले‍डी फुल्‍ली की सिफारिश ज्यादह पुरअसर होती है।

वैसे राजबहादुर गिर्राज में किसी ने भी कोई ऐब की बात नहीं देखी-सुनी थी, अगर ऐब था तो यही कि वे मॉडर्न थे। चुरुट मुँह में लगाए बगैर वे बात नहीं कर पाते थे। अगर कोई हिंदी सभा का चंदा माँगने आए तो उससे अकड़कर कहते कि मॉडर्न जमाने में गँवारू भाषाओं का उद्धार करना हिमाकत की बात है। धर्म के संबंध में पहले तो वे यह कहा करते थे कि यह ढोंग और पागलपन की वस्‍तु है, मगर बाद में उसे इंडियन कल्‍चर का एक सनातन रूप मानकर सहन कर जाते थे। गिर्राज साहब थोड़ा-बहुत लेने-देने का काम करते थे और उसकी बदौलत उन्‍होंने हैसियत भी बनाई। अच्‍छा मॉडर्न ढंग का मकान बनवाया। उसका नाम ‘दि नाइटिंगेल’ रक्खा। मोटर खरीदी। सदा दो-चार नौकर पाले। घर से लेकर दफ्तर तक घड़ी साधकर सबसे ड्यूटी करवाई। पत्‍नी को भी मिलने के वास्‍ते फुल्‍ली के द्वारा उनसे ‘अप्‍वाइंटमेंट’ लेना पड़ता था। लेडी इससे जल-फुँक गई कि मैं फुल्‍ली से भी गई-बीती हो गई।

लेडी गिर्राज ने अपने फूहड़पन में उनके ऊपर एक बहुत बड़ा लांछन लगा दिया। रायबहादुर साहब सिद्धांततः और स्‍वभावतः अवैध रिश्‍तों से नफरत करते थे, इसलिए अपनी पत्‍नी के द्वारा झूठा लांछन लगाए जाने के बाद फिर उन्‍होंने कभी उनका मुँह न देखा। बड़ी लड़की के विवाह के अवसर पर उन्‍होंने कन्‍यादान इसलिए स्‍वयं न किया कि उन्‍हें पूजा के पटरे पर अपनी पत्‍नी के साथ बैठना पड़ता।

इसके बाद दो वर्ष में लेडी गिर्राज घुल-घुलकर मर गईं; मगर मरीं भी तो नियति के साथ षड्यंत्र करके ठीक इनके रिटायर होने के दिन। रायबहादुर गिर्राज को बहुत शिकायत हुई; अपने बेटे-बेटी से कहा, “तुम्‍हारी मम्मी को कभी टाइम का सेंस नहीं रहा। अगर मरना ही था तो कल सुबह मरतीं, परसों सुबह मर सकती थीं। आज शाम को दफ्तर में मेरी फेयरवेल पार्टी हो जाने के बाद कभी मर सकती थीं। जिंदगी में एड्रेस पाने का यह पहला मौका आया था सो इस तरह तबाहोबर्बाद कर दिया। ईडियट कहीं की!”

इसके बाद, मरनेवाली तो खैर, मर ही चुकी थी मगर जो भी मातम-पुरसी के लिए मुँह बिसूरते हुए आए, उन्‍हें भी रायबहादुर साहब की डाँट खानी पड़ी। जो कहता कि साहब सुनकर बड़ा दुख हुआ, उससे ही कहते, “आपको दुख करने की जरूरत क्‍या है? मुझे कोई दुख नहीं हुआ। जो आदमी पैदा होता है, उन सबको एक साथ फौरन मर जाना चाहिए। जाइए, मेरे यहाँ मातम-पुरसी के लिए आने की जरूरत नहीं।”

छोटी लड़की की शादी उन्‍होंने पत्‍नी की मृत्‍यु के तीन महीने बाद पूर्व निश्‍चय के अनुसार ही की। स्‍वयं ब्‍याहनेवाली लड़की और उनके पुत्र को इसमें आपत्ति थी, मगर उन्‍होंने किसी की एक न सुनी, कहा, “आई हैव नो रिगार्ड फॉर योर मम्‍मी। शी वाज एक परफेक्‍ट फूल!” लड़की की शादी बड़ी धूमधाम से की। एक आई.सी.एस. के बेटे को अपना दामाद बनाया और बहुत कुछ दान-दहेज देकर रिटायर होने के बाद भी रोब जतलाया।

लड़का रमेश तब एम.ए. फाइनल में पढ़ रहा था। नामी तेज था; सदा फर्स्‍ट क्‍लास रेकार्ड रहा। एम.ए. के बाद आई.ए.एस. में बैठनेवाला था। लड़कीवाले अनेक व्‍यक्ति रमेश की माँग करने के लिए रायबहादुर की सेवा में आने लगे। रायबहादुर गिर्राज को अब मातहत क्‍लर्कों पर न सही तो बे‍टीवालों पर ही चुरुट का रोब झाड़कर भरपूर संतोष मिल जाता था। दहेज के मामले में वे पक्‍के मॉडर्न थे यानी पच्‍चीस हजार माँगते थे। एकाध पिछले जानकार ने दुहाई दी कि आप तो दहेज के विरुद्ध थे, उसको पुरानी प्रथा बतलाते थे तो बोले, “साहब, जब मुझ से बड़े अफसर, आई.सी.एस. आदमी, यानी मेरे समधी साहब, दहेज लेने को मॉडर्न प्रथा मानते हैं तो मैंने भी अपने विचार बदल दिए हैं। निहायत साइंटिफिक बात है कि आपको दामाद चाहिए और मुझे 25 हजार रुपया। मेरा रमेश आई.ए.एस. पास करेगा। आप अपनी लड़की का फ्यूचर देखकर अगर इतनी रक्‍कम देना स्‍वीकार करते हैं तो बैठिए, वरना मेरी कुरसी की गद्दी मैली मत कीजिए।”

वे ऐसी लड़की चाहते थे, जो सुंदर हो, बी.ए. हो, गाती नाचती हो, सीना-पिरोना-बुनना जानती हो, अंग्रेजी में फटाफट बात करें। अफसर किस्म के मॉडर्न मेहमानों की खातिर करने में तमीजदार हो और ऊपर से उसका बाप नगद पच्‍चीस हजार रुपये भी दे जाए। बिरादरी के कई अच्‍छी हैसियतवाले बेटियों के बापों के चेहरे रायबहादुर गिर्राज के चुरुट की अकड़ से धुआँ-छुआँ हो गए।

एक दिन इनके द्वारा नौकर रखाए गए पुराने मातहत एक सजातीय बाबू देवीशंकर पधारे। गिर्राज की महिमाओं का बखान करते हुए उन्‍होंने कहा, “सर, मैं आपकी च्‍वायस को जानता हूँ और एक लड़की मेरी नजर में है।”

इन बाबू के साथ उन्‍होंने रीता को देखने का अवसर पाया। रीता रायसाहब चमनलाल की इकलौती बेटी थी। रायसाहब चमनलाल ने अपने जमाने में बड़े ऐश, बड़े नाम किए। वे शहर की तवायफों के सरताज थे, रेस के घोड़ों के सरपस्‍त थे और बड़े ही औला-पौला आदमी थे। अपने जीवन-काल में लाखों कमाए और लाखों फूँके। एक लड़की हुई, उसे बड़े लाड़ से पाला-पोसा, पढ़ाया। हाई स्‍कूल तक रीता ने परीक्षाओं तथा वाद-विवाद और नृत्‍य-प्रतियोगिताओं में अनेक पुरस्‍कार प्राप्‍त कर अपने पिता को संतुष्‍ट किया था। रायसाहब विधुर थे, रीता की एक विधवा मौसी उनकी लड़की की देखभाल करने के लिए उनके यहाँ रहती थी, सो तब तरह से उनकी ही हो गई थी। रायसाहब ने आँख मूँदकर अपना घर अपनी रक्षिता साली को सौंप रक्‍खा था।

बाद में रायसाहब चमनलाल की जन्‍मकुंडली के ग्रह-नक्षत्र पहटे, बड़ा घाटा आया। दिवालिए होने की नौबत आ गई। अपनी लड़की के वास्‍ते कुछ रकम बचाने की नीयत से उन्‍होंने एक बँगला अपनी साली के नाम से खरीदा और लगभग एक लाख रुपया नगद और जेवरों के रूप में बचाकर उसी के नाम से जमा करवा दिया। फिर रायसाहब दिवालिए हो गए और जिस दिन उन्‍हें अपनी महलनुमा कोठी सदा के लिए छोड़नी थी, उस दिन उन्‍होंने गहरे नशे में अपनी कनपटी पर रिवाल्‍वर रखकर अपनी इहलीला समाप्‍त कर दी। रायसाहब की मृत्‍यु के बाद मौसी सयानी हो गई और रीता अनाथ।

लड़की देखने गए तो उसकी दो चोटियों में ति‍तलियों जैसे रिबन देखकर रायबहादुर साहब के पेंशन प्राप्‍त जीवन में नई रस की गुलाबी आई। अनेक वर्षों का सोया हुआ मॉडर्न पत्‍नी का अभाव जाग उठा। लड़की रीता बातचीत में तेंज, आँखें नचाने में बाकमल और हँसने में बिजली थी। देखकर लौटे तो रास्‍ते में देवीशंकर से बोले, “लड़की तो अच्‍छी है और दहेज का भी मुझे कोई खास नहीं, क्‍योंकि तुम तो जानते ही हो कि मैं इन सब मामलों में बड़ा मॉडर्न हूँ। खाली एक प्रयोजन हैं के – अ – क्‍या नाम के, आई मीन, तुम्‍हारा क्‍या खयाल है, देवीशंकर, अभी तो मैं भी शादी कर सकता हूँ?”

देवीशंकर रायबहादुर को घूरते लगे। मुँह पर खुशामद से ‘हाँ’ के बजाय ‘ना’ भला क्‍यों कर कहते। मौसी के लिए इससे बढ़कर कोई शुभ संवाद न हो सकता था। अठारह वर्ष की आयु की रीता छप्पन वर्षीय रायबहादुर गिर्राजकिशन की पत्‍नी बनी।

और इसके बाद की तमाम बातें अपने क्रम में बढ़ गईं। रीता ने प्रथम दिन से ही अपने पति से कोई संबंध न रक्खा। हठपूर्वक अपने कमरे के अंदर बंद रही। रायबहादुर रुपये-पैसे, गहनों और खुशामदों की बड़ी-बड़ी नुमायशें लगाकर हार गए। फिर एक दिन फुल्‍ली ने बतलाया कि रमेश और रीता रायबहादुर द्वारा स्‍थापित संबंध को भूलकर परस्‍पर नया संबंध स्‍थापित कर रहे हैं। रायबहादुर आग हो गए। रमेश तब एम.ए. के अंतिम वर्ष में पढ़ रहा था। पिता ने क्रोध में अंधे होकर उस पर प्रहार किया और घर से निकाल दिया। रीता तब भी उनकी न हुई।

रमेश को दो महीने बाद ही दिल्‍ली में कोई नौकरी मिल गई और उसके महीने-भर बाद ही रीता रायबहादुर के घर से गायब होकर दिल्‍ली पहुँच गई। जाने से पूर्व वह एक अलबेला काम कर गई थी। मुहल्‍ले के पच्‍चास घरों में हर पते पर उसका लिखा पोस्‍टकार्ड उसके गायब होने के दूसरे ही दिन पहली डाक से पहुँचा। उसमें मात्र इतना ही लिखा था- “बाबू गिरिराजकृष्‍ण ने मुझे जबरदस्‍ती अपनी पत्‍नी बनाया था, मगर मैंने उन्‍हें कभी अपना पति न माना और न अपना धर्म ही दिया। विवाह से पहले मुझे बतलाया गया कि मैं उनके पुत्र को ब्‍याही जाऊँगी। तब से मैंने उनके पुत्र को ही अपना पति माना; इस घर में आकर भी उन्‍हें ही भगवान की साक्षी में अपने को सौंपा और अब मैं अपने पति के पास ही जा रही हूँ।”

रीता के भागने से रायबहादुर बाबू गिर्राजकिशन को इतना कष्‍ट नहीं पहुँचा था, जितना कि उसके द्वारा भेजे गए इस सार्वजनिक पत्र से वे दुखी हुए। इसके बाद रायबहादुर का जीवन बदल गया। उनमें पूजा-पाठ और आस्तिकता की भावना जागी, साथ ही अकेलापन भी हठ पकड़ गया। पिछले आठ वर्षों में वे एक दिन भी अपने घर से बाहर निकलकर कहीं न गए। लेन-देन का काम करते थे, वह भी धीरे-धीरे समाप्‍त कर दिया। मुहल्‍ले में किसी से भी संपर्क न रक्‍खा। पिछले कुछ दिनों से बीमार थे, मगर मुहल्‍लेवाले उनकी हालत देखने-पूछने भी न गए, जाते तो मिलते भी नहीं और अचानक मेरे पास अब यह पत्र आया।

हम सभी मुहल्‍लेवाले एकाएक यह निर्णय न कर पाए कि इस स्थिति में क्‍या करना चाहिए। वैद्यजी और बड़े बाबू इस पक्ष में थे कि पुलिस को सूचना दे दी जाए और इस पत्र को लिखी हुई बातों का अमल भी कानून के हाथों ही हो, परंतु मैं तो मृत व्‍यक्ति की अंतिम इच्‍छा पूरी करने के पक्ष में था। रायबहादुर कैसे भी रहे हों, इसी मुहल्‍ले के थे। कइयों को उन्‍होंने कभी नौकरियाँ भी दिलाई थीं, उपकार किया था। इंजीनियर साहब भी मेरे ही मत के थे। बाद में सभी राजी हो गए। मुहल्‍ले के एक मित्र के पास रमेश के पत्र आया करते थे। उसी से पता लेकर तार भेजा गया, जिसमें यह स्‍पष्‍ट लिख दिया था कि यदि कल प्रातःकाल तक तुम स्‍वयं अथवा तुम्‍हारा पत्र उत्तर न आएगा तो रायबहादुर की अंत्‍योष्टि क्रिया मुहल्‍लेवालों द्वारा ही पंचनामें से संपन्‍न कर दी जाएगी।

सुबह चार बजे तार का जवाब आया कि रमेश टैक्‍सी द्वारा दिल्‍ली से चल रहा है और सुबह तक पहुँच जाएगा। प्रातःकाल करीब-करीब सभी मुहल्‍लेवाले रायबहादुर के घर पर उ‍पस्थित थे, तभी टैक्‍सी दरवाजे पर रुकी। रमेश, रीता और तीन बच्‍चे उतरे। रमेश के मुँह पर तो सामाजिक लज्‍जा और संकोच की मलिन छाया थी, परंतु रीता का चेहरा सतेज और निर्विकार था।

रीता के आने का संवाद पाकर अनेक स्त्रियाँ कौतूहलवश आ गईं। रीता ने रायबहादुर की लाश के पास अपनी चूड़ियाँ तोड़ीं और माँग का सिंदूर पोंछा। रमेश ने पिता का अंतिम संस्‍कार किया। स्त्रियाँ रीता से तरह-तरह के प्रश्‍न करती थीं, परंतु वह कोई उत्तर न देती थी। क्रियाकर्म इत्‍यादि में रायबहादुर के सजा‍तीय, नाते-रिश्‍तेदार आदि बहुत कम आए। ब्रह्मभोज में गरीबी से एकदम टूटे हुए ब्राह्मण ही आए। किसी प्रकार क्रियाकर्म समाप्‍त हुआ। रमेश के वहाँ से चलने का समय आया।

मैंने रायबहादुर के अंतिम पत्र के अनुसार संभ्रांत मुहल्‍लेवालों के साथ रीता-रमेश को बुलाकर सबके सामने उनका वह अंतिम पत्र पढ़ा और वह तकिया, जो मुहरबंद पेटी में मैंने रखवा दिया था, खुलवाया। फुल्‍ली और नौकरों को रायबहादुर की इच्‍छानुसार रुपये दे दिए गए। रायबहादुर की अंतिम माँग पर रीता का निर्णय सुनने के लिए हम सभी उत्‍सुक बैठे थे। रीता बोली, “मैं धर्म और ईश्‍वर के सम्‍मुख सच्चरित्र हूँ। मैंने अपने तन-मन से उन्‍हें सदा ससुर ही माना। धार्मिक कानून की जिस मजबूरी से उन्‍होंने मुझे अपनी पत्‍नी बनाया था, उसे मैंने विधिवत उनकी लाश को सौंप भी दिया। उनकी चूड़ियाँ, उनका सिंदूर उन्‍हें सौंपा, लेकिन मेरी चूड़ियाँ, मेरा सिंदूर अक्षय है।” कहकर उसने देर से अपने हाथ के नीचे दबी हुई रूमाल की पोटली को उठाया, उसमें हरी चूड़ियाँ थीं और एक चाँदी की डिबिया थी। चूड़ियाँ पहनीं और डिबीया खोलकर रमेश की और रखते हुए बोली, “जिन्‍होंने मेरी गोद भरी है, उन्‍होंने मेरी माँग भी भरी है – लीजिए मेरी माँग भर दीजिए।”

रमेश ने रीता की माँग में सिंदूर की रेखा खींच दी। फिर रीता बोली, “घर के संबंध में मुझे केवल यही कहना है कि अगर आप पाँच पंच मुझे दुश्‍चरित्र मानते हों तो उसे धर्मशाला बना दीजिए।”

हममें से कोई खम ठोंककर एकाएक यह नहीं कह पाया कि रीता दुश्‍चरित्र है। मैंने अनुभव किया कि सभी के मनों को इस प्रश्‍न से धक्‍का लगा था। अपने परंपरागत धार्मिक, सामाजिक संस्‍कारों के कारण हम रीता को सचरित्रा मानने से भी मन ही मन हिचकते थे, पर यों क्‍या कहें।

रीता हमारी हिचक पर एक बार कहकर उठ गई। उसने कहा, “मुझे रायबहादुर साहब का घर और दस हजार रुपये पाने की इच्‍छा नहीं। मेरे पति ने मुझे सुहाग की छाँव दे रक्‍खी है। लेकिन मैं आपके सामने कसौटी रखती हूँ – बोलिए घर किसका है?”

घर को छोड़कर बाकी सब सामान के साथ रमेश, रीता और उनके बच्‍चे दिल्‍ली चले गए। हम अभी तक कोई निर्णय नहीं कर पाए। घर की चाभी मेरे पास है। वह तोले डेढ़ का लोहे का टुकड़ा इस समय मेरे मन-प्राणों का बोझ बना हुआ है।